कर्म का उपदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कर्म का उपदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

कर्म की अनिवार्यता


जब कर्म अनिवार्य हैं तब उन्हें व्यवस्थित, मर्यादित और प्रयोजनपूर्वक करना चाहिए। प्रयोजन में भी चार बातें ध्यान करने लायक हैं। एक तो यह कि इससे लोक का भला होता है। दूसरे, इससे अन्तःकरण की शुद्धि होती है, तीसरे, इससे परमेश्वर प्रसन्न होते हैं। चौथे इसको पूरा करना हमारा कर्तव्य है, वैसे किसी काम को पूरा करना अपने वश की बात नहीं। यह भी एक कामना ही है। यदि भगवती भागीरथी ब्रह्मलोक से धरती पर आ सकती हैं तो हमारी दूसरी, तीसरी पीढ़ी भी हमारे अधूरे काम को पूरा कर सकती है। अपने से जितना सम्भव हो सके उतना करते चलना चाहिए।

कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणैः।

काम करने का ढोंग बिलकुल नहीं करना चाहिए। ढोंग क्या है? यही कि हम चाहते तो हैं सब कुछ परन्तु बोलते हैं कि हमको कुछ नहीं चाहिए। ढोंग का पता कर्म से भी चलता है। मैं निष्काम हूँ, कहने मात्र से मनुष्य निष्काम नहीं होता। जब वह अपनी कामना का सदुपयोग करता है तब निष्काम होता है। पहले शुभकामना होना चाहिए फिर भगवत्प्राप्ति की कामना होनी चाहिए और फिर भगवान मिले-मिलाये हैं- यह ज्ञान हो जाने पर कामना की निवृत्ति करनी चाहिए। कामना अपने हाथ में नहीं कि जब हम चाहेंगे तब उसको उठाकर फेंक देंगे। क्रम-क्रम से अभ्यास करने पर ही निष्कामता आ सकती है।


अब फिर यह प्रश्न उठा कि कार्य कैसे करना चाहिए? इसका उत्तर श्रीकृष्ण देते हैं कि मनसे इन्द्रियों को वश में करके कर्म करना चाहिए-


यस्त्विन्द्रराणि मनसा नियम्यारभतेऽर्जुन।

कर्मेंन्द्रियै कर्मयोगमसक्त स विशिष्यते॥


विशिष्ट कर्ता अथवा अच्छा काम करने वाला वही है जो किसी कर्म में आसक्त नहीं होता। उसे इन्द्रियों की चर्चा में नहीं पड़ना चाहिए। खाने-पीने की व्यवस्था तो जीवन में होनी ही चाहिए, अन्यथा अपने आपको ही मार डालेंगे। ऐसा भोग जो कर्म-शक्ति का ही लोप कर दे, वर्जित है। ऐसी दवा भी जिसको खाने से दो-चार-दस दिन तो लाभ प्रतीत हो, अच्छा भोग मिले, बाद में भोग-शक्ति का ही लोप हो जाये, निषिद्ध है। हमें तो ऐसी खुराक चाहिए जिससे मेधा प्राप्त हो, बुद्धि प्राप्त हो।


ये छह बातें ध्यान में रखने योग्य हैं-

पहली, यदि आप सिद्धि चाहते हैं तो भी कार्य करना चाहिए।

दूसरी, केवल कर्मत्याग से कोई सिद्धि नहीं मिलती।

तीसरी, बिना कर्म किये कोई रह नहीं सकता।

चौथी, वासना रखकर कर्म छोड़ दोगे तो पतन हो जायेगा।

पाँचवी, वासना मिटाने के लिए व्यवस्थित कर्म अपेक्षित है।

छठी, कर्म के अभाव में मनुष्य का जीवन चल ही नहीं सकता। इस पर थोड़ा और विचार करें। यदि कर्म नहीं होगा तो शरीर की यात्रा चल ही नहीं सकती-


शरीरयात्रापि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मण: ॥

शरीर में कर्म-ही-कर्म हो रहे हैं। जिस प्रकार अपने आप पलक गिरती है, साँस चलती है उसी प्रकार शरीर के प्रत्येक अवयव में कुछ-न-कुछ क्रिया होती रहती है। क्रिया के साथ विक्रिया भी होती है। विक्रिया का अर्थ है विकार। बच्चे जवान हो रहे हैं, जवान बूढ़े हो रहे हैं। काले बाल सफेद हो रहे हैं। ये सब क्या हैं? यही कि प्रकृति के नियमानुसार इस शरीर में स्वतः परिवर्तन हो रहे हैं। हम क्रिया के माध्यम से जीवन धारण करते हैं। परन्तु विक्रिया निसर्ग के नियमानुसार स्वयं होती है। क्रिया का कर्ता होता है और विक्रिया स्वाभाविक होती है। यदि हम स्वभाव पर छोड़ देंगे तो जीवन में सत्त्वगुण से रजोगुण और राजेगुण से तमोगुण आ जायेगा।

हमारे एक मित्र हैं। उन्होंने देखा कि सड़क पर एक कोढ़ी आदमी है। उसकी साँस भी तेज चल रही है। वह दमे का रोगी है। उनके हृदय में बहुत दया आयी और वे उसको उठाकर अपने घर ले आये। उसको स्नान कराया, वस्त्र पहनाया, बढ़िया भोजन खिलाया, आराम कराया। अब उसके मन में आया कि आज मैंने बहुत बढ़िया काम किया।

वास्तव में उन्होंने अच्छा किया। दया सत्त्वगुण है। परन्तु उनका यह विचार कि उन्होंने इतना अच्छा काम किया कि जो दूसरे नहीं कर सकते। उनके कर्तृत्वाभिमान का कारण बन गया। दया के बाद अभिमान आया जिससे उन्होंने अपने आप को बड़ा समझा। फिर उनकी दृष्टि उस कोढ़ी की गन्दगी पर गयी कि इसके शरीर से तो पीब निकल रही है, हमारा घर गन्दा हो रहा है। अब उनके हृदय में उस रोगी के प्रति घृणा हो गयी। उन्होंने उसको घर से बाहर कर दिया। इस प्रकार घृणा में तमोगुण और अभिमान में रजोगुण आ गया।

मनुष्य का जो मन है, वह स्वभाव से ही सत्त्व से रज में और रज से तम में जाता रहता है। किन्तु यदि हम इसमें भगवत्सेवा की भावना जोड़ दें और यह समझे कि हमने उस रोगी का कोई उपकार नहीं किया; बल्कि भगवान की सेवा की है और वह भी ऐसी सेवा नहीं की, जो दूसरे नहीं कर सकते, तो बात बदल जाती है। इस विशाल संसार में कितने कोढ़ी हैं, कितने दमे के रोगी हैं, कितने विकलांग हैं, इस पर आपकी दृष्टि जायेगी तो आप अनुभव करेंगे कि आपने जो एक रोगी की सेवा की वह कोई बहुत बड़ी सेवा नहीं, और न इसकी कोई क़ीमत है।

यदि आप समग्रता पर, ईश्वरता पर ध्यान रखेंगे तो आपका सत्त्वगुण-रजोगुण और तमोगुण के रूप में परिवर्तित नहीं होगा तथा आपकी दया घृणा न बन सकेगी। हमारा यही कर्म है, यही पौरुष है कि हम दया को घृणा न बनने देंगे। दया आना स्वाभाविक है, घृणा आना भी स्वाभाविक है। परन्तु आपका पौरुष यह है कि आप अपने जीवन में अभिमान न आने दें और अपने कर्तव्य को ठीक-ठीक पूरा करते चलें। भगवान ने यह सृष्टि ऐसी बनायी है कि इस पर आपका ध्यान जाये और आप इससे प्रेरणा ग्रहण करें। सूर्य सबको निरन्तर रोशनी देता है। उसके रूप में स्वयं ईश्वर प्रकट होकर कर्म-यज्ञ का आदर्श उपस्थित करता है। यज्ञ माने यजन, पूजन। अतः हमें इस बात का ध्यान करना चाहिए कि हमारे कर्म, यज्ञ के किस देवता का भजन-पूजन कर रहे हैं।


सहयज्ञा: प्रजा सृष्ट्वा पुरोवाच प्रजापति: ।

अनेन प्रसविष्यध्वमेष वोऽस्तिष्टकामधुक् ॥[


यज्ञ के सम्बंध में एक वेदमन्त्र है ‌-


स्वस्ति पंथामनुचरेम सूर्या चंद्रमसाविव


पुनर्ददता घ्नता जानता संगमेमहि।


इसका तात्पर्य है कि हम इस जीवन में सूर्य के समान प्रकाश देते हुए और चन्द्रमा के समान चाँदनी बरसाते हुए निरन्तर चलते रहते रहें। हम अपने मित्रों को पहचानें, सत्पात्र को दान दें और किसी को दुःख न पहुँचावें। यही यज्ञ की प्रणाली है। यह प्रकट हुआ कि पृथ्वी के रूप में यह सबको फूल देती है, पौधा देती है। हरे-हरे वृक्ष पृथ्वी के वैभव हैं। ये हमारी आँखों को शीतलता देते हैं, नासिका को सुगन्ध देते हैं, प्राणों को शक्ति देते हैं, हमारे हित के लिए आकाश में फैली हुई अच्छाइयों को आकृष्ट करके धरती पर ले आते हैं और पानी बरसाते हैं। यज्ञ केवल अग्नि में आहुति देने का नाम नहीं, वह भी यज्ञ है। पृथ्वी जब गुलाब, चमेली, मालती, माधवी आदि के फूलों को खिलाती है और उसके द्वारा सृष्टि में जो सुगन्ध फैलती है वह क्या आपके हवन के धुएँ से कुछ कम है? जब हमारे हृदयों को तर कर रहा है, आप्यायन दे रहा है। तेज हमें शक्ति दे रहा है। सूर्य-चन्द्रमा रोशनी दे रहे हैं। वायु सांस दे रहा है। आकाश अवकाश दे रहा है। इस प्रकार यह सारी सृष्टि हमारे लिए एक यज्ञ क्रिया है।


हमारा जन्म ही यज्ञ के साथ हुआ है। भगवान ने कहा कि इस संसार को देखो और यहाँ प्रकृति द्वारा जो यज्ञ हो रहा है उससे प्रेरणा ग्रहण करके आगे बढ़ो। प्रसविष्यध्वम् का अर्थ है खूब बढ़िया-बढ़िया फल आपके जीवन में प्रकट हों। प्रजापति ने आदेश दिया कि आप यज्ञ करेंगे तो आगे बढ़ेंगे, देंगे तब प्राप्त करेंगे, प्रेम करेंगे तो आपको प्रेम मिलेगा, सेवा करेंगे तो सेवा मिलेगी।


देवान्भावयतानेन ते देवा भावयन्तु व: ।

परस्परं भावयन्त: श्रेय परमवाप्स्यथ ॥


मन और कर्म



त्रिगुण के संबंध में, तथा उच्चतम सात्त्विक साधना अपनी परिणति के समय अपने को अतिक्रम करके जिस त्रिगुणातीत स्थिति की ओर ले जाती है उसके संबध में यह जो मुलभूत विचार है उसके प्रकाश में गीता ने कर्म का जो विश्लेषण किया है वह अभी पूर्ण नहीं हुआ है। किसी स्वयं-विकसनशील कर्म के पीछे, विशेषकर कर्मों के द्वारा जीव को अपना पूर्ण अध्यात्म-विकास साधित करने के पीछे जो प्रधान तत्त्व,जो अपरिहार्य शक्ति विद्यमान रहती है वह है श्रद्धा-जिस सत्य के हमें दर्शन हुए हैं उसपर विश्वास करने, स्वयं वही बन जाने, उसे जानने, जीवन में उतारने तथा कार्य-रूप में परिणत करने का संकल्प। परंतु इसके साथ ही कुछ ऐसी मानसिक शक्तियां, कुछ करणोपकरण एवं अवस्थाऐं भी हैं जो कर्म के वेग, दिशा तथा स्वरूप का निर्धारण करने में सहायक होती हैं और अतएव वे इस आभ्यंतरिक साधना के पूर्ण रूप से समझने में महत्त्व रखती हैं। गीता पहले इन चीजों का संक्षिप्त मनोवैज्ञानिक विश्लेषण करती है और फिर वह अपने उस महान् चरम सिद्धांत की ओर अग्रसर होती है जो उसकी संपूर्ण शिक्षा की परिणति है, एक उच्चतम रहस्य है, आध्यात्मिक रूप से सब धर्मों के ऊपर उठ जाने तथा दिव्य परात्परता लाभ करने का रहस्य है।


हमें उसके संक्षिप्त वर्णनों का अनुसरण करते हुए इन चीजों का निरूपण संक्षेप से ही करना होगा और विस्तार केवल उतना ही करना होगा जितना प्रधान विचार को पूर्ण रूप से हृदयंगम करने के लिये आवश्यक हो; क्योंकि ये गौण वस्तुएं हैं परंतु फिर भी प्रत्येक अपने स्थान में तथा अपने प्रयोजन के लिये अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। त्रिगुण के विशिष्ट सांचे में ढली हुई इनकी जो क्रिया होती है उसी को हमें मूल के संक्षिप्त वर्णनों में से बाहर निकालकर प्रकट करना है; गुणों से परे इनमें से कियी की या प्रत्येक की परिणति का क्या स्वरूप होगा यह सामान्य त्रिगुणातीत अवस्था के स्वरूप से स्वयमेव स्पष्ट हो जायेगा। विषय के इस अंश की चर्चा अर्जुन के एक अंतिम प्रश्र के द्वारा आरंभ की गयी है जिसमें वह पूछता है कि संन्यास और त्याग का क्या तत्त्व है तथा इनमें भेद क्या है। गीता ने जो इस महत्त्वपूर्ण भेद का राग पुनः-पुनः अलापा है, इसपर जो बारंबार बल दिया गया है उसका औचित्य परवर्ती भारतीय मन के उत्तरकालीन इतिहास के द्वारा यथेष्ट रूप से प्रमाणित होता है, क्योंकि वहाँ हम देखते हैं कि भारतीय मन इन दो अत्यंत विभिन्न चीजों में लगातार गड़बड़ घोटाला करता आया है और गीता ने जिस भी प्रकार के कर्म की शिक्षा दी है।


उसे इस रूप में नीचा दिखाने की इसकी प्रबल प्रवृत्ति रही है कि वह, अधिक-से-अधिक संन्यास के परम नैष्कर्म्य का प्रारंभिक पग मात्र है। सच पूछो तो, जब लोग त्याग की बात करते हैं तब वे इस शब्द का जो अर्थ समझते हैं या कम-से-कम इसके जिस अर्थ पर वे बल देते हैं, वह सदा जगत् का बाह्य त्याग ही होता है, जबकि गीता का विचार इसके नितांत विपरीत है और वह यह कि वास्तविक त्याग की भित्ति है जगत् में कर्म करना और जीवन-यापन करना न कि जगत् से भागकर मठ-मंदिर, गुहा-कंदरा या गिरि-श्रंग की शरण लेना। वास्तविक त्याग है कामना को त्यागकर कर्म करना और वास्तविक संन्यास भी यही है। निःसंदेह, सात्त्विक आत्म-साधना की मोक्षजनक क्रिया त्याग की भावना से ओतप्रोत होनी चाहिये-यह एक अपरिहार्य तत्त्व हैः परंतु वह त्याग क्या है और त्याग की आत्मिक भावना कैसी होनी चाहिये? जगत् में कर्म का त्याग नहीं, कोई बाह्य तपस्या या भोग के ऊपरी त्याग का कोई बाह्य आडंबर नहीं, बल्कि प्राणिक कामना और अहं का वर्जन वा त्याग, वासनात्मा, अहं-नियंत्रित मन तथा राजसिक प्राण-प्रकृति के पृथक् वैयक्तिक जीवन का पूर्ण विवर्जन, संन्यास। योग के शिखरों पर आरोहण करने के लिये यही सच्ची शर्त है, भले ही वह आरोहण निर्व्यक्तिक आत्मा एवं ब्राह्मी एकता के द्वारा हो या विश्वव्यापी वासुदेव के द्वारा हो अथवा, आभ्यंतरिक रूप से, परम पुरुषोत्तम के भीतर हो। अधिक रूढ़ एवं शास्त्रीय दृष्टि से देखा जाये तो मनीषिगण की प्रचलित भाषा में संन्यास का अर्थ है कर्मों का भौतिक संन्यास या भौतिक परिवर्जनः मानसिक और आध्यातिमक त्याग को ज्ञानी जनों ने त्याग का नाम दिया है, अर्थात् त्याग का मतलब है अपने कर्मों के फल के प्रति, स्वयं कर्म के प्रति या उसके व्यक्तिगत आरंभ या उसकी राजसिक प्रेरणा के प्रति समस्त आसक्ति का पूर्ण परित्याग-गीता के अनुसार संन्यास और त्याग में यही भेद है। उस अर्थ में संन्यास नहीं त्याग ही श्रेयस्कर मार्ग है। जिस चीज का त्याग करने की आवश्यकता है वह काम्य कर्म नहीं बल्कि कामना है जो कर्म को वह काम्य या कामनात्मक रूप दे देती है। कर्मों के प्रभु के विधान में कार्य का फल प्राप्त हो सकता है। किंतु कर्म करने के पुरस्कार या उसकी शर्त के रूप में फल की कोई अहंपूर्ण मांग बिलकुल नहीं होनी चाहिये। 


अथवा यह भी हो सकता है कि फल बिलकुल मिले ही नहीं और फिर भी हमें एक कर्तव्य कर्म के रूप कर्म करना ही चाहिये, एक ऐसे कर्म के रूप में जिसकी मांग हमारे अंतःस्थ प्रभु हमसे करते हैं। सफलता और विफलता उन्हीं के हाथ में है और इन्हें वे अपने सर्वज्ञ संकल्प तथा प्रयोजन के अनुसार निर्धारित करेगें। इसमें संदेह नहीं कि अंत में कर्म का, कर्म मात्र का त्याग करना होगा, परंतु वह त्याग बाह्य रूप में निवृत्ति निश्चलता या निष्क्रियता के द्वारा नहीं करना होगा; बल्कि आध्यात्मिक रूप में अपनी सत्ता के उन प्रभु के प्रति करना होगा जिनकी शक्ति से कोई भी कर्म निष्पत्र किया जा सकता है। हम ही कर्ता हैं,इस मिथ्या विचार का त्याग करना होगा; क्योंकि वास्तव में विश्व ऊर्जा ही हमारे व्यक्तित्व और अहंभाव के द्वारा कर्म करती है। गीता की शिक्षा के अनुसार, अपने सब कर्मों को आध्यात्मिक रूप से प्रभु तथा उनकी शक्ति को सौंप देना ही सच्चा संन्यास है।


फिर भी यह प्रश्र उठता है कि हमें कौन-कौन से कर्म करने चाहिये? जो लोग संपूर्ण बाह्य त्याग का पक्ष लेते हैं वे भी इस गहन विषय में एकमत नहीं। कुछ लोग यह कहेंगे कि सभी कर्मों को हमें अपने जीवन से बाहर निकाल फेंकना चाहिये, मानों ऐसा करना संभव नहीं; न ही मुक्ति इस बात में हो सकती है कि हम अपनी सक्रिय सत्ता को समाधि के द्वारा लोष्ट और पाषाण की-सी निर्जीव निश्चलता में परिणत कर दें। समाधि की निश्चल-नीरवता से भी इस समस्या का समाधान नहीं होता, क्योंकि ज्यों ही शरीर के अंदर फिर से सांस चलने लगता है, त्यों ही हम एक बार पुनःकर्म-क्षेत्र में आ पड़ते हैं और आध्यात्मिक सुषुप्ति के द्वारा हमने जो यह मुक्ति प्राप्त की थी उसके शिखरों से एक बार फिर नीचे लुढ़क आते हैं। परंतु सच्ची मुक्ति, अहं के आभ्यंतरिक त्याग तथा पुरुषोतम के साथ ऐक्य-लाभ के द्वारा उपलब्ध मुक्ति हर प्रकार की अवस्था में स्थिर बनी रहती है, वह इस लोक में या इसके बाहर किंवा समस्त लोकों में या समस्त लोकों के बाहर स्थिर बनी रहती है, वह स्वयं-स्थित है, सर्वथा वर्तमानोऽपि, वह नैष्कर्म्य या कर्म पर निर्भर नहीं करती। तो फिर वे कर्म कौन से हैं जो हमें करने ही होंगे?



त्रिगुण, श्रद्धा और कर्म

 



जिस धर्म, दर्शन, नैतिक नियम, सामाजिक विचार, सांस्कृतिक विचार में मैं श्रद्धा रखता हूँ वह मुझे मेरी अपनी प्रकृति तथा इसके कर्मों के लिये एक विधान प्रदान करता है, सापेक्ष सदाचार का अथवा आपेक्षित या ऐकांतिक पूर्णता का एक विचार प्रदान करता है और मुझमें जितनी सच्चाई होती है, उस विधान में मेरी श्रद्धा जितनी पूर्ण होती है और उस श्रद्धा के अनुसार जीवन-यापन करने का मेरा संकल्प जितना तीव्र होता है, उतना ही मैं वही कुछ बन सकता हूँ जो कुछ बनने के लिये वह मुझसे कहता है, उतना ही मैं अपने-आपको उस सत्य विधान की प्रतिमूर्ति में या उस पूर्णता के आदर्श दृष्टांत के रूप में परिणत कर सकता हूँ। परंतु हम देखते हैं कि मनुष्य के अंदर एक अधिक स्वतंत्र प्रवृत्ति भी है जो उसकी कामनाओं के निर्देश से तथा धर्म, बद्धमूल कारण, शास्त्र के सुरक्षित नियामक विधि-विधान को स्वीकार करने से संकल्प से भिन्न है।


यह भी देखा जाता है कि व्यक्ति तो कितनी ही बार और समाज अपने जीवन में किसी भी क्षण शास्त्र से मुंह मोड़ लेता है उससे ऊब जाता है, अपने संकल्प और श्रद्धा-विश्वास के उस रूप को त्याग कर देता है और किसी अन्य विधान की खोज में निकल पड़ता है जिसे वह अब जीवन-यापन का यथार्थ विधान स्वीकार करने तथा सत्ता के एक अतिशय प्राणवन्त या उच्चतर सत्य के रूप में मानने की ओर अधिक झुका हुआ होता है। यह उस समय हो सकता है जब प्रचलित शास्त्र जीवंत वस्तु नहीं रहता और ह्रसति या रूढ़ होकर रीति-रिवाजों और लोकाचारों का ढेर बन जाता है। अथवा यह इसलिये हो सकता है कि शास्त्र अपेक्षित प्रगति के लिये अपर्याप्त प्रतीत होता है या वह उसके लिये पर्वूवत उपयोगी नहीं प्रतीत होता; एक नया सत्य, जीवन-यापन का एक अधिक पूर्ण विधान अनिवार्य रूप से आवश्यक हो जाता है।


यदि वह सत्य विधान विद्यमान न हो तो जाति को अपने प्रयत्न से या किसी महान एवं ज्ञानदीप्त व्यक्ति को, जो जाति की आशा-आकांक्षा का मूर्त प्रतिनिधि होता है, अपनी मनीषा से उसका अविष्कार करना होता है। तब, वैदिक धर्म लोकाचार का रूप धारण कर लेता है और कोई बुद्ध अपने अष्टांग पथ के नये विधान और निर्वाण के लक्ष्य को लेकर आविर्भूत होते हैं; और यहाँ इस बात का उल्लेख किया जा सकता है कि उसे वे एक व्यक्तिगत अविष्कार के रूप में नहीं बल्कि आर्य जीवन के एक ऐसे सत्य विधान के रूप में प्रस्थापित करते हैं।


जिसे बुद्ध, ज्ञानदीप्त मन, प्रबुद्ध आत्म सदैव पुनः-पुनः आविष्कृत करती है। परंतु व्यवहारतः इसका अर्थ यह हुआ कि एक ऐसा आदर्श है, एक ऐसा सनातन धर्म है जिसे धर्म, दर्शन, नीतिशास्त्र तथा मनुष्य की अन्य सब शक्तियां, जो सत्य और पूर्णता की प्राप्ति के लिये यत्नशील हैं, आंतर और बाह्य जीवन की विद्या और कला के नये सिद्धांतों का, एक नये शास्त्र का रूप देने के लिये सदैव प्रयास कर रही हैं। धार्मिक, नैतिक एवं सामाजिक सदाचार के संबंध में मूसा के द्वारा प्रवर्तित धर्म को संकीर्णता एवं अपूर्णता का दोषी ठहराया जाता है, और इसके अतिरिक्त अब वह केवल एक लोकचर बन जाता है; उसके स्थान पर ईसा का धर्म प्रकट होता है और वह एक ही साथ उसका उच्छेद करने तथा जीवन का जो दिव्य विधान उसका लक्ष्य था उसकी मूल भावना को एक गंभीरतर तथा विशालतर ज्योति एवं शक्ति में परिपूर्ण बनाने का दावा करता है। और फिर मानव की खोज यहीं नहीं रूक जाती, बल्कि इन रचनाओं को भी त्याग देती है और किसी ऐसे अतीत सत्य की ओर लौट जाती है जिसे वह छोड़ चुकी थी अथवा वह इन सब विधानों को तोड़-फोड़कर किसी नये सत्य एवं शक्ति की ओर अग्रसर होती है, किंतु सदैव उसी वस्तु की, अपनी पूर्णता के विधान, यथायथ जीवन-यापन के नियम, अपनी पूर्ण, सर्वोच्च और मूलभूत सत्ता एवं प्रकृति की खोज में लगी रहती है। इस खोज किंवा प्रयास का आरंभ करता है व्यक्ति जो प्रचलित विधान से अब और संतुष्ट नहीं होता, क्योंकि वह देखता है कि वह विधान उसकी अपनी सत्ता और जगत-सत्ता के सम्बंध में उसकी अपनी धारणा एवं विशालतम या तीव्रतम अनुभूति से अब और मेल नहीं खाता और अतएव वह उस पर विश्वास तथा आचरण करने के लिये उसमें अपने संकल्प को पहले की तरह नियोजित नहीं कर सकता। वह उसकी जीवन-सत्ता की आंतरिक प्रणाली के अुनरूप नहीं होता, वह उसके लिये ‘सत’ अर्थात कोई ऐसी वस्तु नहीं होता जिसका वस्तुतः अस्तित्व है, न ही वह उसके लिये यथार्थ विधान, उच्चतम या श्रेष्ठ या वास्तवकि कल्याण होता है; वह उसकी सत्ता या समस्त सत्ता का सत्य एवं विधान नहीं होता। शास्त्र व्यक्ति के लिये एक निवैंयक्तिक वस्तु होता है, और वह उसे उसके करणों के संकुचित एवं वैयक्तिक विधान के ऊपर अपना प्रामाणिक विधान प्रदान करता है; पर इसके साथ ही वह समष्टि के लिये वैयक्तिक होता है और उसकी अनुभूति की, संस्कृति या प्रकृति की उपज-स्वरूप होता है। 


वह अपने समस्त रूप और भावना में आत्मा की परिपूर्णता का आदर्श विधान या हमारी प्रकृति के स्वामी का सनातन विधान नहीं होता, भले ही उसके अंदर उस अति महत्तर वस्तु के संकेत, उपक्रम, प्रकाशप्रद आभास कम या अधिक मात्रा में क्यों न विद्यमान हों। व्यक्ति समष्टि को अतिक्रम कर उससे आगे बढ़ा हुआ हो सकता है और एक महत्तर सत्य, एक प्रशस्ततर मार्ग, प्राण-पुरुष के एक गंभीरतर उद्देश्य के लिये प्रस्तुत हो सकता है। उसके अंदर की जो प्रेरणा शास्त्र को छोड़कर चलती है वह सदा उच्चतर गति ही हो यह आव्यश्यक नहीं; वह उस अहंभावमय या राजसिक प्रकृति के विद्रोह का रूप भी ग्रहण कर सकती है जो स्व-परिपूर्णता एवं स्व-उपलब्धि की स्वतंत्रता की अवरोधक प्रतीक होने वाली वस्तु के जुए से मुक्त होना चाहती है। परंतु तब भी वह शास्त्र की किसी संकीर्णता या अपूर्णता के कारण अथवा जीवन के प्रचलित विधान के अवनत होकर केवल एक प्रतिबंधक या निर्जीव आचार बन जाने के कारण प्रायः उचित ही ठहरती है। और इस हद तक वह न्याय संगत है, वह एक सत्य पर आश्रित है, उसके अस्तित्व का एक पर्याप्त और उचित कारण हैः क्योंकि यद्यपि यह सच्चे पथ को नहीं पकड़ पाती तो भी राजसिक अहं की स्वतंत्र चेष्टा लोकाचार के निर्जीव और आग्रहपूर्ण तामसिक अनुसरण से अच्छी होती है, क्योंकि उसके अंदर स्वातंत्र्य और जीवन अधिक मात्रा में होता है।


तामसिक प्रकृति की अपेक्षा राजसिक प्रकृति सदैव अधिक बलशाली तथा अधिक प्रबलतया अनुप्राणित होती है और उसके अंदर संभावनाएं भी अपेक्षाकृत अधिक होती हैं। परंतु शास्त्र का परित्याग करने की यह प्रेरणा मूलतः सात्त्विक भी हो सकती है; उस विशालतर एवं महत्तर आदर्श की ओर झुकी हुई हो सकती है, जो हमें अपनी सत्ता तथा विश्व-सत्ता के अद्यावधि उपलब्ध सत्य की अपेक्षा पूर्णतर एवं बृहत्तर सत्य के अधिक निकट ले जायेगा और अतएव उस उच्चतम विधान के भी अधिक निकट ले जायेगा जो दिव्य स्वातंत्र्य के साथ एकीभूत है। और क्रियात्मक दृष्टि से इस प्रकार की गति या प्रेरणा साधारणतः हमारी अपनी सत्ता के किसी विस्मृत सत्य को अधिकृत करने या अब तक अनुपलब्ध या अचरितार्थ सत्य की ओर अग्रसर होने का प्रयास होती है। यह अनियंत्रित प्रकृति की उच्छृंखल चेष्टा नहीं होती; यह आध्यात्मिक दृष्टि से समीचीन होती है और हमारी आध्यात्मिक प्रगति के लिये आवश्यक और चाहे शास्त्र अभी तक एक प्राणवंत वस्तु हो तथा औसत मनुष्य के लिये सर्वश्रेष्ठ विधान हो।


उसे शास्त्र की रूड़ सीमा-रेखा को पार करने का आह्वान प्राप्त होता है। क्योंकि यह तो सामान्य अपूर्ण मनुष्य के मार्ग-निर्देश, नियंत्रण एवं आपेक्षिक पूर्णत्व के लिये एक विधान होता है और उसे बढ़ना होता है एक अधिक पूर्ण पूर्णतत्त्व की ओरः यह सुनिश्चित धर्मों का शास्त्र होता है और उसे आत्मा के स्वातंत्र्य में निवास करना सीखना होता है। तब भला जो कर्म कामना के निर्देश तथा प्रचलित विधान दोनों से हटकर चलता है उसका सुरक्षित आधार क्या होगा? कारण, कामना के नियम की एक अपनी प्रामाणिकता होती है जो हमारे लिये अब और वैसी सुरक्षित या संतोषजनक नहीं रहती जैसी वह पशु के लिये या जैसी वह आदिम मानवता के लिये रही होगी, परंतु फिर भी अपनी सीमा के भीतर यह हमारी प्रकृति के एक अति जीवंत भाग पर आधारित और उसके प्रबल संकेतों के द्वारा संपुष्ट होती है; इस धर्म किंवा शास्त्र के पीछे रहती है चिर-प्रचलित विधान की समग्र प्रामाणिकता, प्राचीन विधि-विधानों की सफलता और अतीत की सुरक्षित अनुभूति।


परंतु इस नये प्रयास का स्वरूप होता है अज्ञात या ईषत-ज्ञात की ओर शक्तिशाली अभियान, एक साहसिक विकास और एक नूतन विजय। तो फिर वह कौन-सा सूत्र है जिसका अनुसरण करना होगा, वह कौन-सा मार्गदर्शक प्रकाश है जिस पर यह प्रयास भरोसा रख सकता है या हमारी सत्ता के अंदर इसका दृढ़ आधार क्या हो सकता है? इसका उत्तर यह है कि वह सूत्र और आधार हमें मनुष्य की श्रद्धा में मिलेगा; श्रद्धा का मतलब है-जिसे मनुष्य अपनी तथा जगत सत्ता के सत्य के रूप में देखता है या समझता है उस पर विश्वास करने तथा उसके अनुसार जीवन-यापन करने का संकल्प। दूसरे शब्दों में इस प्रयास का अर्थ है-मनुष्य का अपने सत्य स्वरूप, अपने जीवन-विधान, अपनी पूर्णता और सिद्धि के पथ की उपलब्धि के लिये अपनी निज सत्ता के प्रति या फिर अपनी सत्ता या विश्व-सत्ता के अंदर विद्यमान किसी शक्तिशाली एवं अवश्यमान्य वस्तु के प्रति पुकार करना। और सब कुछ निर्भर करता है उसकी श्रद्धा के स्वरूप के ऊपर, अपने अंदर या जिस विश्वात्मा का वह एक अंश या प्राकट्‌य है, उसके अंदर विद्यमान जिस वस्तु के प्रति वह अपनी श्रद्धा अर्पित करता है उसके ऊपर और इसके द्वारा वह अपनी वास्तविक आत्मा तथा विश्व की आत्मा या उसकी वास्तविक सत्ता के कितना निकट पहुँचता है।


इस बात के ऊपर यदि वह तामसिक, मूढ़ एवं मोहाच्छन्न है, यदि उसकी श्रद्धा अज्ञानयुक्त तथा संकल्प अक्षम है तो वह किसी भी वास्तविक वस्तु तक नहीं पहुँच पायेगा तथा अपनी निम्न प्रकृति में जा गिरेगा। यदि वह मिथ्या राजसिक प्रकाशों के प्रलोभन में पड़ गया तो वह अपने स्वेच्छाचारी संकल्प के द्वारा ऐसे उपमार्गों में भटक सकता है, जो उसे दलदल या कगार की ओर ले जा सकते हैं हर हालत में उसके उद्धार का एकमात्र सुयोग इस बात में है कि उसके अंदर सत्त्वगुण फिर से प्रबलता प्राप्त कर ले और वह उसके करणों पर नयी ज्ञानदीप्त नियम-व्यवस्था लागू करे जो उसे उसके स्वच्छंद संकल्प की प्रचंड भ्रांति या उसके तमसाच्छन्न अज्ञान की जड़ भ्रांति सें मुक्त कर देगी। इसके विपरीत यदि उसकी प्रकृति सात्त्विक है और यदि उसे आगे बढ़ने के लिये सात्त्विक श्रद्धा एवं निर्देश प्राप्त है तो एक अद्यावधि-अनुपलब्ध उच्चतर आदर्श-विधान उसे दृष्टिगोचर हो जायेगा, जो उसे किन्हीं विरल प्रसंगों में सात्त्विक प्रकाश से भी ऊपर सत्ता और जीवन की उच्चतम दिव्य ज्योति एवं दिव्य प्रणाली की ओर कुछ दूर तो ले ही जा सकता है। क्योंकि यदि उसके अंदर सात्त्विक प्रकाश इतना प्रबल हो कि वह उसे अपनी चरम सीमा तक ले जाये तो वह उस सीमा से आगे बढ़कर भागवत, विश्वातीत एवं निरपेक्ष सत्ता की किसी प्रथम रश्मि में प्रवेश के लिये मार्ग बनाने में समर्थ होगा।


आत्म-अनुसंधान के सभी प्रयत्नों में ये संभावनाएं विद्यमान हैं; ये इस आध्यात्मिक अभियान की शर्तें हैं। अब हमें यह देखना है कि गीता अध्यात्म-शिक्षा और आत्म-साधना की अपनी सरणि के अनुसार इस प्रश्न का कैसा समाधान करती है क्योंकि अर्जुन तुरंत ही एक ऐसा इंगितपूर्ण प्रश्न करता है जिससे यह समस्या या इसका एक पक्ष उपस्थित होता है वह पूछता है कि जब आदमी श्रद्धापूर्वक परमेश्वर या देवताओं का यजन करते हैं पर शास्त्रविधि का परित्याग कर देते हैं तो वह कौंन-सी निष्ठा है, उनके अंदर भक्ति का वह कौंन-सा एकनिष्ठ संकल्प है जो उनमें यह श्रद्धा उत्पन्न करता है और उन्हें इस प्रकार के कर्म में प्रवृत्त करता है? वह सात्त्विक है या राजसिक या तामसिक? वह हमारी प्रकृति के किस स्तर से सम्बंध रखता है? गीता का उत्तर पहले इस सिद्धांत का प्रतिपादन करता है कि प्रकृति की सभी चीजों की भाँति हमारी श्रद्धा भी त्रिविध होती है और वह हमारी प्रकृति के प्रधान गुण के अुनसार विभिन्न प्रकार की होती है।



योग विषयक समझ

 


सांख्ययोगौ पृथग्बालाः प्रवदन्ति न पंडिताः ।

एकमप्यास्थितः सम्यगुभयोर्विन्दते फलम् ।। 5.4 ।।


बेसमझ लोग सांख्ययोग और कर्मयोग को अलग-अलग फल वाले कहते हैं, न कि पंडितजन; क्योंकि इन दोनों में से एक साधन में भी अच्छी तरह से स्थित मनुष्य दोनों के फलस्वरूप परमात्मा को प्राप्त कर लेता है।


‘सांख्ययोगौ पृथग्बालाः प्रवदन्त न पंडिताः’- इसी अध्याय के पहले श्लोक में अर्जुन ने कर्मों का स्वरूप से त्याग करके तत्त्वदर्शी महापुरुष के पास जाकर ज्ञान प्राप्त करने के साधन को ‘कर्मसंन्यास’ नाम से कहा है। भगवान ने भी दूसरे श्लोक में अपने सिद्धांत की मुख्यता रखते हुए उसे ‘संन्यास’ और ‘कर्मसंन्यास’ नाम से कहा है। अब उस साधन को भगवान यहाँ ‘सांख्य’ नाम से कहते हैं। भगवान शरीर-शरीरी के भेद का विचार करके स्वरूप में स्थित होने को ‘सांख्य’ कहते हैं। भगवान के मत में ‘संन्यास’ और ‘सांख्य’ पर्यायवाची हैं, जिसमें कर्मों का स्वरूप से त्याग करने की आवश्यकता नहीं है। अर्जुन जिसे ‘कर्मसंन्यास’ नाम से कह रहे हैं, वह भी निःसंदेह भगवान के द्वारा कहे ‘सांख्य’ का ही एक अवान्तर भेद है। कारण कि गुरु से सुनकर भी साधक शरीर-शरीरी के भेद का ही विचार करता है।


‘बालाः’ पद से भगवान यह कहते हैं कि आयु और बुद्धि में बड़े होकर भी जो सांख्ययोग और कर्मयोग को अलग-अलग फल वाले मानते हैं, वे बालक अर्थात बेसमझ ही हैं।


जिन महापुरुषों ने सांख्ययोग और कर्मयोग के तत्त्व को ठीक-ठीक समझा है, वे ही पंडित अर्थात बुद्धिमान हैं। वे लोग दोनों को अलग-अलग फल वाले नहीं कहते; क्योंकि वे दोनों साधनों की प्रणालियों को न देखकर उन दोनों के वास्तविक परिणाम को देखते हैं।


साधन प्रणाली को देखते हुए स्वयं भगवान ने तीसरे अध्याय के तीसरे श्लोक में सांख्ययोग और कर्मयोग को दो प्रकार का साधन स्वीकार किया है। दोनों की साधन-प्रणाली तो अलग-अलग है, पर साध्य अलग-अलग नहीं है।


‘एकमप्यास्थितः सम्यगुभयोर्विदन्ते फलम्’- गीता में जगह-जगह सांख्ययोग और कर्मयोग का परमात्मप्राप्ति का रूप फल एक ही बताया गया है। तेरहवें अध्याय के चौबीसवें श्लोक में दोनों साधनों से अपने-आप में परमात्मतत्त्व का अनुभव होना बताया गया है। तीसरे अध्याय के उन्नीसवें श्लोक में कर्मयोगी के लिये परमात्मा की प्राप्ति बतायी गयी है और बारहवें अध्याय के चौथे श्लोक में तथा तेरहवें अध्याय के चौंतीसवें श्लोक में ज्ञानयोगी के लिये परमात्मा की प्राप्ति बतायी गयी है। इस प्रकार भगवान के मत में दोनों साधन एक ही फल वाले हैं।


यत्सांख्यैः प्राप्तये स्थानं तद्योगैरपि गम्यते । 

एकं सांख्यं च योगं च यः पश्यति स पश्यति ।। 5.5 ।। 

अर्थ- सांख्ययोगियों के द्वारा जो तत्त्व प्राप्त किया जाता है, कर्मयोगियों के द्वारा भी वही प्राप्त किया जाता है। अतः जो मनुष्य सांख्ययोग और कर्मयोग को एक देखता है, वही ठीक देखता है। व्याख्या- ‘यत्सांख्यैः प्राप्यते स्थानं तद्योगैरपि गम्यते’- पूर्व श्लोक के उत्तरार्ध में भगवान ने कहा था कि एक साधन में भी अच्छी तरह से स्थित होकर मनुष्य दोनों साधनों के फलस्वरूप परमात्मतत्त्व को प्राप्त कर लेता है। उसी बात की पुष्टि भगवान उपर्युक्त पदों में दूसरे ढंग से कर रहे हैं कि जो तत्त्व सांख्ययोगी प्राप्त करते हैं, वही तत्त्व कर्मयोगी भी प्राप्त करते हैं। संसार में जो यह मान्यता है कि कर्मयोग से कल्याण नहीं होता, कल्याण तो ज्ञानयोग से ही होता है- इस मान्यता को दूर करने के लिये यहाँ ‘अपि’ अव्यय का प्रयोग किया गया है। सांख्ययोगी और कर्मयोगी- दोनों का ही अंत में कर्मों से अर्थात क्रियाशील प्रकृति से संबंध विच्छेद होता है। प्रकृति से संबंध विच्छेद होने पर दोनों ही योग एक हो जाते हैं। साधन काल में भी सांख्य योग का विवेक[2] कर्मयोगी को अपनाना पड़ता है और कर्मयोग की प्रणाली[3] सांख्य योगी को अपनानी पड़ती है। सांख्ययोग का विवेक प्रकृति पुरुष का संबंध विच्छेद करने के लिये होता है और कर्मयोग का कर्म संसार की सेवा के लिये होता है। सिद्ध होने पर सांख्ययोगी और कर्मयोगी- दोनो की एक स्थिति होती है; क्योंकि दोनों ही साधकों की अपनी निष्ठाएँ हैं।[4] संसार विषम है। घनिष्ठ-से-घनिष्ठ सांसारिक संबंध में भी विषमता रहती है। परंतु परमात्मा सम हैं। अतः समरूप परमात्मा की प्राप्ति संसार से सर्वथा संबंध विच्छेद होने पर ही होती है। संसार से संबंध विच्छेद करने के लिये दो योगमार्ग हैं- ज्ञानयोग और कर्मयोग। मेरे सत्-स्वरूप में कभी अभाव नहीं होता, जबकि कामना आसक्ति अभाव में ही पैदा होती है- ऐसा समझकर असंग हो जाय- यह ज्ञानयोग है। जिन वस्तुओं में साधक का राग है, उन वस्तुओं को दूसरे की सेवा में खर्च कर दे और जिन व्यक्तियों में राग है, उनकी निःस्वार्थ भाव से सेवा कर दे- यह कर्मयोग है। इस प्रकार ज्ञानयोग में विवेक-विचार के द्वारा और कर्मयोग में सेवा के द्वारा संसार से संबंध विच्छेद हो जाता है। ‘एकं सांख्यं च योगं च यः पश्यति स पश्यति’- पूर्व श्लोक के पूर्वार्ध में भगवान ने व्यतिरेक रीति से कहा था कि सांख्ययोग और कर्मयोग को बेसमझ लोग ही अलग-अलग फल देने वाले कहते हैं। उसी बात को अब अन्वय रीति से कहते हैं कि जो मनुष्य इन दोनों साधनों को फल दृष्टि से एक देखता है, वही यथार्थ रूप में देखता है। इस प्रकार चौथे और पाँचवें श्लोक का सार यह है कि भगवान सांख्ययोग और कर्मयोग- दोनों को स्वतंत्र साधन मानते हैं और दोनों का फल एक ही परमात्मतत्त्व की प्राप्ति मानते हैं और दोनों का फल एक ही परमात्मतत्त्व की प्राप्ति मानते हैं। इस वास्तविकता को न जानने वाले मनुष्य को भगवान बेसमझ कहते हैं और इसे जानने वाले को भगवान यथार्थ जानने वाला कहते हैं। 


किसी भी साधन की पूर्णता होने पर जीने की इच्छा, मरने का भय, पाने का लालच और करने का राग- ये चारों सर्वथा मिट जाते हैं।


जो निरंतर मर रहा है अर्थात जिसका निरन्तर अभाव हो रहा है; उस शरीर में मरने का भय नहीं हो सकता; और जो नित्य-निरंतर रहता है, उस स्वरूप में जीने की इच्छा नहीं हो सकती तो फिर जीने की इच्छा और मरने का भय किसे होता है? जब स्वरूप शरीर के साथ तादात्म्य कर लेता है, तब उसमें जीने की इच्छा और मरने का भय उत्पन्न हो जाता है। जीने की इच्छा और मरने का भय- ये दोनों ‘ज्ञानयोग’ से मिट जाते हैं।


पाने की इच्छा उसमें होती है, जिसमें कोई अभाव होता है। अपना स्वरूप भावरूप है, उसमें कभी अभाव नहीं हो सकता, इसलिये स्वरूप में कभी पाने की इच्छा नहीं होती। पाने की इच्छा न होने से उसमें कभी करने का राग उत्पन्न नहीं होता। स्वयं भावरूप होते हुए भी जब स्वरूप अभावरूप शरीर के साथ तादात्म्य कर लेता है, तब उसे अपने में अभाव प्रतीत होने लग जाता है, जिससे उसमें पाने की इच्छा उत्पन्न हो जाती है और पाने की इच्छा से करने का राग उत्पन्न हो जाता है। पाने की इच्छा और करने का राग- ये दोनों ‘कर्मयोग’ से मिट जाते हैं।


ज्ञानयोग और कर्मयोग- इन दोनों साधनों में से किसी एक साधन की पूर्णता होने पर जीने की इच्छा, मरने का भय, पाने का लालच और करने का राग- ये चारों सर्वथा मिट जाते हैं।

संन्यासस्तु[2] महाबाहो दुःखमाप्तुमयोगतः ।

योगयुक्तो मुनिर्ब्रह्म नचिरेणाधिगच्छति ।। 5.6 ।।


अर्थ- परंतु हे महाबाहो! कर्मयोग के बिना संन्यास सिद्ध होना कठिन है। मननशील कर्मयोगी शीघ्र ही ब्रह्म को प्राप्त हो जाता है।


व्याख्या- ‘संन्यास्तु महाबाहो दुःखमाप्तुमयोगतः’- सांख्य योग की सफलता के लिये कर्मयोग का साधन करना आवश्यक है; क्योंकि उसके बिना सांख्ययोग की सिद्धि कठिनता से होती है। परंतु कर्मयोग की सिद्धि के लिये सांख्ययोग से होती है। परंतु कर्मयोग की सिद्धि के लिये सांख्ययोग का साधन करने की आवश्यकता नहीं है। यही भाव यहाँ ‘तु’ पद से प्रकट किया गया है।


सांख्ययोगी का लक्ष्य परमात्मतत्त्व का अनुभव करना होता है। परंतु राग रहते हुए इस साधन के द्वारा परमात्मतत्त्व के अनुभव की तो बात ही क्या है, इस साधन का समझ में आना भी कठिन है।


राग मिटाने का सुगम उपाय है- कर्मयोग का अनुष्ठान करना। कर्मयोग में प्रत्येक क्रिया दूसरों के हित के लिये ही की जाती है। दूसरों के हित का भाव होने से अपना राग स्वतः मिटता है। इसलिये कर्मयोग के आचरण द्वारा राग मिटाकर सांख्ययोग का साधन करना सुगम पड़ता है। कर्मयोग का साधन किये बिना सांख्ययोग का सिद्ध होना कठिन है।


‘योगयुक्तो मुनिर्ब्रह्म नचिरेणाधिगच्छति’- अपने निष्काम भाव का और दूसरों के हित का मनन करने वाले कर्मयोगी को यहाँ ‘मुनिः’ कहा गया है।


कर्मयोगी छोटी या बड़ी प्रत्येक क्रिया को करते समय यह देखता रहता है कि मेरा भाव निष्काम है या सकाम? सकाम भाव आते ही वह उसे मिटा देता है; क्योंकि सकामभाव आते ही वह क्रिया अपनी और अपने लिये हो जाती है।


दूसरों का हित कैसे हो? इस प्रकार मनन करने से राग का त्याग सुगमता से होता है।


उपर्युक्त पदों से भगवान कर्मयोग की विशेषता बता रहे हैं कि कर्मयोगी शीघ्र ही परमात्मतत्त्व को प्राप्त कर लेता है। परमात्मतत्त्व की प्राप्ति में विलम्ब का कारण है- संसार का राग। निष्काम भावपूर्वक केवल दूसरों के हित के लिये कर्म करते रहने से कर्मयोगी के राग का सर्वथा अभाव हो जाता है। और राग का सर्वथा अभाव होने पर स्वतः सिद्ध परमात्मतत्त्व की अनुभूति हो जाती है। इसी आशय को भगवान ने चौथे अध्याय के अड़तीसवें श्लोक में ‘तत्स्वयं योगसंसिद्धः कालेनात्मनि विंदति’ पदों से बताया है कि योगसंसिद्ध होते ही अपने आप तत्त्वज्ञान की प्राप्ति अवश्यमेव हो जाती है। इस साधन में अन्य साधन की अपेक्षा नहीं है। इसकी सिद्धि में कठिनाई और विलंब भी नहीं है।


दूसरा कारण यह है कि देहधारी- देहाभिमानी मनुष्य संपूर्ण कर्मों का त्याग नहीं कर सकता, पर जो कर्मफल का त्यागी है, वह त्यागी कहलाता है। इससे यह ध्वनि निकलती है कि देहधारी कर्मों का त्याग तो नहीं कर सकता, पर कर्मफल का- फलेच्छा का त्याग तो कर ही सकता है। इसलिये कर्मयोग में सुगमता है।


कर्मयोग की महिमा में भगवान कहते हैं कि कर्मयोगी को तत्काल ही शांति प्राप्त हो जाती है- ‘त्यागाच्छान्ति रनन्तरम्’। वह संसार बंधन से सुखपूर्वक मुक्त हो जाता है- ‘सुखं बन्धात्प्रमुच्यते’। अतः कर्मयोग का साधन सुगम, शीघ्र सिद्धिदायक और किसी अन्य साधन के बिना परमात्मप्राप्ति कराने वाला स्वतंत्र साधन है।




कर्म की परिपूर्णता

 


एक ऐसी निर्व्यक्तिक स्वयंस्थित सत्ता की निस्पन्दता जिसमें न तो आत्म-निर्धारण का गुण या सामर्थ्य है और न सृजन की क्षमता या प्रेरणा। इस असंतोष-जनक द्वैत के द्वारा ख़ाली छोड़ दी गयी खाई भर जाती है और ज्ञान और कर्म तथा आत्मा और प्रकृति का उन्नायन एकत्व प्रकाशित हो जता है। प्रशांत निर्व्यक्तिक आत्मा एक सत्य है,-वह भगवान की स्थिरता एवं सनातन की नीरवता का सत्य है, परमेश्वर की समस्त जन्म, भूतभाव, कर्म और सृष्टि के बंधन से मुक्त अवस्था का, उनकी उस स्वयंभू सत्ता की स्थिर एवं अनंत मुक्तता का सत्य है जो उनकी सृष्टि के द्वारा बद्ध, विक्षुब्ध या प्रभावित नहीं होती और न उनकी प्रकृति की क्रिया-प्रतिक्रिया के द्वारा स्पृष्ट ही होती है। तब स्वयं प्रकृति भी हमारे लिये कोई अव्याख्येय माया, कोई पृथक्कृत एवं विपरीत दृग्विषय नहीं रहती, बल्कि सनातन की एक गति प्रतीत होती है, उसकी समस्त क्रिया और चंचलता, उसका बहुत्व अक्षर पुरुष और आत्मा की अनासक्त तथा साक्षिभूत शांति पर प्रतिष्ठित और सुध्रत प्रतीत होता है प्रकृति के ईश्वर एक ही साथ विश्व के ‘एक’ और ‘बहु’ आत्मा हैं तथा अपनी आंशिक अभिव्यक्ति में वे ये सब बल, शक्तियां, चेतनाएं, देवता, जीवजन्तु, पदार्थ और मनुष्य बनते हैं और यह सब होते हुए भी वे वही अक्षर आत्मा बने रहते हैं। गुणात्मिका प्रकृति उनकी शक्ति की निम्नतर स्वतःसीमित क्रिया है; वह अपूर्ण-चेतन अभिव्यक्ति की प्रकृति है और अतएव वह एक प्रकार की अज्ञानमयी प्रकृति हैं उसकी जो स्थूल शक्ति यहाँ बाह्य कर्म में निमगन है उसे आत्मा का सत्य और भगवान का सत्य बहुत कुछ उसी प्रकार छिपे रहते हैं जिस प्रकार मनुष्य की गंभीरतर सत्ता उसकी बाह्य चेतना के ज्ञान से छिपी रहती है। जब तक प्रकृति के अंदर अवस्थित जीव-अंतर्मुख होकर इस गुप्त वस्तु को ढूंढ़ने तथा अपने अंदर पैठने का यत्न नहीं करता और अपने वास्तविक सत्यों, अपनी ऊंचाइयों तथा गहराइयों को नहीं खोज लेता तब तक आत्मा एवं भगवान का सत्य उससे छिपा ही रहता है। यही कारण है कि उसे आत्म-ज्ञान पाने में समर्थ बनने के लिये अपने क्षुद्र वैयक्तिक एवं अहमात्मक‘ स्व’ से पीछे हटकर अपने विशाल, निर्व्यक्तिक, अक्षर, विश्वव्यापी आत्मा की ओर लौटना होता है। परंतु परमेश्वर केवल उस आत्मा में ही नहीं बल्कि प्रकृति में भी विद्यमान हैं। वे प्रत्येक प्राणी के हृदेश में विराजमान हैं और अपनी उपस्थिति से इस महान प्रकृति-यंत्र के आवर्तनों का परिचालन कर रहे हैं। 


वे सबके अंदर उपस्थित हैं, सब उनके अंदर रहते हैं, सब कुछ स्वयं वे ही हैं क्योंकि सब कुछ उनकी सत्ता की संभूति है, उनकी सत्ता का अंश या रूप है। परंतु यहाँ सब कुछ एक निम्नतर आंशिक क्रिया के द्वारा ही चल रहा है जो एक गुप्त, उच्चतर, महत्तर एवं पूर्णतर भागवत प्रकृति से, परमेश्वर की शाश्वत अनंत प्रकृति या पूर्ण आत्म-शक्ति, देवात्मशक्ति, से उदभूत हुई हैं यदि हम सदा भागवत कर्म तथा अपनी सत्ता के इस वास्तविक सत्य में निवास करें तो मानव के अंदर छिपी हुई पूर्ण समग्र-चेतन आत्मा,-देवाधिदेव का सनातन अंश, सनातन भागवत पुरुष का अंशभूत आध्यात्मिक पुरुष -हमारे अंदर उद्घाटित हो सकती है और साथ ही हमें भगवान की ओर उद्घाटित भी कर सकती है। भगवान के जिज्ञासु को अपनी अक्षर और शाश्वत निर्व्यक्तिक सत्ता के सत्य में प्रवेश करना होगा और साथ ही उसे सर्वत्र उन भगवान को देखना होगा जिनसे वह उत्पन्न हुआ है, उन्हें सर्व के रूप में देखना होगा, इस सारी की सारी क्षर प्रकृति में तथा इसके हर एक भाग और हर एक परिणाम में तथा इसके सभी कार्यों में देखना होगा, और इन सबमें भी उसे अपने-आपको भगवान के साथ एक करना होगा, इनमें भी उसे भगवान के अंदर रहना होगा, इनमें भी उसे भागवत एकत्व के अंदर प्रवेश करना होगा।


इस तरह उस समग्रता में वह अपनी गंभीर तात्त्विक सत्ता की दिव्य स्थिरता एवं स्वतंत्रता को अपनी दिव्यीकृत प्राकृत सत्ता के अंदर रहने वाली यंत्रात्मक कर्म की परमोच्च शक्ति के साथ एकीभूत कर देगा। परंतु यह किया कैसे जाये? सर्वप्रथम, इसे अपने कर्म सम्बंधी संकल्प में यथार्थ भावना धारण करके संपन्न किया जा सकता है। जिज्ञासु के लिये यह आवश्यक है कि वह अपने समस्त कर्म को उन सर्वकर्ममहेश्वर के प्रति यज्ञरूप समझे जो सनातन और विश्वव्यापी पुरुष हैं, उसकी अपनी उच्चतम आत्मा तथा अन्य सबकी भी आत्मा हैं और जगत के अंदर परम सर्वातर्यामी, सर्वाधार, सर्वनियंता परमेश्वर हैं। प्रकृति का संपूर्ण कर्म ऐसा ही यज्ञ है,-वास्तव में पहले उन दिव्य शक्तियों को अर्पित होता है, जो प्रकृति को गति देती तथा उसके अंदर गति करती हैं, परंतु वे शक्तियों को अर्पित एकमेव तथा असीम देव की केवल सीमित नामरूप ही हैं।




कर्मफल का त्याग

 



त्यक्त्वा कर्मफलासंग नित्यतृप्तो निराश्रयः ।

कर्ण्यभिप्रवृत्तोऽपि नैव किञ्चित्करोति सः ।।4.20 ।।


जो कर्म और फल की आसक्ति का त्याग करके आश्रय से रहित और सदा तृप्त है, वह कर्मों में अच्छी तरह से लगा हुआ भी वास्तव में कुछ भी नहीं करता।


 ‘त्यक्तवा कर्मफलासंगम्’- जब कर्म करते समय कर्ता का यह भाव रहता है कि शरीरादि कर्म सामग्री मेरी है, मैं कर्म करता हूँ, कर्म मेरा और मेरे लिये है तथा इसका मेरे को अमुक फल मिलेगा, तब वह कर्मफल का हेतु बन जाता है। कर्मयोग से सिद्ध महापुरुष को प्राकृत पदार्थों से सर्वथा संबंध विच्छेद का अनुभव हो जाता है, इसलिये कर्म करने की सामग्री में, कर्म में तथा कर्मफल में किञ्चिन्मात्र भी आसक्ति न रहने के कारण वह कर्मफल का हेतु नहीं बनता।


सेना विजय की इच्छा से युद्ध करती है। विजय होने पर विजय सेना की नहीं, प्रत्युत राजा की मानी जाती है; क्योंकि राजा ने ही सेना के जीवन निर्वाह का प्रबंध किया है; उसे युद्ध करने की सामग्री दी है और उसे युद्ध करने की प्रेरणा की है और सेना भी राजा के लिये ही युद्ध करती है। इसी प्रकार, इंद्रियाँ, मन, बुद्धि आदि कर्म सामग्री के साथ संबंध जोड़ने से ही जीव उनके द्वारा किये गये कर्मों के फल का भागी होता है।


कर्म सामग्री के साथ किञ्चिन्मात्र भी संबंध न होने के कारण महापुरुष का कर्मफल के साथ कोई संबंध नहीं होता। वास्तव में कर्मफल के साथ स्वरूप का संबंध है ही नहीं। कारण कि स्वरूप, चेतन, अविनाशी और निर्विकार है; परंतु कर्म और कर्मफल- दोनों जड़ तथा विकारी हैं और उनका आरंभ तथा अंत होता है। सदा स्वरूप के साथ न तो कोई कर्म रहता है तथा न कोई फल ही रहता है। इस तरह यद्यपि कर्म और फल से स्वरूप का कोई संबंध नहीं है, तथापि जीव ने भूल से उनके साथ अपना संबंध मान लिया है। यह माना हुआ संबंध ही बंधन का कारण है। अगर यह माना हुआ संबंध मिट जाय, तो कर्म और फल से उसकी स्वतः सिद्ध निर्लिप्त का बोध हो जाता है।


‘निराश्रयः’- देश, काल, वस्तु, व्यक्ति, परिस्थिति आदि का किञ्चिन्मात्र भी आश्रय न लेना ही ‘निराश्रय’ अर्थात आश्रय से रहित होना है। कितना ही बड़ा धनी, राजा महाराजा क्यों न हो, उसको देश, काल आदि का आश्रय लेना ही पड़ता है। परंतु कर्मयोग से सिद्ध महापुरुष देश, काल आदि का कोई आश्रय नहीं मानता। आश्रय मिले या न मिले- इसकी उसे किञ्चिन्मात्र भी परवाह नहीं होती। इसलिये वह निराश्रय होता है।


‘नित्यतृप्तः’- जीव परमात्मा का सनातन अंश होने से सत्-स्वरूप है। सत् का कभी अभाव नहीं होता- ‘नाभावो विद्यते सतः’। परंतु जब वह असत् के साथ अपना संबंध मान लेता है, तब उसे अपने में अभाव अर्थात कमी का अनुभव होने लगता है। उस कमी की पूर्ति करने के लिये वह सांसारिक वस्तुओं की कामना करने लगता है। इच्छित वस्तुओं के मिलने से एक तृप्ति होती है; परंतु वह तृप्ति ठहरती नहीं, वह क्षणिक होती है। कारण कि संसार की प्रत्येक वस्तु, व्यक्ति, परिस्थिति आदि प्रतिक्षण अभाव की ओर जा रही है; अतः उनेक आश्रित रहने वाली तृप्ति स्थायी कैसे रह सकती है? सत्- वस्तु की तृप्ति असत् वस्तु से हो ही कैसे सकती है? अतः जीव जब तक उत्पत्ति विनाशशील क्रियाओं और पदार्थों से अपना संबंध मानता है तथा उनके आश्रित रहता है, तब तक उसके स्वतः सिद्ध नित्य तृप्ति का अनुभव नहीं होता।


कर्मयोग से सिद्ध महापुरुष निराश्रय अर्थात संसार के आश्रय से सर्वथा रहित होता है, इसलिये उसे स्वतः सिद्ध नित्य तृप्ति का अनुभव हो जाता है। तीसरे अध्याय के सत्रहवें श्लोक में ‘आत्मतृप्तः’ पद से भी इसी नित्यतृप्ति की बात आयी है।


‘कर्मण्यभिप्रवृत्तोऽपि नैव किञ्चित्करोति सः’- ‘अभिवृत्तः’ पद का तात्पर्य है कि कर्मयोग से सिद्ध महापुरुष के द्वारा होने वाले सब कर्म सांगोपांग रीति से होते हैं; क्योंकि कर्मफल में उसकी किञ्चिन्मात्र भी आसक्ति नहीं होती। उसके संपूर्ण कर्म केवल संसार के हित के लिये होते हैं।


जिसकी कर्मफल में आसक्ति होती है, वह सांगोपांग रीति से कर्म नहीं कर सकता; क्योंकि फल के साथ संबंध होने से कर्म करते हुए बीच-बीच में फल का चिंतन होने से उसकी शक्ति व्यर्थ खर्च हो जाती है, जिससे उसकी शक्ति पूरी तरह कर्म करने में नहीं लगती।


‘अपि’ पद का तात्पर्य है कि सांगोपांग रीति से सब कर्म करते हुए भी वह वास्तव में किञ्चिन्मात्र भी कोई कर्म नहीं करता; क्योंकि सर्वथा निर्लिप्त होने के कारण कर्म का स्पर्श ही नहीं होता। उसके सब कर्म अकर्म हो जाते हैं।


जब वह कुछ भी नहीं करता, तब वह कर्मफल से बँध ही कैसे सकता है? इसीलिये अठारहवें अध्याय के बारहवें श्लोक में भगवान ने कहा है कर्मफल का त्याग करने वाले कर्मयोगी को कर्मों का फल कहीं नहीं मिलता- ‘न तु संन्यासिनां कचित्।’


प्रकृति निरंतर क्रियाशील है। अतः जब तक प्रकृति के गुणों से संबंध है, तब तक कर्म न करते हुए भी मनुष्य का कर्मों के साथ संबंध हो जाता है। प्रकृति के गुणों से संबंध न रहने पर मनुष्य कर्म करते हुए भी कुछ नहीं करता। कर्मयोग से सिद्ध महापुरुष का प्रकृतिजन्य गुणों से कोई संबंध नहीं रहता, इसलिये वह लोकहितार्थ सब कर्म करते हुए भी वास्तव में कुछ नहीं करता।


निराशीर्यतचित्तात्मा त्यक्तसर्वपरिग्रहः ।

शरीरं केवलं कर्म कुर्वन्नाप्नोति किल्बिषम् ।। 4.21 ।।


अर्थ- जिसका शरीर और अंतःकरण अच्छी तरह से वश में किया हुआ है, जिसने सब प्रकार के संग्रह का परित्याग कर दिया है, ऐसा आशारहित कर्मयोगी केवल शरीर संबंधी कर्म करता हुआ भी पाप को प्राप्त नहीं होता।


व्याख्या- ‘यतचित्तात्मा’- संसार में आशा या इच्छा रहने के कारण ही शरीर, इंद्रियाँ, मन आदि वश में नहीं होते। इसी श्लोक में ‘निराशीः’ पद से बताया है कि कर्मयोगी में आशा या इच्छा नहीं रहती। अतः उसके शरीर, इंद्रियाँ और अंतःकरण स्वतः वश में रहते हैं। इनके वश में रहने से उसके द्वारा व्यर्थ की कोई क्रिया नहीं होती।


‘त्यक्तसर्वपरिग्रहः’- कर्मयोगी अगर संन्यासी है, तो वह सब प्रकार की भोग सामग्री के संग्रह का स्वरूप से त्याग कर देता है। अगर वह गृहस्थ है, तो वह भोग-बुद्धि से किसी भी सामग्री का संग्रह नहीं करता। उसके पास जो भी सामग्री है उसको वह अपनी और अपने लिये न मानकर संसार की और संसार के लिये ही मानता है तथा संसार के सुख में ही उस सामग्री को लगाता है। भोगबुद्धि से संग्रह का त्याग करना तो साधक मात्र के लिये आवश्यक है।


[ऐसा निवृत्तिपरक श्लोक गीता में और कहीं नहीं आया है। छठे अध्याय के दसवें श्लोक में ध्यानयोगी के लिये और अठारहवें अध्याय के तिरपवनवें श्लोक में ज्ञानयोगी के लिये परिग्रह का त्याग करने की बात आयी है। परंतु उनसे भी ऊँची श्रेणी के परिग्रह-त्याग की बात ‘त्यक्तसर्वपरिग्रहः’ पद से यहीं आयी है; क्योंकि ‘परिग्रह’ के साथ ‘सर्व’ शब्द केवल यहाँ आया है। बारहवें अध्याय के उन्नीसवें श्लोक में भक्तियोगी के लिये ‘अनिकेतः’ पद आया है, पर वहाँ इसका अर्थ निवास-स्थान में ममता-आसक्ति से रहित होना है।]


‘निराशीः’- कर्मयोगी में आशा, कामना, स्पृहा, वासना आदि नहीं रहते। वह बाहर से ही भोग- सामग्री के संग्रह का त्याग करता हो- इतनी ही बात नहीं है, प्रत्युत वह भीतर से भी भोग सामग्री की आशा या इच्छा का त्याग कर देता है। आशा या इच्छा का सर्वथा त्याग न हने पर भी उसका उद्देश्य इनके त्याग का ही रहता है।


‘शरीरं केवलं कर्म कुर्वन्’- ‘शरीरम् कर्म’ के दो अर्थ होते हैं- एक तो शरीर से होने वाला कर्म और दूसरा शरीर निर्वाह के लिये किया जाने वाला कर्म। शरीर से होने वाले कर्म की बात पाँचवें अध्याय के ग्यारहवें श्लोक में भी आयी है, जिसका तात्पर्य है कि सभी कर्म केवल शरीर, इंद्रियाँ, मन, बुद्धि के द्वारा ही हो रहे हैं, मेरा उनसे कुछ भी संबंध नहीं है, ऐसा मानकर कर्मयोगी अंतःकरण की शुद्धि के लिये कर्म करते हैं। परंतु यहाँ आया श्लोक निवृत्तिपरक है, इसलिये यहाँ उपर्युक्त पदों का अर्थ शरीर निर्वाहमात्र के लिये किये जाने वाले आवश्यक कर्म मानना ही उपयुक्त प्रतीत होता है। निवृत्ति-परायण कर्मयोगी केवल उतने ही कर्म करता है, जितने से केवल शरीर-निर्वाह हो जाय।


‘नाप्नोति किल्बिषम्’- जो कर्म करने अथवा न करने से अपना किञ्चिन्मात्र भी संबंध रखता है, वह पाप को अर्थात जन्म मरण रूप बंधन को प्राप्त होता है। परंतु आशारहित कर्मयोगी कर्म करने अथवा न करने से अपना कुछ भी संबंध नहीं रखता, इसलिये वह पाप को प्राप्त नहीं होता अर्थात उसके सब कर्म अकर्म हो जाते हैं।


निवृत्ति परायण होने पर भी कर्मयोगी कभी आलस्य प्रमाद नहीं करता। आलस्य प्रमाद का भी भोग होता है। एकान्त में यों ही पड़े रहने से आलस्य का भोग होता है और शास्त्र विरुद्ध तथा निरर्थक कर्म करने से प्रमाद का भोग होता है। इस प्रकार निवृत्ति में आलस्य के सुख का और प्रवृत्ति में प्रमाद के सुख का भोग हो सकता है। अतः आलस्य प्रमाद से मनुष्य पाप को प्राप्त होता है। परंतु बहुत कम कर्म करने पर भी निवृत्ति परायण कर्मयोगी में किञ्चिन्मात्र भी आलस्य प्रमाद नहीं आते। यदि उसमें किञ्चिन्मात्र भी आलस्य-प्रमाद आते, तो ‘यतचित्त’ है अर्थात उसके शरीर, इंद्रियाँ और अंतःकरण संयत हैं, इसलिये उसमें आलस्य प्रमाद आ ही नहीं सकते। शरीर, इंद्रियाँ तथा अंतःकरण के वश में होने से, भोग-सामग्री का त्याग करने से तथा आशा, कामना, ममता आदि से रहित होने से उसके द्वारा निषिद्ध क्रिया हो सकती ही नहीं।


यहाँ शंका हो सकती है कि जब उसके द्वारा पाप-क्रिया हो सकती ही नहीं, तब यह क्यों कहा गया कि वह पाप को प्राप्त नहीं होता? इसका समाधान यह है कि क्रियामात्र के आरंभ में अनिवार्य दोष पाये जाते हैं- ‘सर्वारम्भा हि दोषेण धूमेनाग्निरिवावृताः’। परंतु मूल में असत् के संग- कामना, ममता और आसक्ति होती ही नहीं अथवा उसका कामना, ममता और आसक्ति का उद्देश्य ही नहीं होता; इसलिये उसका कर्म करने से अथवा न करने से कोई प्रयोजन नहीं होता। इसी कारण न तो उसे कर्मों में रहने वाला आनुषंगिक पाप लगता है और न उसे शास्त्रविहित कर्मों के त्याग का ही पाप लगता है।


दूसरी एक शंका यह हो सकती है कि तीसरे अध्याय में भगवान ने सिद्ध महापुरुष को भी लोकसंग्रह के लिये कर्म करने की प्रेरणा की है। अपने लिये भी भगवान ने कहा है कि त्रिलोकी में कुछ भी कर्तव्य और प्राप्तव्य न होने पर भी मैं सावधानीपूर्वक कर्म करता हूँ। अतः शरीर निर्वाह मात्र के लिये कर्म करने वाले कर्मयोगी को क्या लोकसंग्रह के त्याग का दोष नहीं लगेगा? इसका समाधान यह है कि कामना, ममता आदि न रहने के कारण उसे कोई दोष नहीं लगता। यद्यपि सिद्ध महापुरुष में और भगवान में कामना, ममता आदि का सर्वथा अभाव होता है, तथापि वे जो लोकसंग्रह के लिये कर्म करते हैं, यह उनकी दया, कृपा ही है। वास्तव में वे लोकसंग्रह करें अथवा न करें, इसमें वे स्वतंत्र हैं, इसकी उन पर कोई जिम्मेवारी नहीं है। वास्तव में यह भी निवृत्तिपरायण साधकों के लिये एक लोकसंग्रह ही है। लोकसंग्रह किया नहीं जाता, प्रत्युत होता है।


तीसरी एक शंका यह भी हो सकती है कि तीसरे अध्याय के तेरहवें श्लोक में भगवान ने केवल अपने शरीर का पोषण करने वाले मनुष्य को पापी कहा है और यह कहते हैं कि शरीर निर्वाहमात्र के लिये कर्म करने वाला पाप को नहीं प्राप्त होता। दोनों का सामञ्जस्य कैसे हो? इसका समाधान यह है कि जब तक भोगबुद्धि है और कर्मों तथा पदार्थों में आसक्ति बनी हुई है, तब तक कर्म करने अथवा न करने से पाप लगता ही है, इसीलिये वहाँ ‘पचन्ति आत्मकारणात्’ पद आये हैं। परंतु उस कर्मयोगी में भोगबुद्धि नहीं है और कर्मों तथा पदार्थों में आसक्ति भी नहीं है; अतः सर्वथा निर्लिप्त होने से उसे कर्म करने अथवा न करने से किञ्चिन्मात्र भी पाप नहीं लगता।


प्रश्न- इस श्लोक को अगर सांख्ययोगी का मान लें तो क्या आपत्ति है; क्योंकि इसमें आये सब लक्षण सांख्य योगी में घटते हैं?


उत्तर- पहली बात तो यह है कि यहाँ कर्मयोग का प्रसंग है, इसलिये यह श्लोक मुख्य रूप से कर्मयोगी का ही है। दूसरी बात, सांख्ययोगी अपने को कर्ता मानता ही नहीं। उसमें ‘मैं कुछ भी नहीं करता हूँ’ ऐसा स्पष्ट विवेक रहता है; फिर उसके लिये ‘कर्म करता हुआ भी पाप को नहीं प्राप्त होता’- ऐसा कहना कैसे बन सकता है?


कर्मयोग के साधक में वैसा स्पष्ट विवेक जाग्रत न होने पर भी उसका यह निश्चय रहता है कि ‘मेरा कुछ नहीं है; मेरे लिये कुछ नहीं चाहिये और मेरे लिये कुछ नहीं करना है।’ इन तीन बातों को दृढ़ निश्चय रहने के कारण वह कर्म करते हुए भी उनसे निर्लिप्त रहता है।


लोगों में प्रायः ऐसी मान्यता है कि कर्मयोगी गृहस्थ आश्रम में और ज्ञानयोगी संन्यास आश्रम में रहता है। परंतु वास्तव में ऐसी बात नहीं है। जिसे शरीर से अपनी अलग सत्ता का स्पष्ट विवेक है, वह ज्ञानयोगी ही है; चाहे वह गृहस्थ आश्रम में हो अथवा संन्यास आश्रम में। जिसमें इतना विवेक नहीं है, पर उपर्युक्त तीन बातों का निश्चय पक्का है, वह कर्मयोगी ही है; चाहे वह गृहस्थ आश्रम में हो अथवा संन्यास आश्रम में।


तीसरी एक शंका यह भी हो सकती है कि तीसरे अध्याय के तेरहवें श्लोक में भगवान ने केवल अपने शरीर का पोषण करने वाले मनुष्य को पापी कहा है और यह कहते हैं कि शरीर निर्वाहमात्र के लिये कर्म करने वाला पाप को नहीं प्राप्त होता। दोनों का सामञ्जस्य कैसे हो? इसका समाधान यह है कि जब तक भोगबुद्धि है और कर्मों तथा पदार्थों में आसक्ति बनी हुई है, तब तक कर्म करने अथवा न करने से पाप लगता ही है, इसीलिये वहाँ ‘पचन्ति आत्मकारणात्’ पद आये हैं। परंतु उस कर्मयोगी में भोगबुद्धि नहीं है और कर्मों तथा पदार्थों में आसक्ति भी नहीं है; अतः सर्वथा निर्लिप्त होने से उसे कर्म करने अथवा न करने से किञ्चिन्मात्र भी पाप नहीं लगता।


प्रश्न- इस श्लोक को अगर सांख्ययोगी का मान लें तो क्या आपत्ति है; क्योंकि इसमें आये सब लक्षण सांख्य योगी में घटते हैं?


उत्तर- पहली बात तो यह है कि यहाँ कर्मयोग का प्रसंग है, इसलिये यह श्लोक मुख्य रूप से कर्मयोगी का ही है। दूसरी बात, सांख्ययोगी अपने को कर्ता मानता ही नहीं। उसमें ‘मैं कुछ भी नहीं करता हूँ’ ऐसा स्पष्ट विवेक रहता है; फिर उसके लिये ‘कर्म करता हुआ भी पाप को नहीं प्राप्त होता’- ऐसा कहना कैसे बन सकता है?


कर्मयोग के साधक में वैसा स्पष्ट विवेक जाग्रत न होने पर भी उसका यह निश्चय रहता है कि ‘मेरा कुछ नहीं है; मेरे लिये कुछ नहीं चाहिये और मेरे लिये कुछ नहीं करना है।’ इन तीन बातों को दृढ़ निश्चय रहने के कारण वह कर्म करते हुए भी उनसे निर्लिप्त रहता है।


लोगों में प्रायः ऐसी मान्यता है कि कर्मयोगी गृहस्थ आश्रम में और ज्ञानयोगी संन्यास आश्रम में रहता है। परंतु वास्तव में ऐसी बात नहीं है। जिसे शरीर से अपनी अलग सत्ता का स्पष्ट विवेक है, वह ज्ञानयोगी ही है; चाहे वह गृहस्थ आश्रम में हो अथवा संन्यास आश्रम में। जिसमें इतना विवेक नहीं है, पर उपर्युक्त तीन बातों का निश्चय पक्का है, वह कर्मयोगी ही है; चाहे वह गृहस्थ आश्रम में हो अथवा संन्यास आश्रम में।


द्वंद्व अनेक प्रकार के होते हैं; जैसे- भगवान का सगुण साकार रूप ठीक है या निर्गुण निराकार रूप ठीक है, अद्वैत सिद्धांत ठीक है या द्वैत सिद्धांत ठीक है, भगवान में मन लगा या नहीं लगा, एकान्त मिला या नहीं मिला, शांति मिल या नहीं मिली, सिद्धि मिली या नहीं मिली, इत्यादि। इन सब द्वंद्वों के साथ संबंध न होने से ही साधक निर्द्वंद्व होता है। जैसे तराजू किसी भी तरफ झुक जाय तो वह बराबर नहीं कहलाता, ऐसे ही साधक के अंतःकरण में किसी भी तरफ झुकाव हो जाय तो वह द्वंद्वातीत नहीं कहलाता।


कर्मयोगी सब प्रकार के द्वंद्वों से अतीत होता है, इसलिये वह सुखपूर्वक संसार बंधन से मुक्त हो जाता है।


‘समः सिद्धावसिद्धौ च’- किसी भी कर्तव्य कर्म का निर्विघ्न रूप से पूरा हो जाना सिद्धि है और किसी प्रकार के विघ्न, बाधा के कारण उसका पूरा न होना असिद्धि है। कर्म का फल मिल जाना सिद्धि है और न मिलना असिद्धि है। सिद्धि और असिद्धि में राग द्वेष, हर्ष शोक आदि विकारों का न होना ही सिद्धि असिद्धि में सम रहना है। दूसरे अध्याय के अड़तालीसवें श्लोक में ‘सिद्ध्यसिद्ध्यो: समो भूत्वा’ पदों में भी यही भाव आया है।


अपना कुछ भी नही है, अपने लिये कुछ भी नहीं चाहिये और अपने लिये कुछ भी नहीं करना है- ये तीनों बातें ठीक-ठीक अनुभव में आ जायँ, तभी सिद्धि और असिद्धि में पूर्णतः समता आयेगी।


‘कृत्वापि न निबध्यते’- यहाँ ‘कृत्वा अपि’ पदों का तात्पर्य है कि कर्मयोगी कर्म करते हुए भी नहीं बँधता, फिर कर्म न करते हुए बँधने का प्रश्न ही पैदा नहीं होता। वह दोनों अवस्थाओं में निर्लिप्त रहता है। जैसे शरीर निर्वाह मात्र के लिये कर्म करने वाला कर्मयोगी कर्मों से नहीं बँधता, वैसे ही शास्त्रविहित संपूर्ण कर्मों को करने वाला कर्मयोगी भी कर्मों से नहीं बँधता।


वास्तव में देखा जाय तो कर्मयोग में कर्म करना, अधिक करना, कम करना अथवा न करना बंधन या मुक्ति का कारण नहीं है। इनके साथ जो लिप्तता (लगाव) है, वही बंधन का कारण है और जो निर्लिप्तता है, वही मुक्ति का कारण है। जैसे नाटक में एक व्यक्ति लक्ष्मण का और दूसरा व्यक्ति मेघनाद का स्वांग धारण करता है और दोनों व्यक्ति अपने-अपने स्वांग को ठीक-ठीक निभाते हुए भी उससे निर्लिप्त रहते हैं अर्थात अपने को वास्तव में लक्ष्मण या मेघनाद नहीं मानते। ऐसे ही कर्मयोगी अपने वर्ण, आश्रम आदि के अनुसार कर्तव्य का पालन करते हुए भी उनसे निर्लिप्त रहता है अर्थात उनसे अपना कोई संबंध नहीं मानता। उसका संबंध नित्य निरंतर रहने वाले स्वरूप के साथ रहता है, प्रतिक्षण परिवर्तनशील प्रकृति के साथ नहीं। इसलिये उसकी स्थिति स्वाभाविक ही समता में रहती है। समता में स्थिति रहने से वह कर्म करते हुए भी उनसे नहीं बँधता।


यदि विशेष विचारपूर्वक देखा जाय तो समता स्वतः सिद्ध है। यह प्रत्येक मनुष्य का अनुभव है कि अनुकूल परिस्थिति में हम जो रहते हैं, प्रतिकूल परिस्थिति आने पर भी हम वही रहते हैं। यदि हम वही (एक ही) न रहते, तो दो अलग-अलग (अनुकूल और प्रतिकूल) परिस्थितियों का ज्ञान किसे होता? इससे सिद्ध हुआ कि परिवर्तन परिस्थितियों में होता है और अपने स्वरूप में नहीं। इसलिये परिस्थितियों के बदलने पर भी स्वरूप से हम सम[2] ही रहती हैं। भूल यह होती है कि हम परिस्थितियों की ओर देखते हैं, पर स्वरूप की ओर नहीं देखते। अपने सम स्वरूप की ओर न देखने के कारण ही हम आने-जाने वाली परिस्थितियों से मिलकर सुखी-दुःखी होते हैं।


गतसंगस्य मुक्तस्य ज्ञानावस्थितचेतसः ।

यज्ञायाचरतः कर्म समग्रं प्रविलीयते ।। 4.23 ।।


जिसकी आसक्ति सर्वथा मिट गयी है, जो मुक्त हो गया है, जिसकी बुद्धि स्वरूप के ज्ञान में स्थित है, ऐसे केवल यज्ञ के लिये कर्म करने वाले मनुष्य के संपूर्ण कर्म विलीन हो जाते हैं।


[कर्मयोगी के संपूर्ण कर्मोंं के विलीन होने की बात गीता भर में केवल इसी श्लोक में आयी है, इसलिये यह कर्मयोग का मुख्य श्लोक है। इसी प्रकार चौथे अध्याय का छत्तीसवाँ श्लोक ज्ञानयोग का और अठारहवें अध्याय का छाछठवाँ श्लोक भक्तियोग का मुख्य श्लोक है।]


‘गतसंगस्य’- क्रियाओं का, पदार्थों का, घटनाओं का, परिस्थितियों का, व्यक्तियों का जो संग है, इनके साथ जो हृदय से लगाव है, वही वास्तव में बाँधने वाला अर्थात जन्म मरण देने वाला है। स्वार्थभाव को छोड़कर केवल लोगों के हित के लिये, लोकसंग्रहार्थ कर्म करते रहने से कर्मयोगी क्रियाओं, पदार्थों आदि से असंग हो जाता है अर्थात उसकी आसक्ति सर्वथा मिट जाती है।


वास्तव में मनुष्य स्वरूप से असंग ही है- ‘असंगो ह्ययं पुरुषः’। किंतु असंग होते हुए भी यह शरीर, इंद्रियाँ, मन, बुद्धि, पदार्थ, परिस्थिति, व्यक्ति आदि से संबंध मानकर सुख की इच्छा से उनमें आबद्ध हो जाता है। मेरी मनचाही हो अर्थात जो मैं चाहता हूँ, वहीं हो और जो मैं नहीं चाहता, वह नहीं हो- ऐसा भाव जब तक रहता है, तब तक यह संग बढ़ता ही रहता है। वास्तव में होता वही है, जो होने वाला है। जो होने वाला है उसे चाहें या न चाहें, वह होगा ही; और जो नहीं होने वाला है, उसे चाहे या न चाहें, वह नहीं होगा। अतः अपनी मनचाही करके मनुष्य व्यर्थ में बिना कारण फंसता है और दुःख पाता है।


कर्मयोगी संसार से मिली हुई शरीरादि वस्तुओं को अपनी और अपने लिये न मानकर उन्हें संसार की ही मानकर संसार की सेवा में अर्पण कर देता है। इससे वस्तुओं और क्रियाओं का प्रवाह संसार की ओर ही हो जाता है और अपना असंग स्वरूप ज्यों-का-त्यों रह जाता है।


कर्मयोगी की ‘अहम्’ भी सेवा में लग जाता है। तात्पर्य यह है कि उसके भीतर ‘मैं सेवक हूँ’ यह भाव भी नहीं रहता। यह भाव तो मनुष्य को सेवकपने के अभिमान से बाँध देता है। सेवकपने का अभिमान तभी होता है, जब सेवा सामग्री के साथ अपनापन होता है। सेवा की वस्तु उसी की थी, उसी को दे दी तो सेवा क्या हुई? हम तो उससे उऋण हुए। इसलिये सेवक न रहे, केवल सेवा रह जाय। यह भाव रहे कि सेवा के बदले में धन, मान, बड़ाई, पद, अधिकार आदि कुछ भी लेना नहीं है; क्योंकि उस पर हमारा हक नहीं लगता। उसे स्वीकार करना तो अनधिकार चेष्टा है। लोग मेरे को सेवक कहें- ऐसा भाव भी न रहे और यदि वे कहें तो उसमें राजी भी न हो। इस प्रकार संसार की वस्तुओं को संसार की सेवा में सर्वथा लगा देने से अंतःकरण में एक प्रसन्नता होती है। उस प्रसन्नता का भी भोग न किया जाय तो स्वतः सिद्ध असंगता का अनुभव हो जाता है।


‘मुक्तस्य’- जो अपने स्वरूप से सर्वथा अलग हैं, उन क्रियाओं और शरीरादि पदार्थों से अपना संबंध न होते हुए भी कामना, ममता और आसक्तिपूर्वक उनसे अपना संबंध मान लेने से मनुष्य बँध जाता है अर्थात पराधीन हो जाता है। कर्मयोग का अनुष्ठान करने से जब माना हुआ कर्मयोग का अनुष्ठान करने से जब मान हुआ संबंध मिट जाता है, तब कर्मयोगी सर्वथा असंग हो जाता है। असंग होते ही वह सर्वथा मुक्त हो जाता है अर्थात स्वाधीन हो जाता है।


‘ज्ञानावस्थितचेतसः’- जिसकी बुद्धि में स्वरूप का ज्ञान नित्य-निरंतर जाग्रत रहता है, वह ‘ज्ञानावस्थित चेतसः’ है। स्वरूप ज्ञान होते ही उसकी स्वरूप में स्थिति हो जाती है, जो वास्तव में पहले से ही थी। वास्तव में ज्ञान संसार का ही होता है। स्वरूप का ज्ञान नहीं होता; क्योंकि स्वरूप स्वतः ज्ञान स्वरूप है। क्रिया और पदार्थ ही संसार है। क्रिया और पदार्थ का विभाग अलग है तथा स्वरूप का विभाग अलग है अर्थात क्रिया और पदार्थ का स्वरूप के साथ किञ्चिन्मात्र भी संबंध नहीं है। क्रिया और पदार्थ जड़ हैं तथा स्वरूप चेतन है। क्रिया और पदार्थ प्रकाश्य हैं तथा स्वरूप प्रकाशक है। इस प्रकार क्रिया और पदार्थ की स्वरूप से भिन्नता का ठीक-ठीक ज्ञान होते ही क्रिया और पदार्थ रूप संसार से संबंध विच्छेद होकर स्वतः सिद्ध असंग स्वरूप में स्थिति का अनुभव हो जाता है।


‘यज्ञायाचरतः कर्म समग्रं प्रविलीयते’- ‘कर्म में अकर्म’ देखने का ही एक प्रकार है- ‘यज्ञार्थ कर्म’ अर्थात यज्ञ के लिये कर्म करना। निःस्वार्थभाव से केवल दूसरों के हित के लिये कर्म करना ‘यज्ञ’ है। जो यज्ञ के लिये ही संपूर्ण कर्म करता है, वह कर्म बंधन से मुक्त हो जाता है और जो यज्ञ के लिये कर्म नहीं करता अर्थात अपने लिये कर्म करता है, वह कर्मों में बँध जाता है- ‘यज्ञार्थात्कर्मणोऽन्यत्र लोकोऽयं कर्मबंधनः’।


प्रकृति का कार्य है- क्रिया और पदार्थ। इन दोनों में क्रिया का भी आदि और अंत होता है तथा पदार्थ का भी आदि और अंत होता है। क्रिया आरंभ होने से पहले भी नहीं थी और समाप्त होने के बाद भी नहीं रहेगी, इसलिये बीच में भी वह नहीं है- ऐसा सिद्ध हुआ। इसी प्रकार पदार्थ उत्पन्न होने से पहले भी नहीं था और नष्ट होने के बाद भी नहीं रहेगा, इसलिये बीच में भी वह नहीं है- यह सिद्ध हुआ; क्योंकि यह सिद्धांत है कि जो वस्तु आदि और अंत में नहीं होती, वह मध्य में भी नहीं होती। परंतु चेतन स्वरूप का आदि और अंत नहीं होता, वह सदा अक्रिय रूप से ज्यों-का-त्यों रहता है। वह चेतन तत्त्व क्रिया और पदार्थ- दोनों का प्रकाशक है। इस प्रकार क्रिया और पदार्थ के साथ किञ्चिन्मात्र भी संबंध न होते हुए भी जब वह इनके साथ अपना संबंध मान लेता है, तब वह बँध जाता है। इस बंधन से छूटने का उपाय है- फलेच्छा का त्याग करके केवल दूसरों के हित के लिये कर्म करना।


संसार में अनेक प्रकार की क्रियाएँ हो रही हैं और अनेक प्रकार के पदार्थ विद्यमान हैं। परंतु मनुष्य जिन क्रियाओं और पदार्थों से आसक्ति, ममता और कामनापूर्वक अपना संबंध मानता है, उन्हीं क्रियाओं और पदार्थों से वह बँधता है। जब मनुष्य कामना, ममता और आसक्ति का त्याग करके केवल दूसरों के हित के लिये संपूर्ण कर्म करता है और मिले हुए पदार्थों को दूसरों का ही मानकर उनकी सेवा में लगाता है, तब कर्मयोगी के संपूर्ण[4] कर्म विलीन हो जाते हैं अर्थात उसे कर्मों के साथ अपनी स्वतः सिद्ध असंगता का अनुभव हो जाता है।


सार-मर्म 


1. कर्ता, करण और कर्म- इन तीनों के मिलने से कर्मों का संचय होता है। यदि कर्तापन न रहे तो कर्मों का संग्रह नहीं होता; क्योंकि करण और कर्म- दोनों कर्ता के ही अधीन हैं। अतः कर्म संचय का मुख्य हेतु कर्तापन ही है।


विचारपूर्वक देखा जाय तो कुछ-न-कुछ पाने की इच्छा से ही करने की इच्छा उत्पन्न होती है, जिससे कर्तापन उत्पन्न होता है। कर्तापन से बंधन होता है। जब मनुष्य पाने की इच्छा से अपने लिये कर्म करता है, तब उसका कर्तापन दृढ़ हो जाता है। जब कर्मयोगी पाने की इच्छा का त्याग करके केवल यज्ञ के लिये अर्थात दूसरों के लिये हित के लिये कर्म करता है, तब उसका कर्तापन दूसरों के लिये होता है; इससे उसे अपनी असंगता का अनुभव हो जाता है। इसलिये उसके द्वारा होने वाले कर्मों का संचय नहीं होता। कारण कि जब आधार ही नहीं रहा। तब कर्म टिकेंगे ही कहाँ?


कर्मयोग में ‘ममता’ का त्याग और ज्ञान योग में ‘अहंता’ का त्याग मुख्य है। ममता का त्याग होने से अहंता का और अहंता का त्याग होने से ममता का त्याग स्वतः हो जाता है। इसलिये कर्मयोग में पहले ‘ममता’ मिटती है, फिर ‘अहंता’ स्वतः मिट जाती है, और ज्ञानयोग में पहले ‘अहंता’ मिटती है, फिर ‘ममता’ स्वतः मिट जाती है। अहंता और ममता के मिटने पर कर्तापन और भोक्तापन भी मिट जाते हैं।


कर्मयोगी अपने लिये कोई कर्म करता ही नहीं और कुछ चाहता ही नहीं; अतः वह कर्मों के फल का भोक्ता नहीं बनता। जैसे, एक व्यक्ति को, यहाँ कई दंड भोगने हैं। परंतु वह मर जाय तो यहाँ उसके सभी दंड समाप्त हो जाते हैं; क्योंकि जब भोगने वाला व्यक्ति ही नहीं रहा, तब दंड भोगेगा ही कौन? ऐसे ही जब कर्मयोगी का भोक्तापन मिट जाता है, तब उसके सभी कर्म समाप्त हो जाते हैं; क्योंकि जब भोक्ता ही नहीं रहा, तब कर्मों का फल भोगेगा ही कौन?


2. इसी अध्याय के नवें श्लोक में भगवान ने कहा कि मेरे जन्म और कर्म दिव्य हैं- इस प्रकार जो मनुष्य तत्त्व से जान लेता है, वह मेरे को प्राप्त होता है। जन्म तो केवल भगवान के ही दिव्य होते हैं, पर कर्म मनुष्य मात्र के भी[6] दिव्य हो सकते हैं। अतः इसी अध्याय के चौदहवें श्लोक में भगवान अपने कर्मों की दिव्यता का कारण बताते हैं कि कर्मों के फल में मेरी स्पृहा नहीं है, इसलिये मुझे कर्म लिप्त नहीं करते अर्थात मेरे कर्म अकर्म हो जाते हैं। इस प्रकार कर्मों का तत्त्व जानकर जो कर्म करता है, उसके भी कर्म अकर्म हो जाते हैं। फिर पंद्रहवें श्लोक में भगवान ने कहा कि मुमुक्षुओं ने भी इसी प्रकार जानकर कर्म किये हैं। इसके बाद सोलहवें श्लोक में भगवान कर्मों का तत्त्व कहने की प्रतिज्ञा करते हैं, और सत्रहवें श्लोक में कहते हैं कि कर्म, विकर्म और अकर्म तीनों का तत्त्व जानना चाहिये। फिर अठारहवें श्लोक में भगवान ने मुख्यरूप से कर्मों का तत्त्व बतलाया।


कामना से ‘कर्म’ होते हैं, कामना के बढ़ने पर ‘विकर्म’ होते हैं और कामना का अत्यंत अभाव होने से ‘अकर्म’ होता है। मूल में इस प्रकरण का तात्पर्य ‘अकर्म’ का वर्णन करना ही है। इसीलिये भगवान ने कर्म और विकर्म- दोनों के मूल कारण ‘कामना’ के त्याग का तथा ‘अकर्म का’ वर्णन उन्नीसवें से तेइसवें श्लोक तक प्रत्येक श्लोक में किया है और अंत में बत्तीसवें श्लोक में इस प्रकरण का उपसंहार किया है।




दिव्य कर्म

 


शांत ब्रह्म को अपना लक्ष्य बनाओ तो संसार और उसके समस्त कर्मों का त्याग करना ही होगा; और उन ईश्वर, भगवान्, पुरुषोत्तम को अपना लक्ष्य बनाओ, जो कर्म के परे होने पर भी कर्म के आंतरिक अध्यात्मिक कारण और ध्येय तथा मूल संकल्प है, तो संसार अपने सारे कर्मों के साथ जीत लिया जाता और पुरुष अपने जगत् से परे दिव्य स्वरूप में स्थित होकर उस पर अधिकार रखता है। संसार तब कारगार नहीं रहता, बल्कि ‘समृद्ध राज्य‘ बन जाता है जिसे हमने दैत्यराट् अहंकार की सीमा का नाश कर, कामनारूपी जेलर के बंधन को काटकर और अपनी वैयक्तिक संपति और भोग के कैदखाने को तोड़कर, आध्यात्मिक जीवन के लिये जीता है। तब बंधनों से मुक्त विश्वात्मभूत अंतरात्मा ही स्वराट्-सम्राट हो जाती है।


इस प्रकार यह सिद्ध हुआ कि यज्ञ-कर्म मुक्ति और अपूर्ण संसिद्धि के साधन हैं “उस महान् प्राचीन योग के करने वाले जनक और अन्य बड़े-बड़े कर्मयोगी बिना किसी अहंता-ममता के सम और निष्काम कर्म को यज्ञ रूप से करके संसिद्धि को प्राप्त हुए”, उसी प्रकार और उसी निष्कामता के साथ, मुक्ति और संसिद्धि प्राप्त होने के पश्चात् भी हम विशाल भागवत भाव से तथा आध्यात्मिक प्रभुत्व से युक्त शांत प्रकृति से कर्म कर सकते हैं। जनता को एक साथ रोकने के लिये भी मुझे कर्म करना चाहिये, श्रेष्ठ पुरुष जो कुछ करते हैं उसी का इतर लोग अनुसरण् करते हैं; उन्हीं के निर्माण किये हुए प्रमाण को मानकर सर्वसाधारण लोग चलते हैं।


हे पार्थ, इस त्रिलोक में मेरे लिये कुछ भी ऐसा काम नहीं है जिसे करना मेरे लिये जरूरी हो, कोई चीज ऐसी नहीं है जो मुझे प्राप्त न हो और जिसे प्राप्त करना बाकी हो, फिर भी मैं कर्म करता ही हूँ ‘एव’ पद का फलितार्थ यह है कि मैं कर्म करता ही रहता हूँ और उन संन्यासियों की तरह कर्म को छोड़ नहीं देता जो यह समझते हैं कि कर्मों का त्याग तो हमें करना ही पड़ेगा। “यदि मैं कर्म-मार्ग में तंद्रारहित होकर लगा न रहूँ तो लोग-वे हर तरह से मेरे ही पीछे चलते हैं-मेरे कर्म न करने पर ध्वंस को प्राप्त हो जायेंगे और मैं संकर का कारण और इन प्राणियों का हंता बनूगां। जो जानते नहीं, वे कर्म में आसक्त होकर कर्म करते हैं पर जो जानता है उसे लोक संग्रह का हेतु रखकर अनासक्त होकर कर्म करना चाहिये। कर्म में आसक्त रहने वाले अज्ञानियों का वह बुद्धिभेद न करे, बल्कि स्वयं ज्ञानयुक्त और योगस्थ होकर कर्म करके उन्हें सब कर्मों में लगावे।“


इन सांत श्लाकों से अधिक महत्त्वपूर्ण श्लोक गीता में कम ही हैं। परंतु हम इस बात को अच्छी तरह समझ लें कि इन श्लोकों का आधुनिक व्यवहारवादी वृत्तिवालों की तरह अर्थ लगाने का प्रयास न करना चाहिये, क्योंकि वे किसी उच्च और दूरस्थ आध्यात्मिक संभावना की अपेक्षा जगत् की वर्तमान अवस्था से ही मतलब रखते हैं-और इन श्लोकों का उपयोग समाज-सेवा, देश-सेवा, जगत्-सेवा, मानव-सेवा, तथा आधुनिक बुद्धि को आकर्षित करने वाली सैकड़ो प्रकार की समाज-सुधार की योजनाओं और स्वप्नों का दार्शनिक और धार्मिक समर्थन करने में करते हैं। यहाँ इन श्लोकों में जिस विधान की घोषणा की गयी है वह किसी व्यापक नैतिक और बौद्धिक परोपकार-निष्ठा का नियम नहीं, बल्कि ईश्वर के साथ और जो ईश्वर में रहते तथा जिनमें ईश्वर रहता है उन प्राणियों के इस जगत् के साथ आध्यात्मिक एकता का विधान है। यह विधान व्यक्ति को समाज और मानव-जाति के अधीन बना देने या मानव-समष्टि की वेदी पर व्यक्ति के अहंकार की बलि देने का आदेश नहीं है, बल्कि ईश्वर में व्यक्ति को परिपूर्ण करने और अहंकार को सर्वग्राही भागवत सत्ता की एकमात्र सच्ची वेदी पर बलि चढ़ाने की आज्ञा है।


गीता भावनाओं और अनुभूतियों की एक ऐसी भूमिका पर विचरण करती है जो आधुनिक मन मन की भावनाओं और अनुभूतियों की भूमिका से ऊंची है। आधुनिक मन वस्तुतः अभी अहंकार के फंदों को काटने के लिये संघर्ष करने की अवस्था में है; परंतु अब भी उसकी दृष्टि लौकिक है और उसका भाव आध्यात्मिक नहीं, बौद्धिक और नैतिक है। देश-प्रेम, विश्वबंधुत्व, समाज-सेवा, समष्टि-सेवा, मानव-सेवा, मानव-जाति का आदर्श या धर्म, ये सब व्यष्टिगत, पारिवारिक सामाजिक और राष्ट्रीय अहंकारूपी पहली अवस्था से निकलकर दूसरी अवस्था में जाने के लिये सराहनीय साधन हैं, इस अवस्था में पहुँचकर व्यष्टि, जहाँ तक कि बौद्धिक, नैतिक और भावावेगमयी भूमिकाओं पर संभव है, यह अनुभव करता है कि मेरी अस्तित्व दूसरे सब प्राणियों के अस्तित्व के साथ एक है। यहाँ यह जान लेना चाहिये कि इन भूमिकाओं पर वह इस अनुभव को पूरे तौर पर और ठीक-ठीक तथा अपनी सत्ता के पूर्ण सत्य के अनुसार नहीं प्राप्त कर सकता। परंतु गीता के विचार इस दूसरी अवस्था के भी परे जाकर हमारी विकसनशील आत्म-चेतना की एक तीसरी अवस्था का दिग्दर्शन कराते हैं जिसमें पहुँचने के लिये दूसरी अवस्था केवल आंशिक प्रगति है। भारत का सामाजिक झुकाव व्यक्ति को समाज के दावों के अधीन रखने की और रहा है, किंतु भारत के धार्मिक चिंतन और आध्यात्मिक अनुसंधान का लक्ष्य सदा ही उदात्तरूप से वैयक्तिक रहा है।

गीता जैसा भरतीय दर्शनशास्त्र व्यक्ति के विकास को, उसकी उच्चतम आवश्यकता को, अपनी विशालतम आध्यात्मिक स्वतंत्रता, माहनता, गौरव और प्रभुत्व का विकास कर उन्हें उपयोग में लाने के दावे को और आध्यात्मिक अर्थ में जिसको दृष्टा और स्वराट् कहा जाता है वैसे प्रकाशमान दृष्टा और स्वराट्-पद में विकसित होने के लक्ष्य को सबसे पहला स्थान दिये बिना नहीं रह सकता और यही प्राचीन वैदिक ऋषियों की आदर्श मानवजाति के संबध में पहला महान् अधिकारपत्र था। व्यक्ति के लिये वैदिक ऋषियों का यही लक्ष्य था कि वह जो कुछ है उसके आगे बढ़े, अपने वैयक्तिक उद्देश्यों को किसी सुसंगठित मनुष्य-समाज के उद्देश्य में खोकर नहीं, बल्कि ईश्वर की चेतना में अपने-आपको फेला के, ऊचां करके और बढ़ाके। गीता यहाँ जिस नियम का विधान कर रही है वह नियम मानव-श्रेष्ट के लिये, अतिमानव के लिये, दिव्यकृत मानव सत्ता के लिये है। गीता का अतिमानव या मानवश्रेष्ठ एकांगी नहीं है, बेढंगा नहीं है, यह अतिमानवता नीत्शे की अतिमानवता नहीं है, यह अतिमानवता यूनानी ओलिमपस्[1] अपोलों[2] या डायोनीसियस[3] जैसी अथवा देवदूत और दैत्य के जैसी अतिमानवता नहीं है। गीता का अतिमानव वह मनुष्य है जिसका सारा व्यक्त्तिव एक मेवाद्धितीय परात्पर विश्वव्यापी भगवान् को सत्ता, प्रकृति और चेतना पर उत्सर्ग हो गया है और जिसने अपने क्षुद्र भाव को खोकर अपनी महत्तर आत्मा को, अपने दिव्य स्वरूप को पा लिया है। निम्नतर अपूर्ण प्रकृति से, त्रैगुण्यमयी माया से अपने-आपको ऊपर उठाना और भागवत् सत्ता, चेतना और प्रकृति के साथ[4] एक हो जाना, यही योग का लक्ष्य है।


परंतु जब यह लक्ष्य प्राप्त हो जाता है, जब मनुष्य ब्राह्मी स्थिति में पहुँच जाता है और अपने-आपको तथा जगत् को मिथ्या अहंकर की दृष्टि से नहीं देखता, बल्कि प्राणिमात्र को आत्मा में, ईश्वर में देखता है और आत्मा को, ईश्वर को प्राणिमात्र में देखता है तब उसका कर्म कैसा होगा क्योंकि कर्म तो फिर भी रहेगा ही जो उसके ब्राह्मी स्थिति के ज्ञान से उद्भूत होता है, और फिर उसके कर्मों से विश्वगत या व्यक्तिगत हेतु क्या होगा? यही अर्जुन का प्रश्न[5] है, किंतु अर्जुन ने जिस दृष्टिबिन्दु से प्रश्न किया था उससे अलग ही दृष्टिबिंदु से उत्तर दिया गया। अब बौद्धिक, नैतिक, भावावेगमय स्तर की कोई वैयक्त्कि कामना उसके कर्म का हेतु नहीं हो सकती, क्योंकि वह तो छोड़ी जा चुकी,-नैतिक हेतु भी छोड़ा जा चुका, क्योंकि मुक्त पुरुष पाप-पुण्य के भेद से ऊपर उठकर, उस महिमान्वित पवित्रता में रहता है जो शुभ और अशुभ के परे है। निष्काम कर्म के द्वारा पूर्ण आत्म-विकास करने के लिये आध्यात्मिक आवाहन भी अब उसके कर्म का हेतु नहीं हो सकता, क्योंकि इस आवाहन का तो उत्तर मिल चुका, उसका आत्म-विकास सिद्ध और पूर्ण हो चुका।


तब उसके कर्मों का एकमात्र हेतु लोकसंग्रह ही हो सकता है, ये सब लोग जो किसी अतिदूरस्थति भागवत आदर्श की ओर जा रहे हैं, उन्हें एक साथ रखना होगा, उन्हें मोह में गिरने से, बुद्धि-भेद और बुद्धिभ्रंश में जा गिरने से बचाना हो; नहीं तो ये कर्तव्यविमूढ़ और नष्ट-भ्रष्ट हो जायेंगें-दुनिया जो अपने अज्ञान की अंधेरी रात या अंधेरे अर्धप्रकाश में आगे बढ़ती जा रही है उसे यदि श्रेष्ठ पुरुषों के ज्ञानलोक, बल, आचरण, उदाहरण और दृश्य मानक तथा अद्श्य प्रभाव के द्वारा एक साथ न रखा जायेगा, इसे वह रास्ता न दिखाया जायेगा जिसपर चलने में ही इसका कल्याण है तो वह विघटन और विनाश की और सहजरूप से प्रवत्ता होगी। श्रेष्ठ पुरुष अर्थात् वे व्यक्ति जो जनसमूह की सर्वसाधरण पंक्ति और सर्वसाधारण भूमिका से आगे बढे़ हुए हैं, वे ही मनुष्यजात के स्वभावसिद्ध नेता हैं, क्योंकि वे ही जाति को उसके चलने का रास्ता दिखा सकते हैं और वह पैमाना या आदर्श उसके सामने रख सकते हैं जिसके अनुसार वह अपना जीवन बनावे। परंतु देवमनुष्य की यह श्रेष्ठता ऐसी-वैसी नहीं है; इसका प्रभा, इसका उदाहरण इतना सामर्थ्यवान् होता है कि सामानयतः हम जिसे श्रेष्ठ कहते हैं उसमें वह प्रभाव या बल नहीं हो सकता। तब वह जिस उदाहरण को लोगों के सामने रखेगा, वह क्या होगा? वह किसी विधान या प्रमाण को मानकर चलेगा? अपने आशय को और भी अच्छी तरह स्पष्ट करने के लिये भगवान् गुरु, अवतार, अपना ही उदाहरण? अपना ही मानक अर्जुन के सामने रखते हैं। वे कहते हैं, मैं कर्म मार्ग पर चलता हूं, उस मार्ग पर जिसका सब मनुष्य अनुसरण करते हैं; तुझे भी कर्म-मार्ग पर चलना होगा। जिस प्रकार मैं कर्म करता हूँ उसी प्रकार तुझे भी कर्म करना होगा। मैं कर्मों की आवश्यकता से परे हूँ क्योंकि मुझे उनसे कुछ नहीं पाना है; मैं भगवान हूँ किसी भी अर्थ की प्राप्ति के लिये मैं इस त्रिलोक में किसी भी पदार्थ या प्राणी का आश्रित नहीं हूं; तथापि मैं कर्म करता हॅूं। कर्म करने का यही तरीका और यही भाव मुझे भी ग्रहण करना होगा। मैं पवरमेश्वर ही नियम और मानक हूं; मैं ही वह मार्ग बनाता हूँ जिस पर लोग चलते हैं। मैं ही मार्ग हूँ और में ही गंतव्य स्थान। पर मैं यह सब उदार और व्यापक रूप से करता हूँ जिसका केवल अशं दिखायी देता है और उससे कहीं अधिक अद्ष्ठ रहता है; मनुष्य यथार्थ रूप से मेरे कर्म की रीति को नहीं जानते। जब तू जान और देख सकेगा, जब तू देवमनुष्य बनेगा तब तू ईश्वर की ही एक व्यष्टि-शक्त् हो जायेगा, मनुष्य के लिये मनुष्य-रूप में एक दिव्य दृष्टांत बन जायेगा, वैसी ही जैसे मैं अवतार-रूप में हूँ।


अधिकांश मनुष्य अज्ञान में रहते हैं, ईश्वर-दृष्टा ज्ञान में रहता है; पर उसे अपनी श्रेष्ठता के वश संसार के कर्मों का त्याग करके मनुष्यों के सामने ऐसा खतरनाक उदाहरण न रखना चाहिये जिससे उनमें बुद्धिभेद हो; कर्म के सूत को पूरा कात लेने से पहले उसे बीच में ही न काटना चाहिये। जिन मार्गों को मैंने बनाया है उनकी चढ़ती-उतरती अवस्थाओं और श्रेणियों में उलझने उन्हें यथार्थ न बनाना चाहिये। इस सारे मानव कर्म-क्षेत्र की व्यवस्था मेंने इसलिये की है कि मनुष्य अपरा प्रकृति से परा प्रकृति में पहुँच जाये और अपने बाह्म भागवत रूप से सचेतन भागवत स्वरूप को प्राप्त हो। ईश्वेता मानव-कर्मों के सारे क्षेत्र में विचरण करता रहेगा। उसकी सारी व्यकितगत और सामाजिक क्रिया, उसकी बुद्धि, हृदय और शरीर के सारे कर्म अब भी उसके होंगें, पर अपने पृथक व्यक्तित्व के लिये नहीं बल्कि संसार में स्थित उन ईश्वर के लिये जो सब प्राणियों में विराज रहे हैं, और इसलिये कि वे सब प्राणी, स्वयं उसकी तरह ही, कर्ममार्ग पर चलकर उन्नत हों और अपने अंदर भगवान् को खोज लें।


हो सकता है कि बाह्मतः उसके और अन्य मनुष्यों के कर्मों में कोई मौलिक अंतर न हो; युद्ध शासन, शिक्षादान, और ज्ञानचर्चा, मनुष्य के साथ मनुष्य के जितने विभिन्न प्रकार के आदान-प्रदान हो सकते हैं। वे सभी उसके हिस्से पड़ सकते हैं। पर जिस भाव से वह इन कर्मों को करेगा वह अंश भिन्न होगा और उसीका यह प्रभाव होगा कि लोग उसकी ऊंची स्थिति की और खिंचे चले आयेंगे, यह मानव समूह के आरोहण में एक बड़े उत्तोलक यंत्र का काम देगा। मुक्त मनुष्य के लिये भगवान् ने जो अपना दृष्टांत रखा वह गंभीर अर्थपूर्ण है; क्योंकि इस दृष्टांत से दिव्य कर्मों के बंधन में गीता का आधार संपूर्ण रूप से प्रकट हो जाता है। मुक्त पुरुष वही है जिसने अपने-आपको भगवत प्रकृति में उठा लिया है और उसी भागवत प्रकृति के अनुसार सब कर्म करता है। पर यह भागवत प्रकृति है क्या? वह पूरी तरह अपने-आपमें केवल अचल, अक्रता, नैर्व्यक्तिक, अक्षर, ब्रह्म की ही प्रकृति नहीं है; क्योंकि यह भाव मुक्त पुरुष को निष्क्रिय निश्चलता की और ले जायेगा। यह केवल विविध, व्यष्टिगत, प्रकृतिबद्ध क्षर पुरुष की प्रकृति भी नहीं है, क्योंकि ऐसा ही जो तो मुक्त पुरुष फिर से अपने व्यष्टितव के तथा अपरा प्रकृति और उसके गुणों के अधीन हो जायेगा। यह भागवत प्रकृति उन पुरुषोत्तम की प्रकृति है जो अक्षर भाव और क्षर भव दोनों को एक साथ धारण करते और अपनी परम दिव्यता के द्वारा एक भागवत सांमजस्य में इनका समन्वय करते हैं।


यही भगवतसत्ता का परम रहस्य है, प्रकृति से बंधे हुए लोग जिस व्यष्टिगत भाव से कर्म किया करते हैं उस अर्थ में भगवान् कर्मों के कर्ता नहीं हैं; क्योंकि भगवान् अपनी शक्ति, माया, प्रकृति के द्वारा कर्म करते हैं, फिर भी उससे ऊपर रहते हैं, उसमें फंसते नहीं, उसे अधीन नहीं होते, ऐसे नहीं है कि उसके बनाये हुए नियमों, कार्य प्रणालियों और कर्म-संस्कारों से ऊपर न उठ सकें और उन्हीं में आसक्त या बंधे रहें तथा हम लोगों की तरह मन-प्राण- शरीर की क्रियाओं से अपने-आपको अलग न कर सकें। वे कर्मों के ऐसे कर्ता हैं जिन्हें अकर्ता समझना चाहिये, भगवान् कहते हैं कि “चातुर्वण्य का कर्ता में हूँ पर मुझे अविनाशी अकर्ता जान। कर्म मुझे लिप्त नहीं करते, न कर्मफलों की मुझे कोई स्पृहा है।“ फिर भी भगवान् निष्क्रिीय, उदासीन और निर्बल साक्षिमात्र नहीं हैं; क्योंकि वे ही अपनी शक्ति के पदक्षेपों और मानदंडो में कर्म करते हैं; प्रकृति की प्रत्येक गति में, प्राणिजगत् के प्रत्येक अणु में उन्हीं की उपस्थिति व्याप्त है, उन्हीं की चेतना भरी हुई है, उन्हीं का संकल्प काम कर रहा है, उन्हीं का ज्ञान रूपान्वित कर रहा है। फिर वे ऐसे निर्गुण हैं जिनमें सब गुण हैं। उपनिषदें उन्हें निर्गुणो गुणी कहती हैं। वे प्रकृति के किसी गुण या कर्म से बधे नहीं हैं, न वे हमारे व्यक्तित्व की तरह प्रकृति के गुणधर्मों के समूहों से तथा मानसिक, नैतिक, भावावेगमय, प्राणमय और भौतिक सत्त्ता की लाचणिक क्रियाओं से बने हैं। वे तो समस्त धर्मों और गुणों के मूलों और किसी भी गुण या धर्म को अनिच्छा के अनुसार जब चाहें, जितना चाहें जिस प्रकार चाहें विकसित करने की क्षमता रखते हैं, वे वह अनंत सत्ता हैं जिसके वे सब भूतभाव हैं। वह सत्ता अपरिमेय राशि और असीम अनिर्वचनीय तत्त्व है जिसके ये सब परिमाण, संख्या और प्रतीक हैं और जिसको ये विश्व के मानदंड के अनुसार छंदोबद्ध और संख्याबद्ध करते हैं। फिर भी वे कोई नैर्व्यक्त्कि अनिदिंष्ट सत्ता ही नहीं हैं, न केवल ऐसी सचेतन सत्ता है जहाँ से समस्त निर्देश और व्यष्टिभाव अपना उपादान प्राप्त करते रहें, बल्कि वे परम सत्त्ता हैं, अद्वितीय मूल चिन्मय सत्य हैं, पूर्ण पुरुष हैं जिनके साथ अत्यंत स्थूल और घनिष्ठ सभी प्रकार के मानव-संबंध स्थपित किये जा सकते हैं; क्योंकि वे सुहृद सखा, प्रेमी, खेल के संगी, पथ के दिखाने वाले, गुरु, प्रभु, ज्ञानदाता, आनंददाता हैं और इन सब संबधों में रहते हुए भी इनसे अलिप्त, मुक्त और निरपेक्ष हैं देवनर भी, अपनी यथाप्राप्त सिद्धि के अनुसार व्यक्तिभाव में रहते हुए नैर्व्यक्तिक ही, सांसारिक जनों के साथ सब प्रकार के अत्यंत वैयक्त्कि और घनिष्ठ संबंध रखते हुए भी गुण या कर्म से सर्वथा अलिप्त, धर्म का बाह्मतः आचरण करते हुए उससे अनासक्त ही, रहता है।


न तो कर्मप्रधान मनुष्य की कर्मण्यता और न संन्यासी, वैरागी या निवृत्तिामार्गी की कर्मविहीन ज्योती, न तो कर्मी मुनष्य का प्रचंड व्यक्तित्व और न तत्त्वज्ञानी ऋषि का उदासीन नैर्वक्तित्व, इनमें से कोई भी संपूर्ण भागवत आदर्श नहीं है। ये संसारीजनों के तथा संन्यासी, वैरागी या निवृत्तिमार्गी के दो परस्पर-विरोधी सर्वथा भिन्न मानदंड हैं। इनमें से एक क्षर के कर्म में डूबे रहते हैं और दूसरे सर्वथा अक्षर की शंति में निवास करने का प्रयास करते हैं। परंतु समग्र भागवत आदर्श पुरुषोत्तम की प्रकृति की चीज है जो इस परस्पर-विरोधी के परे है और जिसमें सभी भागवत संभावनाओं का समन्वय होता है। कर्मी मनुष्य किसी ऐसे आदर्श से संतुष्ट नहीं होता जो इस विश्वप्रकृति की, इसकी इस त्रिगुणक्रीडा़ की, मन-बुद्धि-हृदय-शरीर के इस मानव-कर्म की परिपूर्णता पर अवलंबित न हो। वह कह सकता है कि इस कर्म की चरम परिपूर्णता ही मेरी समझ में मनुष्य की परम सिद्धि है, मनुष्य की भागवत संभावना से मैं जो कुछ समझता हूँ वह यही है; जिस आदर्श से मानव-प्राणी को संतोष हो सकता है वह ऐसा आदर्श होना चाहिये जो मनुष्य की बुद्धि को, उसके हृदय को, उसकी नैतिक सत्ता को संतुष्ट कर सके, वह ऐसा आदर्श होना चाहिये जो कर्मरत मानव-प्रकृति का है; .


वह कह सकता है कि मेरे सामने तो कोई ऐसी चीज होनी चाहिये जिसे मैं अपने मन, प्राण और शरीर की क्रिया में पा सकूंगा। क्योंकि यही उसकी प्रकृति और उसका धर्म है और जो बीज उसकी प्रकृति के बाहर की हो उसमें वह अपने-आपको कैसे परिपूर्ण कर सकता है? क्योंकि प्रत्येक जीवन अपनी प्रकृति से बंधा है और उसे अपनी सिद्धि को इस दायरे के अंदर ढूंढना होगा। हमारी मानव-प्रकृति के अनुसार ही हमारी मानव-सिद्धि हो सकती है और इसलिये प्रत्येक मनुष्य को उसके लिये अपने व्यष्टिधर्म अर्थात् स्वधर्म के अनुसार अपने जीवन और कर्म में यत्न करना चाहिये, जीवन और कर्म के बाहर नहीं इस बात को गीता यह उत्तर देती है कि हां, इसमें भी एक सत्य है; मनुष्य के अंदर ईश्वर की पूर्ण अभिव्यक्ति, जीवन में भगवान्, की लीला अवश्य ही आदर्श सिद्धि का एक अंग हैं परंतु यदि तुम उसे केवल बाहर ढूंढ़ो, जीवन में और कर्म के सिद्धांत में ही उसकी खोज करते रहो तो तुम उसे कभी नहीं पा सकते;-क्योंकि तब तुम केवल इतना ही नहीं करोगे कि अपनी प्रकृति के अनुसार ही कर्म करो, जो अपने-आपको सिद्धि का ही एक विधान है-बल्कि सदा उसके गुंणों के अधीन रहोगे (और यह असिद्धि का एक लक्षण है ) सदा राग-द्वेष और सुख-दुख के द्वंदों में धक्के खाते रहोगे, विशेषतः प्रकृति की उस राजसी प्रवृत्ति के वश हो जाओगे जो काम का चंचल सर्वग्रासी तत्त्व है और क्रोध, शोक और लालसा जिसके जाल हैं, जो कभी संतुष्ट न होने वाली आग है।


जिससे तुम्हारा सारा सांसारिक कर्म घिरा रहता है, जो ज्ञान का चिरशत्रु है जिससे हमारे स्वभाव के अंदर ज्ञान वैसे ही ढका रहता है, जैसे आग धुएं से या दर्पण धूल से। यदि तुम आत्मस्वरूप के शांत, स्वच्छ और प्रकाशमय सत्य में रहना चाहते हो तो इस काम को मार ही डालना होगा। इन्द्रियों, मन और बुद्धि अर्पूर्णता के इस अनादि कारण के अधिष्ठान हैं और इस पर भी तुम इनमें, निम्न प्रकृति की क्रीड़ा में ही सिद्धि की खोज करना चाहते हो यह प्रयास व्यर्थ है। तुम्हारी प्रकृति का जो कर्म-पार्श्व है उसे पहले निवृत्ति से ऊपर उठाकर उस प्रकृति में लाना होगा जो त्रिगुण के ऊपर है, जो परमत्तव में, आत्मतत्त्व में प्रतिष्ठित हैं जब तम्हें वह आत्मप्रसाद लाभ होगा तभी तुम मुक्त भागवत कर्म करने में समर्थ होंगे। इसके विपरीत शांतिप्रार्थी, वैरागी या संन्यासी किसी ऐसी सिद्धि की संभावना नहीं देखते जिसमें जीवन और कर्म का प्रवेश हो सके। वे कहते हैं क्या जीवन और कर्म ही अपूर्णता और बंधन के घर नहीं हैं? क्या अपूर्णता कर्म के साथ वैसे ही नहीं लगे रहती जैसे अग्नि के साथ धुंआ? क्या कर्म का धर्म कहीं रासिक नहीं है?


इस रजोगुण से ही तो कामना पैदा हाती है और इसका फल होता है ज्ञान को ढक देना, कामना तथा असफलता और विफलता के अंदर चक्कर काटते रहना, हर्ष और शोक में डोलते रहना, पुण्य और पाप के द्वंद्व में फंसे रहना। परमेश्वर संसार में हो सकते हैं, पर वे संसार के नहीं हैं, वे त्याग के ईश्वर हैं, हमारे कर्मों के प्रभु या कारण नहीं। हमारे कर्मों का स्वामी काम है और उनका कारण अज्ञान। यदि यह जगत्, यह क्षर सृष्टि किसी प्रकार भगवान की अभिव्यक्ति या लीला कही भी जाये तो यह यज्ञ मूढ़ प्रकति के साथ उनकी असिद्ध क्रीड़ा है, यह उनकी अभिव्यक्ति नहीं बल्कि उनका ढकाव ही है। संसार की प्रकृति के प्रथम दर्शन में ही यह बात स्पष्ट हो जाती है और जगत् के पूर्ण अनुभव से भी क्या इसी सत्य की शिक्षा नहीं मिलती? क्या यह अज्ञान का वह चक्र नहीं है जो जीव को कामना और कर्म की प्रेरणा के द्वार बार-बार जन्म लेने के लिये विश्वास करता है और क्या यह जन्म लेना तभी बंद न होगा जब अंत में इस प्रेरणा का क्षय हो जाये या फिर इसे त्याग दिया जाये? केवल कामना ही नहीं, किंतु कर्म भी छोड़ देना आवश्यक है, तभी तो निश्चल आत्मा में प्रतिष्ठित होकर जीव गतिहीन, कर्महीन, क्षोभहीन, केवल ब्रह्म में जा सकेगा। गीता ने संसारी मनुष्य की, कर्मी व्यक्ति की आपत्तियों की अपेक्षा निर्गुण्रह्मवादी, शांतिप्रार्थी की आपत्तियों का उत्तर देने पर ज्यादा ध्यान दिया है।


इसका कारण यह है कि निवृत्तिमार्ग एक उच्चतर और बलवत्तर सत्य का आश्रय लिए हैं-अवश्य ही यह सत्य भी अभी समग्र या परम सत्य नहीं है-और यदि इस धर्म को मनुष्य जीवन का विश्वव्यापी, पूर्ण और उच्चतम आदर्श कहकर फेलाया जाये तो इसका परिणाम मानवजाति के लक्ष्य की और आगे बढ़ने में कर्मवाद की मूल की अपेक्षा कहीं अधिक बुद्धिभेद और अनिष्ट करने वाला हो सकता है। जब कोई भी बलवान् ऐकांगी सत्य पूर्ण सत्य के रूप में सामने रखा जाता है तो उसका प्रकाश बहुत तीव्र होता है, पर साथ ही उससे बहुत तीव्र संकर भी होता है; क्योंकि उसमें जो सत्यांश है उसकी तीव्रता ही उसके प्रमोद वाले अंश को बढ़ाने वाली होती है। कर्मवादियों के आदर्श में जो भूल है उससे केवल अज्ञान में पड़े रहने की अवधि लंबी हो जाती है और मानव-उन्नति का क्रम रुक जाता है, क्योंकि यह कर्मवाद् मनुष्यों को पूर्णता या सिद्धि का अनुसंधान करने के लिये ऐसे मार्ग में प्रवृत्त करता है जहाँ सिद्धि या पूर्णता है ही नहीं; परंतु निवृत्तिमार्ग के आदर्श में जो भूल है उसमें तो संसार के नाश का बीज है। श्रीकृष्ण कहते हैं कि यदि इस आदर्श को सामने रखकर मैं कर्म करूं तो मैं इन सब प्राणियों का खात्मा कर दूंगा और संसार का कर्ता बनूंगा।


यद्यापि किसी व्यष्टि-पुरुष की भाल से, चाहे वह देवतुल्य पुरुष ही क्यों न हो, सारी मानव जाति नष्ट नहीं हो सकती तथापि उसे कोई ऐसी विस्तृत विश्रृंखला पैदा हो सकती है जो मानव-जीवन के मूल तत्त्व को ही काटने वाली और उसकी उन्नति के सुनिश्चित क्रम को बिगाड़ने वाली हो सकती है। जो मानव-जीवन के मूल तत्त्व को ही काटने वाली और उसकी उन्नति के सुनिश्चित क्रम को बिगाड़ने वाली हो। इसलिये मनुष्य के अंदर जो निवृत्ति का झुकाव है उसे अपनी अपूर्णता को जान लेना चाहिये और प्रवृत्ति के झुकाव के पीछे जो सत्य है, अर्थात् मनुष्य के अंदर भगवान की पूर्णता और मानव जाति के कर्मों में भगवान् की उपस्थिति, उसको भी अपनी बराबरी का स्थान देना होगा। भगवान् केवल नीरवता में ही नहीं है, कर्म में भी है। जिस पर प्रकृति का कोई असर नहीं पड़ता ऐसे निष्कर्म पुरुष की निवृत्ति, और जो अपने-आपको इसलिये प्रकृति के हवाले कर देता है कि यह मानव विश्व-यज्ञ संपन्न हो ऐसे कर्मी पुरुष की प्रवृत्ति, ये दोनों बातें-निवृत्ति और प्रवृत्ति-कोई ऐसी चीजें नहीं हैं जिनमें से एक सच्ची हो और दूसरी झूंठी और इन दोनों का सदा से संग्राम चला आया हो, अथवा यह भी नहीं है कि ये कि विरोधी हैं, एक श्रेष्ट और दूसरी कनिष्ट है और दोनों एक-दूसरे के लिये एक-दूसरे के लिये घातक हैं; बल्कि भागवत प्राकट्‌य का यह द्विविध भाव है। अक्षर अकेला ही इनकी परिपूर्णता की कुंजी या परम रहस्य नहीं है।


इन दोनों की परिपूर्णता को, इनके समन्वय को पुरुषोत्तम-भाव में खोजना होगा जो यहाँ श्रीकृष्ण रूप से उपस्थित हैं। देवनर उन्हींकी दिव्य प्रकृति में प्रवेश करके उसी तरह कर्म करेगा जैसे वे करते हैं; वह अकर्म की शरण नहीं लेगा। अज्ञानी और और ज्ञानी दोनों ही मनुष्यों में भगवान् कार्य कर रहे हैं। उन भगवान् का ज्ञान हो, यही जीव का परम कल्याण और उसकी सिद्धि की शर्त है, किंतु उन्हें विश्वतीत शांति और निश्चल-नीरवता के रूप में जानना और उपलब्ध करना ही सब कुछ नहीं है। जिस रहस्य को जानना है वह तो अज अव्यय परमात्मा और उनके दिव्य जन्म-कर्म का रहस्य है, इस ज्ञान से जो कर्म निःसृत होता है वह सब बंधनों से मुक्त होता है, “इस प्रकार जो मुझे जीतना है”, भगवान् कहते हैं कि, “वह कर्मों से नहीं बंधता।“ यदि कर्म और वासना के बंधन से और पुर्जन्म के चक्र से छूटना उद्देश्य और आदर्श हो तो ऐसे ज्ञान को ही सच्चा ज्ञान, मुक्ति का प्रशस्त पथ जानना होगा; कारण गीता का कथन है कि, है “हे अर्जुन, जो तत्त्वतः मेरे दिव्य जन्म-कर्म को जानता है, वह इस शरीर को छोड़ने पर, पुनर्जन्म को नहीं बल्कि, मुझे प्राप्त होता है।“ दिव्य जन्म को जानकर और अधिकृत करके वह अज अव्यय भगवान् को, जो सकलांतरात्मा हैं, प्राप्त होता है; और दिव्य कर्मों के ज्ञान और आरचरण से कर्मों के अधीश्वर को, सब प्राणियों के ईश्वर, को प्राप्त होता है। तब वह अज अविनाशी सत्ता में ही रहता है; उसके कर्म उस सर्व- लोकमहेश्वर के कर्म होते हैं।



लोकप्रिय विषय

आज का विषय