कर्म योग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कर्म योग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

कर्म की अनिवार्यता


जब कर्म अनिवार्य हैं तब उन्हें व्यवस्थित, मर्यादित और प्रयोजनपूर्वक करना चाहिए। प्रयोजन में भी चार बातें ध्यान करने लायक हैं। एक तो यह कि इससे लोक का भला होता है। दूसरे, इससे अन्तःकरण की शुद्धि होती है, तीसरे, इससे परमेश्वर प्रसन्न होते हैं। चौथे इसको पूरा करना हमारा कर्तव्य है, वैसे किसी काम को पूरा करना अपने वश की बात नहीं। यह भी एक कामना ही है। यदि भगवती भागीरथी ब्रह्मलोक से धरती पर आ सकती हैं तो हमारी दूसरी, तीसरी पीढ़ी भी हमारे अधूरे काम को पूरा कर सकती है। अपने से जितना सम्भव हो सके उतना करते चलना चाहिए।

कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणैः।

काम करने का ढोंग बिलकुल नहीं करना चाहिए। ढोंग क्या है? यही कि हम चाहते तो हैं सब कुछ परन्तु बोलते हैं कि हमको कुछ नहीं चाहिए। ढोंग का पता कर्म से भी चलता है। मैं निष्काम हूँ, कहने मात्र से मनुष्य निष्काम नहीं होता। जब वह अपनी कामना का सदुपयोग करता है तब निष्काम होता है। पहले शुभकामना होना चाहिए फिर भगवत्प्राप्ति की कामना होनी चाहिए और फिर भगवान मिले-मिलाये हैं- यह ज्ञान हो जाने पर कामना की निवृत्ति करनी चाहिए। कामना अपने हाथ में नहीं कि जब हम चाहेंगे तब उसको उठाकर फेंक देंगे। क्रम-क्रम से अभ्यास करने पर ही निष्कामता आ सकती है।


अब फिर यह प्रश्न उठा कि कार्य कैसे करना चाहिए? इसका उत्तर श्रीकृष्ण देते हैं कि मनसे इन्द्रियों को वश में करके कर्म करना चाहिए-


यस्त्विन्द्रराणि मनसा नियम्यारभतेऽर्जुन।

कर्मेंन्द्रियै कर्मयोगमसक्त स विशिष्यते॥


विशिष्ट कर्ता अथवा अच्छा काम करने वाला वही है जो किसी कर्म में आसक्त नहीं होता। उसे इन्द्रियों की चर्चा में नहीं पड़ना चाहिए। खाने-पीने की व्यवस्था तो जीवन में होनी ही चाहिए, अन्यथा अपने आपको ही मार डालेंगे। ऐसा भोग जो कर्म-शक्ति का ही लोप कर दे, वर्जित है। ऐसी दवा भी जिसको खाने से दो-चार-दस दिन तो लाभ प्रतीत हो, अच्छा भोग मिले, बाद में भोग-शक्ति का ही लोप हो जाये, निषिद्ध है। हमें तो ऐसी खुराक चाहिए जिससे मेधा प्राप्त हो, बुद्धि प्राप्त हो।


ये छह बातें ध्यान में रखने योग्य हैं-

पहली, यदि आप सिद्धि चाहते हैं तो भी कार्य करना चाहिए।

दूसरी, केवल कर्मत्याग से कोई सिद्धि नहीं मिलती।

तीसरी, बिना कर्म किये कोई रह नहीं सकता।

चौथी, वासना रखकर कर्म छोड़ दोगे तो पतन हो जायेगा।

पाँचवी, वासना मिटाने के लिए व्यवस्थित कर्म अपेक्षित है।

छठी, कर्म के अभाव में मनुष्य का जीवन चल ही नहीं सकता। इस पर थोड़ा और विचार करें। यदि कर्म नहीं होगा तो शरीर की यात्रा चल ही नहीं सकती-


शरीरयात्रापि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मण: ॥

शरीर में कर्म-ही-कर्म हो रहे हैं। जिस प्रकार अपने आप पलक गिरती है, साँस चलती है उसी प्रकार शरीर के प्रत्येक अवयव में कुछ-न-कुछ क्रिया होती रहती है। क्रिया के साथ विक्रिया भी होती है। विक्रिया का अर्थ है विकार। बच्चे जवान हो रहे हैं, जवान बूढ़े हो रहे हैं। काले बाल सफेद हो रहे हैं। ये सब क्या हैं? यही कि प्रकृति के नियमानुसार इस शरीर में स्वतः परिवर्तन हो रहे हैं। हम क्रिया के माध्यम से जीवन धारण करते हैं। परन्तु विक्रिया निसर्ग के नियमानुसार स्वयं होती है। क्रिया का कर्ता होता है और विक्रिया स्वाभाविक होती है। यदि हम स्वभाव पर छोड़ देंगे तो जीवन में सत्त्वगुण से रजोगुण और राजेगुण से तमोगुण आ जायेगा।

हमारे एक मित्र हैं। उन्होंने देखा कि सड़क पर एक कोढ़ी आदमी है। उसकी साँस भी तेज चल रही है। वह दमे का रोगी है। उनके हृदय में बहुत दया आयी और वे उसको उठाकर अपने घर ले आये। उसको स्नान कराया, वस्त्र पहनाया, बढ़िया भोजन खिलाया, आराम कराया। अब उसके मन में आया कि आज मैंने बहुत बढ़िया काम किया।

वास्तव में उन्होंने अच्छा किया। दया सत्त्वगुण है। परन्तु उनका यह विचार कि उन्होंने इतना अच्छा काम किया कि जो दूसरे नहीं कर सकते। उनके कर्तृत्वाभिमान का कारण बन गया। दया के बाद अभिमान आया जिससे उन्होंने अपने आप को बड़ा समझा। फिर उनकी दृष्टि उस कोढ़ी की गन्दगी पर गयी कि इसके शरीर से तो पीब निकल रही है, हमारा घर गन्दा हो रहा है। अब उनके हृदय में उस रोगी के प्रति घृणा हो गयी। उन्होंने उसको घर से बाहर कर दिया। इस प्रकार घृणा में तमोगुण और अभिमान में रजोगुण आ गया।

मनुष्य का जो मन है, वह स्वभाव से ही सत्त्व से रज में और रज से तम में जाता रहता है। किन्तु यदि हम इसमें भगवत्सेवा की भावना जोड़ दें और यह समझे कि हमने उस रोगी का कोई उपकार नहीं किया; बल्कि भगवान की सेवा की है और वह भी ऐसी सेवा नहीं की, जो दूसरे नहीं कर सकते, तो बात बदल जाती है। इस विशाल संसार में कितने कोढ़ी हैं, कितने दमे के रोगी हैं, कितने विकलांग हैं, इस पर आपकी दृष्टि जायेगी तो आप अनुभव करेंगे कि आपने जो एक रोगी की सेवा की वह कोई बहुत बड़ी सेवा नहीं, और न इसकी कोई क़ीमत है।

यदि आप समग्रता पर, ईश्वरता पर ध्यान रखेंगे तो आपका सत्त्वगुण-रजोगुण और तमोगुण के रूप में परिवर्तित नहीं होगा तथा आपकी दया घृणा न बन सकेगी। हमारा यही कर्म है, यही पौरुष है कि हम दया को घृणा न बनने देंगे। दया आना स्वाभाविक है, घृणा आना भी स्वाभाविक है। परन्तु आपका पौरुष यह है कि आप अपने जीवन में अभिमान न आने दें और अपने कर्तव्य को ठीक-ठीक पूरा करते चलें। भगवान ने यह सृष्टि ऐसी बनायी है कि इस पर आपका ध्यान जाये और आप इससे प्रेरणा ग्रहण करें। सूर्य सबको निरन्तर रोशनी देता है। उसके रूप में स्वयं ईश्वर प्रकट होकर कर्म-यज्ञ का आदर्श उपस्थित करता है। यज्ञ माने यजन, पूजन। अतः हमें इस बात का ध्यान करना चाहिए कि हमारे कर्म, यज्ञ के किस देवता का भजन-पूजन कर रहे हैं।


सहयज्ञा: प्रजा सृष्ट्वा पुरोवाच प्रजापति: ।

अनेन प्रसविष्यध्वमेष वोऽस्तिष्टकामधुक् ॥[


यज्ञ के सम्बंध में एक वेदमन्त्र है ‌-


स्वस्ति पंथामनुचरेम सूर्या चंद्रमसाविव


पुनर्ददता घ्नता जानता संगमेमहि।


इसका तात्पर्य है कि हम इस जीवन में सूर्य के समान प्रकाश देते हुए और चन्द्रमा के समान चाँदनी बरसाते हुए निरन्तर चलते रहते रहें। हम अपने मित्रों को पहचानें, सत्पात्र को दान दें और किसी को दुःख न पहुँचावें। यही यज्ञ की प्रणाली है। यह प्रकट हुआ कि पृथ्वी के रूप में यह सबको फूल देती है, पौधा देती है। हरे-हरे वृक्ष पृथ्वी के वैभव हैं। ये हमारी आँखों को शीतलता देते हैं, नासिका को सुगन्ध देते हैं, प्राणों को शक्ति देते हैं, हमारे हित के लिए आकाश में फैली हुई अच्छाइयों को आकृष्ट करके धरती पर ले आते हैं और पानी बरसाते हैं। यज्ञ केवल अग्नि में आहुति देने का नाम नहीं, वह भी यज्ञ है। पृथ्वी जब गुलाब, चमेली, मालती, माधवी आदि के फूलों को खिलाती है और उसके द्वारा सृष्टि में जो सुगन्ध फैलती है वह क्या आपके हवन के धुएँ से कुछ कम है? जब हमारे हृदयों को तर कर रहा है, आप्यायन दे रहा है। तेज हमें शक्ति दे रहा है। सूर्य-चन्द्रमा रोशनी दे रहे हैं। वायु सांस दे रहा है। आकाश अवकाश दे रहा है। इस प्रकार यह सारी सृष्टि हमारे लिए एक यज्ञ क्रिया है।


हमारा जन्म ही यज्ञ के साथ हुआ है। भगवान ने कहा कि इस संसार को देखो और यहाँ प्रकृति द्वारा जो यज्ञ हो रहा है उससे प्रेरणा ग्रहण करके आगे बढ़ो। प्रसविष्यध्वम् का अर्थ है खूब बढ़िया-बढ़िया फल आपके जीवन में प्रकट हों। प्रजापति ने आदेश दिया कि आप यज्ञ करेंगे तो आगे बढ़ेंगे, देंगे तब प्राप्त करेंगे, प्रेम करेंगे तो आपको प्रेम मिलेगा, सेवा करेंगे तो सेवा मिलेगी।


देवान्भावयतानेन ते देवा भावयन्तु व: ।

परस्परं भावयन्त: श्रेय परमवाप्स्यथ ॥


कर्म संन्यास

 


 


चन्दन सुकुमार सेनगुप्ता

 ज्ञान और भक्ति का सही सम्मलेन ही वह पड़ाव है जहाँ से कर्म को एक सही दिशा मिल जाया करेगी और व्यक्ति अपने लिए एक निर्णायक मार्ग कि तलाशी कर सकेगा ; उसे अंतरात्मा के साथ जुड़े हुए परमात्मा का सान्निध्य भी अनुभव होता रहेगा।

कभी कभी हम इस भ्रम में आ जाते हैं जब मन में यह विचार पनपने लगता है कि धर्मात्मा और महात्मा बनने के लिए शायद सबकुछ छोड़कर सभी विधायक कर्मों का त्याग करके तपस्या करते रहना पड़ेगा ; शायद दिन और रात के बारे में भी जानकारी न मिल पाएगी; शायद सभी रिश्ते नातों का त्याग कर देना होगा; ऐसा भी हो सकता कि किसी एकांत में जाकर समाज से हटकर उपायाचक के नाते जीवन जीने के लिए प्रस्तुत होना पड़े।  ऐसे संत महात्मा जरूर हुए जिन्होंने भोग्य वस्तु का त्याग करके ज्ञान मार्ग पर चलकर भक्त वत्सल के लिए मिसाल कायम कर गए। पर ऐसा शायद ही हुआ होगा जिसमें किसी तपस्वी साधक ने भोजन, श्वास वायु और शौच संतोष का त्याग किया हो ; जीवन जीने के प्रयत्न के अंतर्गत हर जीव को भोजन, श्वास वायु, शौच , संतोष आदि का सहारा तो लेना ही होगा।  यहीं से जीव मात्र के लिए यह अनिवार्य बन जाता है कि उन्हें प्रकृति के अधीन रहना पड़े और प्रकृति के कुछ नियमों का पालन करे।  साधना कितनी भी गहन हो बीच में नींद आने लगे तो फिर तपस्या को विराम देना ही होगा।

 तपस्या, ध्यान, प्राण वायु का नियंत्रण, कर्म कि शुद्धता आदि विषयों के बारे में हम कुछ भी अतिशयोक्ति करते समय इतना तो ध्यान अवश्य रखें कि हमें उस सर्व शक्तिमान के अनुकम्पा के अधीन ही जीवन जीना होगा; उसी विधायक कर्म को भी अपनाना होगा जिसके बल पर हमारे जीवन का रथ गतिशील हो सके; उन्हीं लोगों के बीच रहना होगा जिनके बीच हमारे मन को संतोष मिले; उन्हीं लोगों के लिए काम करना होगा जिनसे हमें कुछ उम्मीदें रही हो; उसी तत्व का संरक्षण और सम्प्रचार करना होगा जिसके जरिये हम सार्विक समाधान और समन्वय का सपना देखा करते हों; उन्ही तत्वों को प्रतिफलित होते हुए देखना होगा जिनके बीच दिव्य जीवन कि स्वच्छंद गति सुनिश्चित हो सके। 

तीन प्रकार के लोग अपने चारों और तपस्या और इष्ट चिंतन करते हुआ पाए जा सकेंगे: कुछ ऐसे लोग रहेंगे जिन्हें धन - सम्पदा और पैसा चाहिए, कुछ ऐसे भी लोग रहेंगे जिन्हें पैसों से ज्यादा चिंता प्रतिष्ठा पाने कि रहेगी; तीसरे कुछ ऐसे प्रकार रहेंगे जिन्हें न तो पैसा चाहिए और न ही प्रतिष्ठा, उन्हें सिर्फ उस दिव्य ज्ञान का अनुसंधान करने कि अभिलाषा रहेगी जिसके आधार पर व्यक्ति के लिए मुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो सके।  वह एक ऐसे मार्ग का पथिक होना चाहेगा जिसपर चलकर जन्म-मृत्यु के द्वन्द से खुद को मुक्त किया जा सके। 

आध्यात्मिक परिपक्वता

पहले  पहल  तो एक ऐसी परिस्थिति बनती है जब हम खुद को किसी भी कृति का कर्ता मान लेते हैं और उसी भ्रम जीवन बिता देते हैं कि हमने कुछ किया; कुछ ऐसी कृति जिसका श्रेय हम चाहते हैं कि हमें मिले।  फिर एक ऐसा पड़ाव आता जब हमारी समझ बनती है कि सृष्टि और विनाश तो प्रकृति के नियमों के अधीन एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है और इसमें पदार्थ और ऊर्जा का आपसी मेल बंधन का विज्ञान क्रियाशील निकाय बना; यह भी एक भवितव्य ही है है कि हर जीव के जीवन में मृत्यु का अनुशाशन कभी भी आ सकता।  एक पड़ाव ऐसा भी आता है जब व्यक्ति जीवन को काफी मूल्यवान मानते हुए सभी अल्पावधि के सुखों को छोड़कर उस आनंदमय जीवन का पथिक बन जाना पसंद करेगा जिसपर चलकर आत्मा और अरमात्मा के रिश्तों को उनके सही स्वरुप में उपलब्धि किया जा सके और जीव के लिए सम्यक ज्ञान के आधार पर कर्म बंधन से मुक्ति का मार्ग प्रशांत किया जा सके। 

शास्त्र, पुराण, आगम , निगम आदि सभी दिव्य ग्रंथों और संत वाणी का एक ही मकसद रहा कि भक्त को कर्म के बंधन से और माया के संसार से मुक्त किया जा सके; उस मुक्ति के मार्ग पर सबका सम्यक अभिषेक हो सके; यह कुछ ऐसा ही हुआ कि किसी बगीचे में जाकर एक फल खाने के बाद संत सभी भक्तों को बताने लगे और यही आग्रह करते रहे कि बाकी के भक्त वत्सल भी उस बगीचे में दाखिल होकर उस फल का आस्वाद लें और जीवन को धन्य कर लें; यह कुछ ऐसा ही अनुभव मन जाएगा जैसे एक परिंदा ऊंची उड़ान भरते हुए नीले आसमान में गोते लगाता हो; जैसे एक भक्त प्रेम पूर्वक अपने भगवान को भोजन कराता हो और बाकी भक्तों से निवेदन करता हो कि वो भी ऐसा ही करें। इस प्रकार दिव्य जीवन का अनुसंधान करनेवाल साधक कभी भी अकेले मुक्त हो जाने के लिए तपस्या शायद ही करता हो।  उसे समग्र समाज को मुक्त करने कि चिंता सताया करेगी; उसे ऐसा भी लगेगा कि किसी भी भक्त के जीवन में संकट ही न रहे; भक्त वत्सल को ईश्वर अनुकम्पा मिले। यह कुछ ऐसी ही परिस्थिति बन जाया  करेगी जिसके अंतर्गत भक्त प्रह्लाद अपने प्रपंचक पिता के लिए इष्ट के पास क्षमा याचना करते रहे; नचिकेता विधाता से यह निवेदन करते रहे कि उनके पिता को यश और प्रतिष्ठा मिले ; शत्रु भाव नष्ट हो जाने के और भी कई प्रमाण गिनाये जा सकेंगे जिसके बल पर इतना तो अवश्य कहा जा सकेगा कि दिव्य जीवन कि अनुसन्धित्सा रखनेवालों के मन से शत्रुभाव नष्ट हो जाता होगा।  इसके अभ्यासी ही और सटीक तरीके से बता सकेंगे कि उनके मन, चित्त और बुद्धि पर क्या बीत रही होगी जब उन्हें यह तय कर लेना होता है कि ध्रुव सत्य के अनुसंधान में ही जीवन बिताना होगा।  भगवद्गीता में भी कर्म संन्यास और कर्मयोग के बीच हर प्रकार के समानता के बारे में बताई जाती है और यह भी माना गया कि सभी प्रकार के द्वन्द से मुक्त होते होते व्यक्ति माया के बंधनों से मुक्त हो जाया करेगा। केवल अल्पज्ञानी जन इस भ्रम में जकड़े रह जाते हैं कि कर्मयोग और कर्म संन्यास शायद कुछ अलग  अलग विधाएँ हैं।   ( V. १-४ )  

वास्तव में कर्मयोग और कर्म संन्यास को एक सामान ही देखा जाना चाहिए।  भक्ति के साथ कर्म किये बिना उस परिपक्वता को पाना भी संभव ही नहीं।  सभी इन्द्रियों को भली भाँती वश में रखते हुए बुद्धि का प्रयोग करते हुए कर्म करनेवालों को सहजता से ही कर्म बंधन से मुक्ति मिल जाय करेगी; दृढ निश्चय रखनेवाले खुद को कर्ता न मानते हुए कर्म करते रहेंगे;  कर्मफल इष्ट को अर्पित करदेनेवालों को पाप कभी भी ग्रसित नहीं कर सकता; योगीजन के लिए कर्म का प्रयोजन सिर्फ आत्म शुद्धि पाने से है; आसक्ति रहित होकर कर्म करते रहने के कारण भी योगी जन कर्म बंधन से खुद को मुक्त रखने में समर्थ हो जाया करेंगे; निरासक्त व्यक्ति शरीर में रहते हुए भी सभी रकार के कर्मबन्धन से मुक्त रहेंगे (भगवद्गीता V.  ५-१२) ।  कर्म फलों के बोध का पनपना प्रकृति के अधीन है; सर्वव्यापी परमात्मा भी पाप-पुण्य के कर्मों से निर्लिप्त ही रहेंगे ; मोहान्ध भक्तों की बुद्धि भी अज्ञान से आच्छादित रहेगी ; ज्ञान तो उस सूर्यप्रभा के सामान ही है जिसकी किरणों से संसार प्रकाशमान और व्यक्त हो उठता है; वह ज्ञान का प्रकाश ही है जिसके प्रभाव से सभी प्रकार के पा कर्मों का नाश हो जाया करेगा, इष्ट के प्रति श्रद्धा  और विशवास बढ़ेगा, विधायक कर्मों में लिप्त रहते हुए मुक्ति पाने के मार्ग पर बढ़ाते रहेंगे  (भगवद्गीता V.  १३ -१६) ।

बुद्धि, समझ, श्रद्धा, विशवास और संतोष को किसी भी साधक के जीवन में तभी स्थिर होता हुआ देखा जा सकेगा जब उनके जीवन में  हम दिव्य ज्ञान का उत्सर्जन होता हुआ परिलल्क्षित कर सकें। यह एक ऐसी परिस्थित है जहाँ व्यक्ति सभी नाशवान तत्वों से खुद को मुक्त करते हुए दिव्यज्ञान का साधक बने और ध्रुव सत्य का अनुसंधान करता रहे।   

कभी कभी यह भी दावे किये जाते रहे हैं कि दिव्य जीवन और ध्रुव सत्य का अनुसंधान करनेवालों कि गतिविधि से कर्म विमुखता ही पनपेगी और व्यक्ति कर्तव्य कर्म से भाग खड़े होने के लिए मार्ग निकालने लगेंगे; ऐसे कई साधक बनेंगे जो यह कहकर कर्म विमुख हो जाया करेंगे कि उन्हें समय नहीं मिलता; कुछ ऐसे साधक रहेंगे जिन्हें भक्त वत्सल लोगों के पास से सिर्फ दान पाने कि अभिलाषा रहेगी; कई साधक ऐसे भी हो जाया करेंगे जिन्हें धर्म कि एक नयी  पगडण्डी बनाने कि अभिलाषा रहेगी।  वैसे अनेकांतवादी यह भी विचार रख देते हैं कि "जितने मत हैं उतने ही पथ हैं"।  ऐसा होना भी चाहिए; तभी तो जलधारा को पहाड़ी से उतर आने के लिए विविध मार्ग का अनुसंधान करते हुए अग्रसर रहना होगा; यह भी मान्यता बन सकेगी: सभी धाराएं गंगाजी कि पवित्र धरा रहे और उतना ही मंगलकारी हो।  यह तो हमारी समझ पर ही टिका रहेगा कि हम उस धरा को क्या समझें और कैसे स्वीकार करें।  यह तो कुछ ऐसा ही हुआ कि एक कटोरा लेकर हमने समुद्र से पानी उठाया , फिर उस पानी को समुद्र के विस्तीर्ण जलराशि में मिला दिया और यह तलाश करने लग गए कि समुद्र में मिलनेवाले पानी का कौन सा हिस्सा उस कटोरे में था ! मौजूदा परिस्थिति में विविध प्रकार से विडम्बना का निर्माण होता आया जब हम किसी समुदाय को मतों और पंथों में बँट जाते हुए देखते आये हैं।  संत महात्मा का यही प्रयास रहेगा कि सभी समुदाय को किसी ख़ास मापदंड पर एक किया जा सके और उन्हें शाश्वत मार्ग का पथिक बनाया जा सके; अब उस मार्ग का कुछ भी नाम हो और उस विचारधारा को किधर से भी बहने दिया जाता हो ; अंततः एक ही पड़ाव पर सबका महा सम्मलेन होना एक भवितव्य ही है। 

इसमें कोई संदेह नहीं कि वेद, उपनिषद्, गीता, महाभारत, रामायण, पुराण, आगम ,निगम आदि पवित्र ग्रंथों के जरिये संत महात्मा समय समय हमारा दिशा निर्देशित करते आए और ऐसा आगे भी करते ही रहेंगे; फिर भी एक ऐसा विचार बनता है कि अब जलबिंदु को जलबिंदु ही समझा जाय और हमारा मार्ग उस दैवत्व के विशुद्ध तत्व को सही प्रकार से समझने के लिए बने जिसपर चलकर संत महात्मा समग्र मानव समाज को विशुद्ध दैवत्व के उपस्थिति का अनुभव दे सकें।  जीव मात्र के अभिव्यक्त होने की क्रिया में उस देवत्व को सन्निविष्ट  रहते हुए भी देखा जा सकेगा; सिर्फ इतना ही नहीं उस पूर्ण देवत्व का अंशमात्र को जीव चेतना में भी परिलक्षित किया जा सकेगा। 

 

 

 

 

त्रिगुण, श्रद्धा और कर्म

 



जिस धर्म, दर्शन, नैतिक नियम, सामाजिक विचार, सांस्कृतिक विचार में मैं श्रद्धा रखता हूँ वह मुझे मेरी अपनी प्रकृति तथा इसके कर्मों के लिये एक विधान प्रदान करता है, सापेक्ष सदाचार का अथवा आपेक्षित या ऐकांतिक पूर्णता का एक विचार प्रदान करता है और मुझमें जितनी सच्चाई होती है, उस विधान में मेरी श्रद्धा जितनी पूर्ण होती है और उस श्रद्धा के अनुसार जीवन-यापन करने का मेरा संकल्प जितना तीव्र होता है, उतना ही मैं वही कुछ बन सकता हूँ जो कुछ बनने के लिये वह मुझसे कहता है, उतना ही मैं अपने-आपको उस सत्य विधान की प्रतिमूर्ति में या उस पूर्णता के आदर्श दृष्टांत के रूप में परिणत कर सकता हूँ। परंतु हम देखते हैं कि मनुष्य के अंदर एक अधिक स्वतंत्र प्रवृत्ति भी है जो उसकी कामनाओं के निर्देश से तथा धर्म, बद्धमूल कारण, शास्त्र के सुरक्षित नियामक विधि-विधान को स्वीकार करने से संकल्प से भिन्न है।


यह भी देखा जाता है कि व्यक्ति तो कितनी ही बार और समाज अपने जीवन में किसी भी क्षण शास्त्र से मुंह मोड़ लेता है उससे ऊब जाता है, अपने संकल्प और श्रद्धा-विश्वास के उस रूप को त्याग कर देता है और किसी अन्य विधान की खोज में निकल पड़ता है जिसे वह अब जीवन-यापन का यथार्थ विधान स्वीकार करने तथा सत्ता के एक अतिशय प्राणवन्त या उच्चतर सत्य के रूप में मानने की ओर अधिक झुका हुआ होता है। यह उस समय हो सकता है जब प्रचलित शास्त्र जीवंत वस्तु नहीं रहता और ह्रसति या रूढ़ होकर रीति-रिवाजों और लोकाचारों का ढेर बन जाता है। अथवा यह इसलिये हो सकता है कि शास्त्र अपेक्षित प्रगति के लिये अपर्याप्त प्रतीत होता है या वह उसके लिये पर्वूवत उपयोगी नहीं प्रतीत होता; एक नया सत्य, जीवन-यापन का एक अधिक पूर्ण विधान अनिवार्य रूप से आवश्यक हो जाता है।


यदि वह सत्य विधान विद्यमान न हो तो जाति को अपने प्रयत्न से या किसी महान एवं ज्ञानदीप्त व्यक्ति को, जो जाति की आशा-आकांक्षा का मूर्त प्रतिनिधि होता है, अपनी मनीषा से उसका अविष्कार करना होता है। तब, वैदिक धर्म लोकाचार का रूप धारण कर लेता है और कोई बुद्ध अपने अष्टांग पथ के नये विधान और निर्वाण के लक्ष्य को लेकर आविर्भूत होते हैं; और यहाँ इस बात का उल्लेख किया जा सकता है कि उसे वे एक व्यक्तिगत अविष्कार के रूप में नहीं बल्कि आर्य जीवन के एक ऐसे सत्य विधान के रूप में प्रस्थापित करते हैं।


जिसे बुद्ध, ज्ञानदीप्त मन, प्रबुद्ध आत्म सदैव पुनः-पुनः आविष्कृत करती है। परंतु व्यवहारतः इसका अर्थ यह हुआ कि एक ऐसा आदर्श है, एक ऐसा सनातन धर्म है जिसे धर्म, दर्शन, नीतिशास्त्र तथा मनुष्य की अन्य सब शक्तियां, जो सत्य और पूर्णता की प्राप्ति के लिये यत्नशील हैं, आंतर और बाह्य जीवन की विद्या और कला के नये सिद्धांतों का, एक नये शास्त्र का रूप देने के लिये सदैव प्रयास कर रही हैं। धार्मिक, नैतिक एवं सामाजिक सदाचार के संबंध में मूसा के द्वारा प्रवर्तित धर्म को संकीर्णता एवं अपूर्णता का दोषी ठहराया जाता है, और इसके अतिरिक्त अब वह केवल एक लोकचर बन जाता है; उसके स्थान पर ईसा का धर्म प्रकट होता है और वह एक ही साथ उसका उच्छेद करने तथा जीवन का जो दिव्य विधान उसका लक्ष्य था उसकी मूल भावना को एक गंभीरतर तथा विशालतर ज्योति एवं शक्ति में परिपूर्ण बनाने का दावा करता है। और फिर मानव की खोज यहीं नहीं रूक जाती, बल्कि इन रचनाओं को भी त्याग देती है और किसी ऐसे अतीत सत्य की ओर लौट जाती है जिसे वह छोड़ चुकी थी अथवा वह इन सब विधानों को तोड़-फोड़कर किसी नये सत्य एवं शक्ति की ओर अग्रसर होती है, किंतु सदैव उसी वस्तु की, अपनी पूर्णता के विधान, यथायथ जीवन-यापन के नियम, अपनी पूर्ण, सर्वोच्च और मूलभूत सत्ता एवं प्रकृति की खोज में लगी रहती है। इस खोज किंवा प्रयास का आरंभ करता है व्यक्ति जो प्रचलित विधान से अब और संतुष्ट नहीं होता, क्योंकि वह देखता है कि वह विधान उसकी अपनी सत्ता और जगत-सत्ता के सम्बंध में उसकी अपनी धारणा एवं विशालतम या तीव्रतम अनुभूति से अब और मेल नहीं खाता और अतएव वह उस पर विश्वास तथा आचरण करने के लिये उसमें अपने संकल्प को पहले की तरह नियोजित नहीं कर सकता। वह उसकी जीवन-सत्ता की आंतरिक प्रणाली के अुनरूप नहीं होता, वह उसके लिये ‘सत’ अर्थात कोई ऐसी वस्तु नहीं होता जिसका वस्तुतः अस्तित्व है, न ही वह उसके लिये यथार्थ विधान, उच्चतम या श्रेष्ठ या वास्तवकि कल्याण होता है; वह उसकी सत्ता या समस्त सत्ता का सत्य एवं विधान नहीं होता। शास्त्र व्यक्ति के लिये एक निवैंयक्तिक वस्तु होता है, और वह उसे उसके करणों के संकुचित एवं वैयक्तिक विधान के ऊपर अपना प्रामाणिक विधान प्रदान करता है; पर इसके साथ ही वह समष्टि के लिये वैयक्तिक होता है और उसकी अनुभूति की, संस्कृति या प्रकृति की उपज-स्वरूप होता है। 


वह अपने समस्त रूप और भावना में आत्मा की परिपूर्णता का आदर्श विधान या हमारी प्रकृति के स्वामी का सनातन विधान नहीं होता, भले ही उसके अंदर उस अति महत्तर वस्तु के संकेत, उपक्रम, प्रकाशप्रद आभास कम या अधिक मात्रा में क्यों न विद्यमान हों। व्यक्ति समष्टि को अतिक्रम कर उससे आगे बढ़ा हुआ हो सकता है और एक महत्तर सत्य, एक प्रशस्ततर मार्ग, प्राण-पुरुष के एक गंभीरतर उद्देश्य के लिये प्रस्तुत हो सकता है। उसके अंदर की जो प्रेरणा शास्त्र को छोड़कर चलती है वह सदा उच्चतर गति ही हो यह आव्यश्यक नहीं; वह उस अहंभावमय या राजसिक प्रकृति के विद्रोह का रूप भी ग्रहण कर सकती है जो स्व-परिपूर्णता एवं स्व-उपलब्धि की स्वतंत्रता की अवरोधक प्रतीक होने वाली वस्तु के जुए से मुक्त होना चाहती है। परंतु तब भी वह शास्त्र की किसी संकीर्णता या अपूर्णता के कारण अथवा जीवन के प्रचलित विधान के अवनत होकर केवल एक प्रतिबंधक या निर्जीव आचार बन जाने के कारण प्रायः उचित ही ठहरती है। और इस हद तक वह न्याय संगत है, वह एक सत्य पर आश्रित है, उसके अस्तित्व का एक पर्याप्त और उचित कारण हैः क्योंकि यद्यपि यह सच्चे पथ को नहीं पकड़ पाती तो भी राजसिक अहं की स्वतंत्र चेष्टा लोकाचार के निर्जीव और आग्रहपूर्ण तामसिक अनुसरण से अच्छी होती है, क्योंकि उसके अंदर स्वातंत्र्य और जीवन अधिक मात्रा में होता है।


तामसिक प्रकृति की अपेक्षा राजसिक प्रकृति सदैव अधिक बलशाली तथा अधिक प्रबलतया अनुप्राणित होती है और उसके अंदर संभावनाएं भी अपेक्षाकृत अधिक होती हैं। परंतु शास्त्र का परित्याग करने की यह प्रेरणा मूलतः सात्त्विक भी हो सकती है; उस विशालतर एवं महत्तर आदर्श की ओर झुकी हुई हो सकती है, जो हमें अपनी सत्ता तथा विश्व-सत्ता के अद्यावधि उपलब्ध सत्य की अपेक्षा पूर्णतर एवं बृहत्तर सत्य के अधिक निकट ले जायेगा और अतएव उस उच्चतम विधान के भी अधिक निकट ले जायेगा जो दिव्य स्वातंत्र्य के साथ एकीभूत है। और क्रियात्मक दृष्टि से इस प्रकार की गति या प्रेरणा साधारणतः हमारी अपनी सत्ता के किसी विस्मृत सत्य को अधिकृत करने या अब तक अनुपलब्ध या अचरितार्थ सत्य की ओर अग्रसर होने का प्रयास होती है। यह अनियंत्रित प्रकृति की उच्छृंखल चेष्टा नहीं होती; यह आध्यात्मिक दृष्टि से समीचीन होती है और हमारी आध्यात्मिक प्रगति के लिये आवश्यक और चाहे शास्त्र अभी तक एक प्राणवंत वस्तु हो तथा औसत मनुष्य के लिये सर्वश्रेष्ठ विधान हो।


उसे शास्त्र की रूड़ सीमा-रेखा को पार करने का आह्वान प्राप्त होता है। क्योंकि यह तो सामान्य अपूर्ण मनुष्य के मार्ग-निर्देश, नियंत्रण एवं आपेक्षिक पूर्णत्व के लिये एक विधान होता है और उसे बढ़ना होता है एक अधिक पूर्ण पूर्णतत्त्व की ओरः यह सुनिश्चित धर्मों का शास्त्र होता है और उसे आत्मा के स्वातंत्र्य में निवास करना सीखना होता है। तब भला जो कर्म कामना के निर्देश तथा प्रचलित विधान दोनों से हटकर चलता है उसका सुरक्षित आधार क्या होगा? कारण, कामना के नियम की एक अपनी प्रामाणिकता होती है जो हमारे लिये अब और वैसी सुरक्षित या संतोषजनक नहीं रहती जैसी वह पशु के लिये या जैसी वह आदिम मानवता के लिये रही होगी, परंतु फिर भी अपनी सीमा के भीतर यह हमारी प्रकृति के एक अति जीवंत भाग पर आधारित और उसके प्रबल संकेतों के द्वारा संपुष्ट होती है; इस धर्म किंवा शास्त्र के पीछे रहती है चिर-प्रचलित विधान की समग्र प्रामाणिकता, प्राचीन विधि-विधानों की सफलता और अतीत की सुरक्षित अनुभूति।


परंतु इस नये प्रयास का स्वरूप होता है अज्ञात या ईषत-ज्ञात की ओर शक्तिशाली अभियान, एक साहसिक विकास और एक नूतन विजय। तो फिर वह कौन-सा सूत्र है जिसका अनुसरण करना होगा, वह कौन-सा मार्गदर्शक प्रकाश है जिस पर यह प्रयास भरोसा रख सकता है या हमारी सत्ता के अंदर इसका दृढ़ आधार क्या हो सकता है? इसका उत्तर यह है कि वह सूत्र और आधार हमें मनुष्य की श्रद्धा में मिलेगा; श्रद्धा का मतलब है-जिसे मनुष्य अपनी तथा जगत सत्ता के सत्य के रूप में देखता है या समझता है उस पर विश्वास करने तथा उसके अनुसार जीवन-यापन करने का संकल्प। दूसरे शब्दों में इस प्रयास का अर्थ है-मनुष्य का अपने सत्य स्वरूप, अपने जीवन-विधान, अपनी पूर्णता और सिद्धि के पथ की उपलब्धि के लिये अपनी निज सत्ता के प्रति या फिर अपनी सत्ता या विश्व-सत्ता के अंदर विद्यमान किसी शक्तिशाली एवं अवश्यमान्य वस्तु के प्रति पुकार करना। और सब कुछ निर्भर करता है उसकी श्रद्धा के स्वरूप के ऊपर, अपने अंदर या जिस विश्वात्मा का वह एक अंश या प्राकट्‌य है, उसके अंदर विद्यमान जिस वस्तु के प्रति वह अपनी श्रद्धा अर्पित करता है उसके ऊपर और इसके द्वारा वह अपनी वास्तविक आत्मा तथा विश्व की आत्मा या उसकी वास्तविक सत्ता के कितना निकट पहुँचता है।


इस बात के ऊपर यदि वह तामसिक, मूढ़ एवं मोहाच्छन्न है, यदि उसकी श्रद्धा अज्ञानयुक्त तथा संकल्प अक्षम है तो वह किसी भी वास्तविक वस्तु तक नहीं पहुँच पायेगा तथा अपनी निम्न प्रकृति में जा गिरेगा। यदि वह मिथ्या राजसिक प्रकाशों के प्रलोभन में पड़ गया तो वह अपने स्वेच्छाचारी संकल्प के द्वारा ऐसे उपमार्गों में भटक सकता है, जो उसे दलदल या कगार की ओर ले जा सकते हैं हर हालत में उसके उद्धार का एकमात्र सुयोग इस बात में है कि उसके अंदर सत्त्वगुण फिर से प्रबलता प्राप्त कर ले और वह उसके करणों पर नयी ज्ञानदीप्त नियम-व्यवस्था लागू करे जो उसे उसके स्वच्छंद संकल्प की प्रचंड भ्रांति या उसके तमसाच्छन्न अज्ञान की जड़ भ्रांति सें मुक्त कर देगी। इसके विपरीत यदि उसकी प्रकृति सात्त्विक है और यदि उसे आगे बढ़ने के लिये सात्त्विक श्रद्धा एवं निर्देश प्राप्त है तो एक अद्यावधि-अनुपलब्ध उच्चतर आदर्श-विधान उसे दृष्टिगोचर हो जायेगा, जो उसे किन्हीं विरल प्रसंगों में सात्त्विक प्रकाश से भी ऊपर सत्ता और जीवन की उच्चतम दिव्य ज्योति एवं दिव्य प्रणाली की ओर कुछ दूर तो ले ही जा सकता है। क्योंकि यदि उसके अंदर सात्त्विक प्रकाश इतना प्रबल हो कि वह उसे अपनी चरम सीमा तक ले जाये तो वह उस सीमा से आगे बढ़कर भागवत, विश्वातीत एवं निरपेक्ष सत्ता की किसी प्रथम रश्मि में प्रवेश के लिये मार्ग बनाने में समर्थ होगा।


आत्म-अनुसंधान के सभी प्रयत्नों में ये संभावनाएं विद्यमान हैं; ये इस आध्यात्मिक अभियान की शर्तें हैं। अब हमें यह देखना है कि गीता अध्यात्म-शिक्षा और आत्म-साधना की अपनी सरणि के अनुसार इस प्रश्न का कैसा समाधान करती है क्योंकि अर्जुन तुरंत ही एक ऐसा इंगितपूर्ण प्रश्न करता है जिससे यह समस्या या इसका एक पक्ष उपस्थित होता है वह पूछता है कि जब आदमी श्रद्धापूर्वक परमेश्वर या देवताओं का यजन करते हैं पर शास्त्रविधि का परित्याग कर देते हैं तो वह कौंन-सी निष्ठा है, उनके अंदर भक्ति का वह कौंन-सा एकनिष्ठ संकल्प है जो उनमें यह श्रद्धा उत्पन्न करता है और उन्हें इस प्रकार के कर्म में प्रवृत्त करता है? वह सात्त्विक है या राजसिक या तामसिक? वह हमारी प्रकृति के किस स्तर से सम्बंध रखता है? गीता का उत्तर पहले इस सिद्धांत का प्रतिपादन करता है कि प्रकृति की सभी चीजों की भाँति हमारी श्रद्धा भी त्रिविध होती है और वह हमारी प्रकृति के प्रधान गुण के अुनसार विभिन्न प्रकार की होती है।



कर्म तत्व

 


भगवान कर्मों के तत्त्व को जानने की प्रेरणा करते हैं।


कर्मणो ह्यपि बोद्धव्यं बोद्धव्यं च विकर्मणः ।

अकर्मणश्च बोद्धव्यं गहना कर्मण गतिः ।। 4.17 ।।


अर्थ- कर्म का तत्त्व भी जानना चाहिये और अकर्म का तत्त्व भी जानना चाहिये तथा विकर्म का तत्त्व भी जानना चाहिये; क्योंकि कर्म की गति गहन है।


व्याख्या- ‘कर्मणो ह्यपि बोद्धव्यम्’- करते हुए निर्लिप्त रहना ही कर्म के तत्त्व को जानना है, जिसका वर्णन आगे अठाहरवें श्लोक में ‘कर्मण्यकर्म यः पश्येत्’ पदों से किया गया है।


कर्म स्वरूप से एक दीखने पर भी अंतःकरण के भाव के अनुसार उसके तीन भेद हो जाते हैं- कर्म, अकर्म और विकर्म। सकामभाव से की गई शास्त्रविहित क्रिया ‘कर्म’ बन जाती है। फलेचछा, ममता और आसक्ति से रहित होकर केवल दूसरों के हित के लिये किया गया कर्म ‘अकर्म’ बन जाता है। विहित कर्म भी यदि दूसरे का हित करने अथवा उसे दुःख पहुँचाने के भाव से किया गया हो तो वह भी ‘विकर्म’ बन जाता है। निषिद्ध कर्म तो ‘विकर्म’ है ही।


‘अकर्मणश्च बोद्धव्यम्’- निर्लिप्त रहते हुए कर्म करना ही अकर्म के तत्त्व को जानना है, जिसका वर्णन आगे अठारहवें श्लोक में ‘अकर्मणि च कर्म यः’ पदों से किया गया है।


‘'बोद्धव्यम् च विकर्मणः’- कामना से कर्म होते हैं। जब कामना अधिक बढ़ जाती है, तब विकर्म होते हैं।


दूसरे अध्याय के अड़तीसवें श्लोक में भगवान ने बताया है कि अगर युद्ध जैसा हिंसायुक्त घोर कर्म भी शास्त्र की आज्ञा और समतापूर्वक किया जाय, तो उससे पाप नहीं लगता। तात्पर्य यह है कि समतापूर्वक कर्म करने से दीखने में विकर्म होता हुआ भी वह ‘अकर्म’ हो जाता है।


शास्त्र निषिद्ध कर्म का नाम ‘विकर्म’ है। विकर्म के होने में कामना ही हेतु है। अतः विकर्म का तत्त्व है- कामना; और विकर्म के तत्त्व को जानना है- विकर्म का स्वरूप से त्याग करना तथा उसके कारण कामना का त्याग करना।


‘गहना कर्मणो गतिः’- कौन सा कर्म मुक्त करने वाला और कौन सा कर्म बांधने वाला है- इसका निर्णय करना बड़ा कठिन है। कर्म क्या है, अकर्म क्या है और विकर्म क्या है- इसका यथार्थ तत्त्व जानने में बड़े-बड़े शास्त्रज्ञ विद्वान भी अपने आपको असमर्थ पाते हैं। अर्जुन भी इस तत्त्व को न जानने के कारण अपने युद्ध रूप कर्तव्य कर्म को घोर कर्म मान रहे हैं। अतः कर्म की गति[5] बहुत गहन है।


शंका- इस[6] श्लोक में भगवान ने ‘बोद्धव्यं च विकर्मणः’ पदों से यह कहा कि विकर्म का तत्त्व भी जानना चाहिये। परंतु उन्नीसवें तेईसवें श्लोक तक के प्रकरण में भगवान ने ‘विकर्म’ के विषय में कुछ कहा ही नहीं! फिर केवल इस श्लोक में ही विकर्म की बात क्यों कही?


समाधान- उन्नीसवें श्लोक से लेकर तेईसवें श्लोक तक के प्रकरण में भगवान ने मुख्य रूप से ‘कर्म में अकर्म’ की बात कही है, जिससे सब कर्म अकर्म हो जायँ अर्थात कर्म करते हुए भी बंधन न हो। विकर्म कर्म के बहुत पास पड़ता है; क्योंकि कर्मों में कामना ही विकर्म का मुख्य हेतु है। अतः कामना का त्याग करने के लिये तथा विकर्म को निकृष्ट बताने के लिये भगवान ने विकर्म का नाम लिया है।


जिस कामना से ‘कर्म’ होते हैं, उसी कामना के अधिक बढ़ने पर ‘विकर्म’ होने लगते हैं। परंतु कामना नष्ट होने पर सब कर्म ‘अकर्म’ हो जाते हैं। इस प्रकरण का खास तात्पर्य ‘अकर्म’ को जानने में ही है, और ‘अकर्म’ होता है कामना का नाश होने पर। कामना का नाश होने पर विकर्म होता ही नहीं; अतः विकर्म के विवेचन की जरूरत ही नहीं। इसलिये इस प्रकरण में विकर्म की बात नहीं आयी है। दूसरी बात पापजनक और नरकों की प्राप्ति कराने वाला होने के कारण विकर्म सर्वथा त्याज्य है। इसलिये भी इसका विस्तार नहीं किया गया है। हां, विकर्म के मूल कारण ‘कामना’ का त्याग करने का भाव इस प्रकरण में मुख्य रूप से आया है; जैसे- ‘कामसंकल्पवर्जिताः’, ‘त्यक्त्त्वा कर्मफलासंगम्’[8], ‘निराशीः’, ‘समः सिद्धावसिद्धौ च’, ‘गतसंगस्य’, ‘यज्ञायाचरतः’।


इस प्रकरण विकर्म के मूल ‘कामना’ के त्याग का वर्णन करने के लिये ही इस श्लोक में विकर्म को जानने की बात कही गयी है।


कर्मण्यकर्म यः पश्येदकर्मणि च कर्म यः । 

स बुद्धिमान्मनुष्येषु स युक्तः कृत्स्नकर्मकृत् ।। 18 ।।

 

अर्थ- जो मनुष्य कर्म में अकर्म देखता है और जो अकर्म में कर्म देखता है, वह मनुष्यों में बुद्धिमान है, योगी है और संपूर्ण कर्म को करने वाला है। व्याख्या- ‘कर्मण्यकर्म यः पश्येत्’- कर्म में अकर्म देखने का तात्पर्य है- कर्म करते हुए अथवा न करते हुए उससे निर्लिप्त रहना अर्थात अपने लिये कोई भी प्रवृत्ति या निवृत्ति न करना। अमुक कर्म मैं करता हूँ, इस कर्म का अमुक फल मुझे मिले- ऐसा भाव रखकर कर्म करने से मनुष्य कर्मों से बँधता है। प्रत्येक कर्म का आरंभ और अंत होता है, इसलिये उसका फल भी आरंभ और अंत होने वाला होता है। परंतु जीव स्वयं नित्य-निरंतर रहता है। इस प्रकार यद्यपि जीव स्वयं परिवर्तनशील कर्म और उसके फल से सर्वथा संबंधत रहित है, फिर भी वह फल की इच्छा के कारण उनसे बँध जाता है। इसलिये चौदहवें श्लोक में भगवान ने कहा कि मेरे को कर्म नहीं बाँधते; क्योंकि कर्मफल में मेरी स्पृहा नहीं है। फल की स्पृहा या इच्छा ही बाँधने वाली है- ‘फले सक्तो निबध्यते’। फल की इच्छा न रखने से नया राग उत्पन्न नहीं होता और दूसरों के हित के लिये कर्म करने से पुराना राग नष्ट हो जाता है। इस प्रकार राग रूप बंधन न रहने से साधक सर्वथा वीतराग हो जाता है। वीतराग होने से सब कर्म अकर्म हो जाते हैं। जीव का जन्म कर्मों के अनुबंध से होता है। जैसे, जिस परिवार में जन्म लिया है, उस परिवार के लोगों से ऋणानुबंध है अर्थात किसी का ऋण चुकाना है और किसी से ऋण वसूल करना है। कारण कि अनेक जन्म में अनेक लोगों से लिया है और अनेक लोगों को दिया है। यह लेन-देन का व्यवहार अनेक जन्मों से चला आ रहा है। इसको बंद किये बिना जन्म मरण से छुटकारा नहीं मिल सकता। इसको बंद करने का उपाय है- आगे से लेना बंद कर दें अर्थात अपने अधिकार का त्याग कर दें और हमारे पर जिनका अधिकार है, उनकी सेवा करनी आरंभ कर दें। इस प्रकार नया ऋण से नहीं और पुराना ऋण चुका दें, तो ऋणानुबंध समाप्त हो जायगा अर्थात जन्म-मरण बंद हो जायगा। जैसे, कोई दुकानदार अपनी दुकान उठाना चाहता है, तो वह दो काम करेगा- पहला, जिसको देना है, उसको दे देगा और दूसरा, जिससे लेना है वह ले लेगा अथवा छोड़ देगा। ऐसा करने से उसकी दुकान उठ जायगी। अगर वह यह विचार रखेगा कि जो लेना है, वह सब-का-सब ले लूँ, तो दुकान उठेगी नहीं। कारण कि जब तक वह लेने की इच्छा से वस्तुएँ देता रहेगा, तब तक दुकान चलती ही रहेगी, उठेगी नहीं। अपने लिये कुछ भी न करने और न चाहने से असंगता स्वतः प्राप्त हो जाती है। कारण कि करण[5] और उपकरण[6] संसार के हैं और संसार की सेवा में लगाने के लिये ही मिले हैं, अपने लिये नहीं। इसलिये संपूर्ण कर्तव्य-कर्म[7] केवल संसार के हित के लिये ही करने से कर्मों का प्रवाह संसार की ओर चला जाता है और साधक स्वयं असंग, निर्लिप्त रह जाता है। यही कर्म में अकर्म देखना है।

जब तक प्रकृति के साथ संबंध है, तब तक कर्म करना अथवा न करना- दोनों ही ‘कर्म’ हैं। इसलिये कर्म करने अथवा न करने- दोनों ही अवस्थाओं में कर्मयोगी को निर्लिप्त रहना चाहिये। कर्म करने में निर्लिप्त रहने का तात्पर्य है- कर्म करने से हमें अच्छा फल मिलेगा, हमें लाभ होगा, हमारी सिद्धि होगी, लोग हमें अच्छा मानेंगे, इस लोक में और परलोक में भोग मिलेंगे- इस प्रकार की किसी भी इच्छा का न होना। ऐसे ही कर्म न करने में निर्लिप्त रहने का तात्पर्य है- कर्मों का त्याग करने से हमें मान, आदर, भोग, शरीर को आराम आदि मिलेंगे- इस प्रकार की किञ्चिंमात्र भी इच्छा का न होना।


दुःख समझकर एवं शारीरिक क्लेश के भय से कर्म न करना राजस त्याग है और मोह, आलस्य, प्रमाद के कारण कर्म न करना तामस त्याग सर्वथा त्याज्य है। इसके सिवाय कर्म न करना यदि अपनी विलक्षण स्थिति के लिये है, समाधि का सुख भोगने के लिये है, जीवन्मुक्ति का आनंद लेने के लिये है तो त्याग से भी प्रकृति का संबंध विच्छेद नहीं होता। कारण कि जब तक कर्म न करने से संबंध है, तब तक प्रकृति से संबंध बना रहता है। प्रकृति से सर्वथा संबंध विच्छेद होने पर कर्मयोगी कर्म करने और न करने- इन दोनों अवस्थाओं में ज्यों-का त्यों निर्लिप्त रहता है।


‘अकर्मणि च कर्म यः’- अकर्म में कर्म देखने का तात्पर्य है- निर्लिप्त रहते हुए कर्म करना अथवा न करना। भाव है कि कर्म करते समय अथवा न करते समय भी नित्य निरंतर निर्लिप्त रहे।


संसार में कोई कार्य करने के लिये प्रवृत्त होता है तो उसके सामने प्रवृत्ति और निवृत्ति दोनों आती हैं। किसी कार्य में प्रवृत्ति होती है और किसी कार्य से निवृत्ति होती है। परंतु कर्मयोगी की प्रवृत्ति और निवृत्ति- दोनों निर्लिप्ततापूर्वक और केवल संसार के हित के लिये होती है। प्रवृत्ति और निवृत्ति- दोनों से ही उसका कोई प्रयोजन नहीं होता- ‘नैव तस्य कृतेनार्थो नाकृतेनेह कश्चन’। यदि प्रयोजन होता है तो वह कर्मयोगी नहीं है, प्रत्युत कर्मी है।


साधक जब तक प्रकृति से अपना संबंध मानता है, तब तक वह कर्म करने से अपनी सांसारिक उन्नति मानता है। परंतु वास्तव में प्रवृत्ति और निवृत्ति- दोनों ही प्रवृत्ति हैं; क्योंकि दोनों में ही प्रकृति के साथ संबंध रहता है। जैसे चलना-फिरना, खाना-पीना आदि स्थूल-शरीर की क्रियाएँ हैं, ऐसे ही एकान्त में बैठे रहना, चिंतन करना, ध्यान लगाना सूक्ष्म-शरीर की क्रियाएँ और समाधि लगाना कारण-शरीर की क्रियाएँ हैं। इसलिये निर्लिप्त रहते हुए ही लोकसंग्रहार्थ कर्तव्य-कर्म करना है। यही अकर्म में कर्म है। इसी को दूसरे अध्याय के अड़तालीसवें श्लोक में ‘योगस्थः कुरु कर्माणि’ पदों से कहा गया है।


सांसारिक प्रवृत्ति और निवृत्ति- दोनों ‘कर्म’ हैं। प्रवृत्ति अथवा निवृत्ति करते हुए निर्लिप्त रहना और निर्लिप्त रहते हुए प्रवृत्ति अथवा निवृत्ति करना- इस प्रकार प्रवृत्ति और निवृत्ति- दोनों में सर्वथा निर्लिप्त रहना ‘योग’ है। इसी को कर्मयोग कहते हैं।


शंका- कर्म करते हुए अथवा न करते हुए निर्लिप्त रहना और निर्लिप्त रहते हुए कर्म करना अथवा न करना- इन दोनों में ‘अकर्म’ अर्थात एक निर्लिप्तता ही मुख्य हुई; फिर भगवान ने कर्म में अकर्म और अकर्म में कर्म- ये दो बातें क्यों कहीं है?


कर्म में अकर्म और अकर्म में कर्म- इन दोनों में एक निर्लिप्तता सार होते हुए भी पहले में कर्म करते हुए अथवा न करते हुए- दोनों अवस्थाओं में रहने वाली निर्लिप्तता की मुख्यता है और दूसरे में निर्लिप्त रहते हुए कर्म करने अथवा न करने की मुख्यता है। तात्पर्य है कि निर्लिप्तता अपने लिये और कर्म संसार के लिये है; क्योंकि निर्लिप्तता का संबंध ‘स्व’ के साथ और कर्म करने अथवा न करने का संबंध ‘पर’ के साथ है। इसलिये निर्लिप्तता स्वधर्म और कर्म करना अथवा न करना परधर्म है। इन दोनों का विभाग सर्वथा अलग-अलग बताने के लिये ही भगवान ने उपर्युक्त दो बातें कही हैं।


कर्म में अकर्म और अकर्म में कर्म- ये दोनों बातें कर्मयोग की हैं, जिनका तात्पर्य यह है कि प्रकृति से तो सर्वथा संबंध-विच्छेद हो जाय अर्थात करने अथवा न करने से अपना कोई प्रयोजन न रहे और लोकसंग्रह के लिये कर्मों को करना अथवा न करना हो। कारण कि कर्म करते हुए निर्लिप्त रहना रहते हुए भी दूसरों के हित के लिये कर्म करना- ये दोनों ही गीता के सिद्धांत हैं।


प्रवृत्ति और निवृत्ति दोनों प्रकृति के राज्य में ही हैं। प्रकृति निरंतर परिवर्तनशील है, इसलिये प्रवृत्ति का भी आरंभ और अंत होता है तथा निवृत्ति का भी आरंभ और अंत होता है। परंतु इनसे सर्वथा अतीत परमनिवृत्ततत्त्व- अपने स्वरूप का आदि और अंत नहीं होता। वह प्रवृत्ति और निवृत्ति के आरंभ में भी रहता है और उसके अंत में भी रहता है तथा प्रवृत्ति और निवृत्ति काल में भी ज्यों-का-त्यों रहता है। वह प्रवृत्ति और निवृत्ति- दोनों का प्रकाशक और आधार है। इसलिये उसमें न प्रवृत्ति है और न निवृत्ति है- इस तत्त्व को समझने के लिये और उसमें स्थित होकर लोक-संग्रहार्थ कर्म करने के लिये यहाँ कर्म में अकर्म और अकर्म में कर्म- ये दो बातें कही गयी हैं।


‘स बुद्धिमान्मनुष्येषु’- जो पुरुष कर्म में कर्म देखता है और अकर्म में कर्म देखता है अर्थात नित्य-निरंतर निर्लिप्त रहता है, वही वास्तव में कर्म-तत्त्व को जानने वाला है। जब तक वह निर्लिप्त नहीं हुआ है अर्थात कर्म और पदार्थ को अपना और अपने लिये मानता है, तब तक उसने कर्म तत्त्व को समझा ही नहीं है।


परमात्मा को जानने के लिये स्वयं को परमात्मा से अभिन्नता का अनुभव करना होता है और संसार को जानने के लिये स्वयं को संसार से सर्वथा भिन्नता का अनुभव करना होता है। कारण कि वास्तव में हम[9] परमात्मा से अभिन्न और संसार से भिन्न है। इसलिये कर्मों से अलग होकर अर्थात निर्लिप्त होकर ही कर्म तत्त्व को जान सकते हैं। कर्म आदि अंत वाले हैं और मैं नित्य रहने वाला हूँ; अतः मैं स्वरूप से कर्मों से अलग हूँ- इस वास्तविकता का अनुभव करना ही ‘जानना’ है। वास्तविकता की तहत में बैठे बिना जानना ही हो कैसे सकता है?


जैसे काजल की कोठरी में प्रवेश करके भी काजल से सर्वथा निर्लिप्त रहना साधारण बुद्धिमान का काम नहीं है, ऐसे ही संपूर्ण कर्तव्य कर्मों को करते हुए भी कर्मों से सर्वथा निर्लिप्त रहना साधारण बुद्धिमान के वश का काम नहीं है। इसलिये भगवान ऐसे कर्मयोगी को मनुष्यों में बुद्धिमान कहते हैं। अठारहवें अध्याय के दसवें श्लोक में भी भगवान ने उसे ‘मेधावी’ कहा है।


अभी सत्रहवें श्लोक में भगवान ने कर्म, अकर्म और विकर्म- तीनों का तत्त्व समझने के लिये कहा था। यहाँ ‘मनुष्येषु बुद्धिमान्’ पद देकर भगवान मानो यह बताते हैं कि जिसने कर्म में अकर्म और अकर्म के तत्त्व को जान लिया है, उसने सब कुछ जान लिया है अर्थात वह ज्ञात-ज्ञातव्य हो गया है।


‘स युक्तः’- कर्मयोगी सिद्धि-असिद्धि में सम रहता है। कर्म का फल मिले या न मिले, उसमें कभी विषमता नहीं आती; क्योंकि उसने फलेच्छा का सर्वथा त्याग कर दिया है। समता का नाम योग है। वह नित्य-निरंतर समता में स्थित है, इसलिये वह योगी है।


प्राणिमात्र का परमात्मा से स्वतः सिद्ध नित्ययोग है। परंतु मनुष्य ने संसार से अपना संबंध मान लिया, इसी से वह उस नित्ययोग को भूल गया। तात्पर्य यह कि जड़ के साथ अपना संबंध मानना ही परमात्मा के साथ अपने नित्य संबंध को भूलना है। कर्मयोगी फलेच्छा, ममता और आसक्ति का त्याग करके केवल दूसरों के लिये ही कर्तव्य कर्म करता है, जिससे उसका जड़ से माना हुआ संबंध टूट जाता है और उसे परमात्मा से स्वतः सिद्ध नित्य योग की अनुभूति हो जाती है। इसलिये उसे योगी कहा गया है।


‘युक्तः’ पद में यह भाव है कि उसने प्राप्त करने योग्य तत्त्व को प्राप्त कर लिया है अर्थात वह प्राप्त-प्राप्तव्य हो गया है।


‘कृत्स्नकर्मकृत्’- जब तक कुछ ‘पाना’ शेष रहता है, तब तक ‘करना’ शेष रहता ही है अर्थात जब तक कुछ-न-कुछ पाने की इच्छा रहती है, तब तक करने का राग नहीं मिटता।


नाशवान कर्मों से मिलने वाला फल भी नाशवान ही होता है। जब तक नाशवान् फल की इच्छा है, तब तक[1] करना समाप्त नहीं होता। परंतु जब नाशवान से सर्वथा संबंध छूटकर परमात्मप्राप्ति रूप अविनाशी फल की प्राप्ति हो जाती है, तब करना सदा के लिये समाप्त हो जाता है और कर्मयोगी का कर्म करने तथा न करने से कोई प्रयोजन नहीं रहता। ऐसा कर्मयोगी संपूर्ण कर्मों को करने वाला है अर्थात उसके लिये अब कुछ करना शेष नहीं है, वह कृतकृत्य हो गया है। करना, जानना और पाना शेष नहीं रहने से वह कर्मयोगी अशुभ संसार बंधन से मुक्त हो जाता है।


यस्य सर्वे समारम्भाः कामसंकल्पवर्जिताः ।

ज्ञानिग्निदग्धकर्माणं तमाहुः पंडितं बुधाः ।। 19 ।।


अर्थ- जिसके संपूर्ण कर्मों के आरंभ संकल्प और कामना से रहित हैं तथा जिसके संपूर्ण कर्म ज्ञानरूपी अग्नि से जल गये हैं, उसके ज्ञानिजन भी पंडित कहते हैं।


व्याख्या- ‘यस्य सर्वे समारम्भाः कामसंकल्प वर्जिताः’[2] विषयों का बार-बार चिंतन होने से, उनकी बार-बार याद आने से उन विषयों में ‘ये विषय अच्छे हैं, काम में आने वाले हैं, जीवन में उपयोगी हैं और सुख देने वाले हैं’- ऐसी सम्यग्बुद्धि का होना ‘संकल्प’ है और ‘ये विषय-पदार्थ हमारे लिये अच्छे नहीं हैं, हानिकारक हैं’- ऐसी बुद्धि का होना ‘विकल्प’ है। ऐसे संकल्प और विकल्प बुद्धि में होते रहते हैं। जब विकल्प मिटकर केवल एक संकल्प रह जाता है, तब ‘ये विषय-पदार्थ हमें मिलने चाहिये, ये हमारे होने चाहिये’- इस तरह अंतःकरण में उनको प्राप्त करने की जो इच्छा पैदा हो जाती है, उसका नाम ‘काम’ है। कर्मयोग से सिद्ध हुए महापुरुष में संकल्प और कामना- दोनों ही नहीं रहते अर्थात उसमें न तो कामनाओं का कारण संकल्प रहता है और न संकल्पों का कार्य कामना ही रहती है। अतः उसके द्वारा जो भी कर्म होते हैं, वे सब संकल्प और कामना से रहित होते हैं।


संकल्प और कामना- ये दोनों कर्म के बीज हैं। संकल्प और कामना न रहने पर कर्म अकर्म हो जाते हैं अर्थात कर्म बाँधने वाले नहीं होते। सिद्ध महापुरुष में भी संकल्प और कामना न रहने से उसके द्वारा होने वाले कर्म बंधन कारक नहीं होते। उसके द्वारा लोकसंग्रहार्थ, कर्तव्यपरंपरासुरक्षार्थ संपूर्ण होते हुए भी वह उन कर्मों से स्वतः सर्वथा निर्लिप्त रहता है।


भगवान ने कहीं पर संकल्पों का कहीं पर कामनाओं का[5] और कहीं पर संकल्प तथा कामना दोनों का[6] त्याग बताया है। अतः जहाँ केवल संकल्पों का त्याग बताया गया है, वहाँ कामनाओं का और जहाँ केवल कामनाओं का त्याग बताया गया है, वहाँ संकल्पों का त्याग भी समझ लेना चाहिये; क्योंकि संकल्प कामनाओं का कारण है और कामना संकल्पों का कार्य है। तात्पर्य है कि साधक को संपूर्ण संकल्पों और कामनाओं का त्याग कर देना चाहिये। मोटर की चार अवस्थाएं होती हैं-

1. मोटर गैरेज में खड़ी रहने पर न इंजन चलता है और न पहिये चलते हैं।

2. मोटर चालू करने पर इंजन तो चलने लगता है, पर पहिये नहीं चलते।

3. मोटर को वहाँ से रवाना करने पर इंजन भी चलता है और पहिये भी चलते हैं।


4.निरापद ढलवाँ मार्ग आने पर इंजन को बंद कर देते हैं और पहिये चलते रहते हैं।

इसी प्रकार की मनुष्य की भी चार अवस्थाएँ होती हैं-

1. न कामना होती है और न कर्म होता है।

2. कामना होती है, पर कर्म नहीं होता।

3. कामना भी होती है और कर्म भी होता है।

4. कामना नहीं होती और कर्म होता है।


मोटर की सबसे उत्तम अवस्था यह है कि इंजन न चले और पहिये चलते रहें अर्थात तेल भी खर्च न हो और रास्ता भी तय हो जाय। इसी तरह मनुष्य की सबसे उत्तम अवस्था यह है कि कामना न हो और कर्म होते रहें। ऐसी अवस्था वाले मनुष्य को ज्ञानिजन भी पंडित कहते हैं।


‘समारम्भाः’ पद का यह भाव है कि कर्मयोग से सिद्ध महापुरुष के द्वारा हरेक कर्म सुचारू रूप से, सांगोपांग और तत्परता पूर्वक होता है। दूसरा एक भाव यह भी है कि उसके कर्म शास्त्र सम्मत होते हैं। उसके द्वारा करने योग्य कर्म ही होते हैं। जिससे किसी का अहित होता हो, वह कर्म उससे कभी नहीं होता।


‘सर्वे’ पद का यह भाव है कि उसके द्वारा होने वाले सब-के-सब कर्म संकल्प सहित नहीं होता। प्रातः उठने से लेकर रात में सोने तक शौच-स्नान, खाना-पीना, पाठ-पूजा, जप-चिंतन, ध्यान-समाधि आदि शरीर निर्वाह संबंध संपूर्ण कर्म संकल्प और कामना से रहित ही होते हैं।


'ज्ञानाग्निदग्धकर्माणम्’- कर्मों का संबंध ‘पर’ के साथ हैं, ‘स्व’ के साथ नहीं; क्योंकि कर्मों का आरंभ और अंत होता है, पर स्वरूप सदा ज्यों-का-त्यों रहता है- इस तत्त्व को ठीक-ठीक जानना ही ‘ज्ञान’ है। इस ज्ञानरूप अग्नि से संपूर्ण कर्म भस्म हो जाते हैं अर्थात कर्मों में फल देने की[3] शक्ति नहीं रहती। वास्तव में शरीर और क्रिया- दोनों संसार से अभिन्न हैं; पर स्वयं सर्वथा भिन्न होता हुआ भी भूल से इनके साथ अपना संबंध मान लेता है। जब महापुरुष का अपने कहलाने वाले शरीर के साथ भी कोई संबंध नहीं रहता, तब जैसे संसार मात्र से सब कर्म होते हैं, ऐसे ही उसके कहलाने वाले शरीर से सब कर्म होते हैं। इस प्रकार कर्मों से निर्लिप्तता का अनुभव होने पर उस महापुरुष के वर्तमान कर्म ही नष्ट नहीं होते, प्रत्युत संचित कर्म भी सर्वथा नष्ट हो जाते हैं। प्रारब्ध कर्म भी केवल अनुकूल या प्रतिकूल परिस्थिति के रूप में उसके सामने आकर नष्ट हो जाते हैं; परंतु फल से असंग होने के कारण वह उनका भोक्ता नहीं बनता अर्थात किञ्चिन्मात्र भी सुखी या दुःखी नहीं होता। इसलिये प्रारब्ध कर्म भी अस्थायी परिस्थितिमात्र उत्पन्न करके नष्ट हो जाते हैं। ‘तमाहुः पंडितं बुधाः’- जो कर्मों का स्वरूप से त्याग करके परमात्मा में लगा हुआ है, उस मनुष्य को समझना तो सुगम है, पर जो कर्मों से किञ्चिन्मात्र भी लिप्त हुए बिना तत्परतापूर्वक कर्म कर रहा है, उसे समझना कठिन है। संतों की वाणी में आया है- त्यागी शोभा जगत में करता है सब कोय । हरिया गृहस्थी संत का भेदी बिरला होय ।। तात्पर्य यह है कि संसार में त्यागी पुरुष की महिमा तो सब गाते हैं, पर गृहस्थ में रहकर सब कर्तव्य-कर्म करते हए भी जो निर्लिप्त रहता है, उस पुरुष को समझने वाला कोई बिरला ही होता है। जैसे कमल का पत्ता जल में ही उत्पन्न होकर और जल में रहते हे भी जल से लिप्त नहीं होता, ऐसे ही कर्मयोगी कर्मयोनि में ही उत्पन्न होकर और कर्ममय जगत में रहकर कर्म करते हुए भी कर्मों से लिप्त नहीं होता।[8]कर्मों से लिप्त न होना कोई साधारण बुद्धिमानी का काम नहीं है। पीछे के अठाहरहवें श्लोक में भगवान ने ऐसे कर्मयोगी को ‘मनुष्यों में बुद्धिमान’ कहा है और यहाँ कहा है कि उसे ज्ञानीजन भी पंडित अर्थात बुद्धिमन कहते हैं। भाव यह है कि ऐसा कर्मयोगी पंडितों का भी पंडित, ज्ञानियों का भी ज्ञानी है। 


गीता की विचारधारा का विकास एक ऐसे बिंदु पर पहुँच गया है जहाँ केवल एक हरी प्रश्न समाधान के लिये बाकी रह जाता है,-प्रश्न यह है कि हमारी यह प्रकृति, जो बद्ध और दोषपूर्ण है, केवल सिद्धांत-रूप में ही नहीं बल्कि अपनी सभी चेष्टाओं में, निम्नतर से उच्चतर सत्ता की ओर तथा अपने वर्तमान कर्म-विधान से शाश्वत धर्म की ओर अपना विकास किस प्रकार साधित कर सकती है। यह एक ऐसी समस्या है जो गीता-प्रतिपादन कुछ एक सिद्धांत में अंतर्निहित है, किंतु इसे उसकी अपेक्षा अधिक प्रधानता के साथ निरूपित करने तथा अधिक स्पष्ट रूप में अपनी बुद्धि के समक्ष रखने की जरूरत है। गीता मानसशास्त्र के उस ज्ञान को आधार बनाकर चली थी जो उस समय के विचारकों के लिये सुपरिचित था, और अपनी विचार- श्रृंखला में युक्ति के उन क्रमों को संक्षिप्त करना, बहुत-सी बातों को बिना सिद्ध किये मान लेना तथा उन अनेक बातों को बिना व्यक्त किये छोड़ देना उसके लिये भली-भाँति संभव था जिन्हें आज पूरे बल के साथ स्पष्ट करना तथा सुनिश्चित रूप में अपने सामने रखना हमारे लिये आवश्यक है। गीता की शिक्षा आरंभ से ही हमारे जागितिक कर्म के लिये एक नया स्त्रोत एवं नया स्वतर प्रस्तुत करने की ओर अर्गसर होती है; उसका आरंभ-बिंदु यही था और उसके उपसंहार का मूल प्रेरक भी यही है। वास्तव में उसका प्राथमिक उद्देश्य मोक्ष का मार्ग प्रतिपादित करना नहीं बल्कि यह दिखलाना था कि आत्मा के मोक्ष-प्रयत्न के साथ कर्मों की संगति कैसे बैठती है तथा जब एक बार आध्यात्मिक स्वातंत्र्य प्राप्त हो जाता है तो स्वयं उसके साथ अविछिन्न जागतिक कर्म, मुक्तस्थ कर्म का मेल कैसे सधता है। प्रसंगवश, आध्यात्मिक मुक्ति और सिद्धि प्राप्त करने के लिये एक समन्वयात्मक योग या मनोवैज्ञानकि पद्धति का विकास किया जा चुका है और कुछ एक दार्शनिक सिद्धांत तथा हमारी सत्ता एवं प्रकृति के कई एक सत्य-विशेष, जिन पर इस योग की प्रामाणिकता अवलंबित है, प्रतिपादित किये जा चुके हैं। परंतु मूल लक्ष्य, मूल कठिनाई एवं समस्या शुरू से अब तक बराबर बनी हुई है। वह यह है कि अर्जुन, जो वचारों और भावों की प्रबल क्रांति के कारण कर्म के प्रचलित, स्वाभाविक एवं बौद्धिक आधारों तथा प्रतिमानों से व्युत हो चुका है, कर्मो का नया एवं संतोषजनक आध्यात्मिक मानदंड कैसे प्राप्त करे। 

वह मनुष्य की रूढ़िग्रस्त बुद्धि तथा प्रकृति के आंशिक सत्यों के अनुसार अब और कार्य नहीं कर सकता, अतः समस्या यह है कि कैसे वह आत्मा के सत्य में जीवन यापन करे और साथ ही कुरुक्षेत्र की रणभूति में अपना नियत कर्म भी संपन्न करे। निर्व्यक्तिक तथा विश्वमयी आत्मा की नीरवता में आंतरिक तौर पर स्थिर, अनासक्त और प्रशांत रहना और फिर भी क्रियाशील प्रकृति के कार्यों को शक्तिशाली रूप से संपन्न करना, और अधिक व्यापक रूप में, अपने अंतःस्थ सनातन के साथ एकमय होना तथा जगद्व्यापी सनातन की उस समस्त इच्छा को कार्यन्वित करना जो हमरी उन्नीत, मुक्त, विश्वात्मभाव से युक्त, भगवत्प्रकृति से एकीभूत वैयक्तिक प्रकृति की उदात्तीकृत शक्ति तथा दिव्य उच्चता के द्वारा प्रकट हो-यही है गीता का समाधान।


अब हम जरा यह देखें कि अर्जुन की कठिनाई और इंकार के मूल में जो समस्या है उसके दृष्टिकोण से तथा अत्यंत स्पष्ट और निश्चयात्मक शब्दों में इस समाधान का क्या अभिप्राय हैं एक मनुष्य तथा सामाजिक प्राणी के रूप में उसका कर्तव्य क्षत्रिय के उच्च धर्म का पालन करना है जिसके बिना पाप, अत्याचार और अन्याय के अराजकतापूर्ण बलात्कार के विरुद्ध समाज के ढ़ांचे की रक्षा नहीं की जा सकती, जाति के आदर्शों का औचित्य सिद्ध नहीं किया जा सकता, सत्य और न्याय की सुसमंजस व्यवस्थ को धारण नहीं किया जा सकता। और फिर भी कर्तव्य का आहृान अपने-आप में युद्ध के नायक को अब पहले की तरह संतुष्ट नहीं कर सकता क्योंकि कुरुक्षेत्र की भीषण यथार्थता के बीच वह आह्वान अति कठोर, विमूढ़कारी और द्विविधापूर्ण रूप में उपस्थित होता है।


अपने सामाजिक कर्तव्य का पालन उसके लिये सहसा ही इस अर्थ का द्योतक हो गया है कि वह अपरिमित पाप तथा दुःख-कष्टरूपी परिणाम के लिये अपनी सहमति दे; सामाजिक व्यवस्था और न्याय की रक्षा का परंपरागत साधन उल्टे बड़ी भारी अव्यवस्था और संकट की ओर ले जाता प्रतीत होता है। न्यायसंगत दावे तथा स्वार्थ का नियम भी, जिसे हम न्याय अधिकार कहते हैं, वहाँ उसकी कोई सहायता नहीं करेगा; कारण, यद्यपि यह सही है कि जो राज्य उसे अपने लिये, अपने बधु-बांधवों तथा युद्ध में अपने पक्ष के लोगों के लिये जीतना है उस पर वास्तव में न्यायपूर्वक उन्हीं का अधिकार है तथा उस अधिकार की बलपूर्वक स्थापना करने का अर्थ आसुरी अत्याचार का उन्मूलन और न्याय का प्रतिष्ठापन करना है।


तथापि वह न्याय रक्त-रंजित होगा और वह राज्य एक ऐसा राज्य होगा जो शोकाकुल हृदय के साथ अधिकृत होगा तथा एक महापाप से, समाज की भयंकर हानि और जाति के प्रति ज्वलंत अपराध से कलंकित होगा। धर्म अर्थात नैतिक दावे का विधान भी उसकी द्विविधा का कोई अधिक अच्छा समाधान नहीं करेगा; क्योंकि यहाँ धर्मों का परस्पर-विरोध उसके सामने उपस्थित है। उसकी समस्या के समाधान के लिये आवश्यक है एक नये तथा महत्तर पर अद्यावधि कल्पनातीत विधान की, परंतु यह विधान क्या है?    क्योंकि एक संभव समाधान, जिसकी कल्पना करना सुगम है तथा जिसे क्रियान्वित करना भी सहज है, यह है कि वह अपने कर्म से मुंह मोड़ ले, साधुओं की-सी अकर्मण्यता की शरण ले ले तथा असंतोषकारक उपायों और उद्देश्यों से युक्त इस अपूर्ण जगत को आप ही अपनी सुध लेने के लिये अकेले छोड़ दे, पर यह तो जैसे-तैसे समस्या से पिंड छुड़ाना हुआ और भगवान गुरु ने ऐसा करने की आग्रहपूर्वक मनाही की है।


किंतु इस जगत के स्वामी, जो मनुष्य के सब कर्मों के स्वामी है, और जिनका यह जगत एक कर्मक्षेत्र है, मनुष्य से कर्म की मांग करते हैं, भले ही वह कर्म अहंभाव के द्वारा तथा सीमित मानव बुद्धि; के अज्ञान या आंशिक प्रकाश की स्थिति में किया जाये अथवा वह अंतर्दर्शन तथा प्रेरणा के एक अधिक उच्च तथा अधिक विशाल दृष्टि वाले स्तर से प्रेरित हो। और फिर, एक और प्रकाश का समाधान यह होगा कि युद्धरूपी इस विशेष कर्म को बुरा मानते हुए इसे त्याग दिया जाये जो कि अदूरदर्शी नैतिकता-प्रधान मन का बना-बनाया उपाय है, पर भगवान गुरु इस प्रकार की टाल-मटोल के लिये भी अपनी सहमति नहीं देते। यदि अर्जुन कर्म का परित्याग कर दे तो उससे पाप और बुराई में अत्यधिक वृद्धि ही होगी; यदि इसका कुछ परिणाम हुआ भी तो वह होगा अन्याय ओर अनाचार की विजय तथा भगवत्कर्म के यंत्र के रूप में उसके अपने महाव्रत का परित्याग। जाति की भवितव्यता में जो तीव्र संकट उत्पन्न गया है उसका कारण शक्तियों की कोई अंध गति या मानवीय विचारों, स्वार्थों, आवेगों तथा अहंकारों का अस्तव्यस्त संघर्ष मात्र नहीं बल्कि वह भगवदिच्छा है, जो इन बाह्म प्रतीतियों के पीछे कार्य कर रही हैं अर्जुन को इस सत्य का साक्षत्कार करा देना आवश्यक है।


उसे अपनी क्षुद्र व्यक्तिगत कामनाओं तथा दुर्बल मानवीय जुगुप्साओं के यंत्र के रूप में नहीं बल्कि एक अधिक विराट तथा अधिक ज्योतिर्मयी शक्ति एवं अधिक महत्तर सर्वज्ञ, दिव्य और विश्व संकल्प के यंत्र के रूप में, निर्व्यक्तिक तथा अचल-अटल भाव के साथ कर्म करना सीखना होगा। उसे अपनी आत्मा को अपने अंदर और बाहर विद्यमान ईश्वर के साथ परम-योगयुक्त करके, अपनी परम आत्मा तथा विश्व की अनुप्रेरक आत्मा के साथ एक अविचल योग के द्वारा युक्त होकर निर्वेयक्तिक और विश्वजनित भाव से कर्म करना होगा। परंतु जब तक मनुष्य अहंभाव के द्वारा, यहाँ तक कि बुद्धि और मानसिक प्रज्ञा के अर्द्ध-आलोकित अप्रबुद्ध सात्त्विक अहं के द्वारा नियंत्रित होता है तब तक इस सत्य को तब तक इस सत्य को ठीक रूप में नहीं देखा जा सकता और इस प्रकार का कर्म न तो सही रूप में आरंभ किया जा सकता है किया जा सकता है और न ही वह सच्चे अर्थों में ऐसा कर्म हो सकता है। क्योंकि यह आत्मा का सत्य है, यह आध्यात्मिक भित्ति पर से किया जाने वाला कर्म है।


बौद्धिक नहीं वरन् आध्यात्मिक ज्ञान ही इस प्रकार के कर्मों के लिये अनिवार्य रूप से अपेक्षित है, वही इसका एकमात्र संभवनीय प्रकाश, माध्यम तथा अभिप्रेरक है। इसलिये सर्वप्रथम भगवान गुरु यह दिखलाते हैं कि ये सब विचार और भाव जो अर्जुन को व्यथित, व्याकुल और वमिूढ़ कर रहे हैं, हर्ष और शोक, कामना और पाप, कर्म के बाह्म परिणामों के द्वारा कर्म को नियंत्रित करने की मन की प्रवृत्ति, इस जगत के साथ विश्वात्मा के व्यवहारों में जो चीजें भीषण और विकराल प्रतीत होती हैं उनसे मानुषी जुगुप्सा-ये सब प्राकृत अज्ञान के प्रति हमारी चेतना की अधीनता से उत्पन्न वस्तुऐं हैं, ये निम्नतर प्रकृति की कार्य-शैलियां हैं, जिनमें ग्रस्त होकर जीव अपने को एक पृथक अहं के रूप में देखता है, जो अपने ऊपर होने वाली वस्तुओं की क्रिया के प्रति सुख-दुःख, पाप-पुण्य,शुभ-अशुभ, इष्ट-अनिष्ट, सौभाग्य-दुर्भाग्य द्वंद्वात्मक प्रतिक्रियाएं करता हैं ये प्रतिक्रियाएं भ्रांति का एक विषम जाल बुनती हैं, जिसमें जीव अपने ही अज्ञान के कारण खो जाता तथा विभ्रांत हो जाता है; उसे उन आंशिक एवं अपूर्ण समाधानों के अनुसार अपना परिचालन करना होता है, जो सामान्य जीवन में साधरणतः लड़खड़ाते हुए, भूल-चूक और स्खलनों में से गुजरते हुए ही सहायता करते हैं, पर जब वे व्यापकतर दृष्टि तथा गंभीरतर अनुभूति की कसौटी पर कसे जाते हैं तो अनुपयोगी सिद्ध होते हैं।


कर्म और जीवन का वास्तविक अभिप्राय समझने के लिये मनुष्य को इन सब बाह्य प्रतीतियों से पीछे हटकर आत्मा के सत्य में प्रवेश करना होगा; यर्थात विश्व-ज्ञान का आधार उपलब्ध कर सकने से पहले उसे आत्म-ज्ञान का आधार स्थापित कर लेना होगा। सर्वप्रथम आवश्यक साधन है-कामना और आवेश तथा विक्षोभकारी भावावेग के, मानव मन की इस सब विक्षुब्ध तथा विकृतिकारी परिस्थिति के बोझ को आत्मा के पंखें पर से झाड़ फेंकना और इस प्रकार उसे इन सबसे मुक्त कर निर्विकार समता के आकाश में उड़ान लेना, निर्व्यक्तिक शांति के स्वर्ग में और वस्तु-विषयक अहंशून्य दृष्टि एवं अनुभूति में प्रवेश करना। क्योंकि, उस विशुद्ध ऊर्ध्वतर वायुमंडल में ही, आंधी-तूफान और बादल-बिजली से सर्वथा रहित स्तरों में ही आत्म-ज्ञान की प्राप्ति हो सकती है और इस जगत का विधान तथा प्रकृति का सत्य भी व्यापक दृष्टि के साथ, अविचल, सर्वग्राही तथा सर्व-वेधक प्रकाश में स्थिरता पूर्वक देखा जा सकता है।


यह जो क्षुद्र व्यक्तित्व है यह जो प्रकृति का असहाय यंत्र है, उसकी एक निष्क्रिय या फिर व्यर्थ-प्रतिरोधशील कठपुतली है तथा उसके सृष्टि-चक्र में एक गठित रूप है-इसके पीछे एक निर्व्यक्तिक आत्मा है जो सबमें एक ही है तथा सभी चीजों को देखती और जानती है; एक सम, तटस्थ, विश्वव्यापी उपस्थिति है जो सृष्टि का आश्रय है, एक साक्षी चेतना है जो प्रकृति को वस्तुओं की उनके अपने स्वभाव के अनुसार अभिव्यक्त साधित करने के लिये अनुमति देती है, पर इसके लिये वह जिस क्रिया का सूत्रपात करती है उसमें न तो लिप्त होता है और न अपने को खो ही देती है।


अहंभाव तथा विक्षुब्ध व्यक्तित्व से पीछे हटकर इस स्थिर, सम, नित्य, विराट तथा निर्व्यक्तिक आत्मा में प्रवेश करना ही दृष्टि संपन्न यौगिक कर्म करने का प्रथम पग है; ऐसा कर्म उस भागवत सत्ता एवं निर्भांत संकल्प के साथ सचेतन एकत्व की अवस्था में किया जाता है, जो इस समय हमारे लिये कितना भी प्रच्छन्न क्यों न हो पर इस विश्व में प्रकट अवश्य होता है। जब हम निर्व्यक्तिक विशालता के धाम इस आत्मा में शांत भाव से सुस्थित हो जाते हैं तब, क्योंकि यह बृहत, शांत एवं निर्वेक्तिक है, हमारा दूसरा क्षुद्र मिथ्याभूत स्व, हमारा कर्मशील अहं इसकी बृहत्ता में विलीन हो जाता है और हम देखते हैं कि प्रकृति ही कार्य करती है हम नहीं, समस्त कर्म प्रकृति का ही कर्म है और इसके सिवा वह कुछ हो भी नहीं सकता। और यह चीज जिसे हम प्रकृति कहते हैं।


क्रियारत शाश्वत सत की विश्वव्यापी कार्यवाहिका शक्ति है; वह सत्ता स्व-सृष्ट प्राणियों की इस या उस श्रेणी में तथा श्रेणी-विशेष के प्रत्येक व्यष्टि में उसकी अपनी प्राकृत सत्ता के निज आदर्श, स्वभाव के अनुसार तथा उस स्वभाव से फलित होने वाले उसके अपने जिन व्यापार एवं कर्म-विधान, स्वधर्म के अनुसार ही कार्य करता है, उसके सिवा और किसी चीज के द्वारा वह कार्य कर भी नहीं सकता। अहंभाव, वैयक्तिक संकल्प और कामना विश्व-ऊर्जा के स्पष्ट-सचेतन रूपों तथा सीमित प्राकृत व्यापारों से अधिक कुछ नहीं है, पर स्वयं वह शक्ति रूपातीत और अनंत है तथा उन रूपों से अतीव परे है; बुद्धि और प्रज्ञा, मन, इन्द्रिय, प्राण और शरीर, वे सब चीजें जिन पर हम गर्व करते हैं या जिन्हें हम अपनी मानते हैं, प्रकृति के करणोपकरण हैं तथा उसी की रचनाएं हैं। परंतु निर्व्यक्तिक आत्मा कर्म नहीं करती और वह प्रकृति का भाग नहीं हैः वह पीछे तथा ऊपर से कर्म का निरीक्षण करती है तथा अपना ईश बनी रहती है, मुक्त और निर्विकार ज्ञाता एवं साक्षी बनी रहती है। जो जीव इस निर्व्यक्तिकता में निवास करता है वह हमारी इस प्रकृति को यंत्र बनाकर किये जाने वाले कार्यों से स्पृष्ट नहीं होता; वह उनके प्रति या उनके परिणामों के प्रति हर्ष-शोक, कामना-जुगुप्सा, राग-द्वेष के द्वारा या हमें आकृष्ट, विचलित तथा उद्वेलित करने वाले सैकड़ों द्वंद्वों में से किसी के भी द्वारा प्रतिक्रिया नहीं करता। वह सभी मनुष्यों, सभी वस्तुओं तथा सभी घटनाओं को सम दृष्टि से देखता है, प्रकृति के गुणों को गुणों पर क्रिया करते हुए देखता है, यात्रिक क्रिया के संपूर्ण रहस्य का दर्शन करता है, पर स्वयं इन गुणों और अवस्थाओं से परे है, शुद्ध और निरपेक्ष मूल सत्ता है, निर्विकार, मुक्त और शांत है। प्रकृति अपना कर्म निष्पन्न करती है और निर्व्यक्तिक तथा विश्वगत आत्मा प्रकृति को धारण करती है पर ग्रस्त तथा आसक्त नहीं होती; लिप्त, विक्षुब्ध तथा विमूढ़ नहीं होती। यदि हम इस सम आत्मा में निवास कर सकें तो हम भी शांति और निर्वृति लाभ कर लेंगे; जब तक प्रकृति की प्रेरणा हमारे करणों में डेरा डाले रहती है तब तक हमारे कर्म जारी रहते हैं, और फिर भी आध्यात्मिक मुक्ति एवं निस्तब्धता हमें प्राप्त रहती है। तथापि आत्मा और प्रकृति का यह द्वैत, अर्थात निःस्पंद पुरुष और सक्रिय प्रकृति ही हमारी सत्ता का संपूर्ण सारसर्वस्व नहीं है; सब पूछो तो, ये बस विषय के दो अंतिम शब्द नहीं है। 


यदि ऐसा हो तो या तो आत्मा सब कर्मों के प्रति सर्वथा उदासीन होगी और इस या उस कर्म का अनुष्ठान अथवा कर्म से विरति सदा-परिवर्तनशील गुणों की किसी अवश प्रवृत्ति के द्वारा निर्धारित होगी, या तो अर्जुन अपने करणों के किसी राजसिक आवेग के द्वारा युद्ध में प्रवृत्त होगा या वह तामसिक जड़ता या सात्त्विक उदासीनता के द्वारा उससे निवृत्त होगा, या फिर, यदि ऐसी बात है कि काम तो उसे करना ही होगा तथा करना भी इसी ढंग से होगा तो वह प्रकृति की किसी यांत्रिक नियति के कारण ही होगा। अपिच, क्योंकि जीव कर्म से पीछे हटने पर निर्व्यक्तिक निश्चल आत्मा में निवास करने लगेगा तथा क्रियाशील प्रकृति में निवास करना बिलकुल छोड़ देगा, इसका अंतिम परिणाम होगा निश्चलता, नैष्कर्म्य, निवृत्ति, निष्क्रियता, न कि गीता के द्वारा आदिष्ट कर्म। और, अंत में, यह द्वैत इस प्रश्न का कोई वास्तविक समाधान नहीं प्रस्तुत करता कि भला जीव को प्रकृति तथा उसके कर्म में मज्जित होने के लिये पुकार आती ही क्यों; क्योंकि यह तो नहीं हो सकता कि नित्य-निर्लिप्त आत्म-सचेतन एकमेव आत्मा स्वयमेव मज्जित हो जाये तथा अपना आत्म-ज्ञान गंवा दे और फिर उसे वह ज्ञान पुनः प्राप्त करना पड़े।


इसके विपरीत, यह शुद्ध आत्मा सदा विद्यमान रहती है, सदा एकरस रहती है, सदैव कर्म का एकमेव आत्म-सचेतन, निर्व्यक्तिक, पृथक-स्थित साक्षी या तटस्थ भर्ता बनी रहती है। यह छिद्र ही, यह असंभव शून्यता ही हमें दो पुरुषों या एक पुरुष या एक पुरुष की दो अवस्थओं की कल्पना करने के लिये विवश करती है, एक तो वह जो आत्मा के अंदर गुप्त रूप से विद्यमान है तथा अपनी स्वयंस्थित सत्ता से सब वस्तुओं का निरीक्षण करता है, या शायद किसी भी चीज का निरीक्षण नहीं करता, दूसरा वह जो अपने को प्रकृति के अंदर निक्षिप्त करता है तथा उसके कार्य में सहायता पहुँचाता है और उसकी रचनाओं के साथ अपने को तदाकार कर देता है। परंतु दो पुरुषों के द्वैत के द्वारा संशोधित किया हुआ आत्मा तथा प्रकृति या माया का यह द्वैत भी गीता का संपूर्ण दार्शनिक सिद्धांत नहीं है। यह इनसे परे एक उच्चतम पुरुष, पुरुषोत्तम के सर्व-आलिंगी परम एकतव तक पहुँचती है। गीता कहती है कि एक परम रहस्य है, एक उच्चतम सत्य है जो इन दो विभिन्न अभिव्यक्तियों के सत्य को धारण करता तथा समन्वित करता है।


एक परात्पर आत्मा, ईश्वर एवं ब्रह्म है जो निर्व्यक्तिक और सव्यक्तिक दोनों है पर इनमें से प्रत्येक से इतर और महत्तर है। वे पुरुष एवं आत्मा हैं, हमारी सत्ता की अंतरतम सत्ता हैं, पर साथ ही वे प्रकृति भी है; क्योंकि प्रकृति की शक्ति के द्वारा इन सब प्राणियों का रूप धारण करते हैं। वे परमात्मा और परब्रह्म ही अपनी विद्या की माया तथा अविद्या की माया के द्वारा विश्व-पुरुष ही अपनी प्रकृति के द्वारा इन सब प्राणियों का रूप धारण करते हैं। वे परमात्मा और परब्रह्म ही अपनी विद्या की माया तथा अविद्या की माया के द्वारा विश्व-रहस्य के द्विविध सत्य को अभिव्यक्त करते हैं।


वे परम ईश ही, अपनी शक्ति के वे स्वामी ही इस संपूर्ण प्रकृति का तथा इन असंख्य सत्ताओं के समस्त व्यक्तित्व, बल-सामर्थ्य एवं कार्यकलाप का सृजन, प्रेरणा और नियंत्रण करते हैं। प्रत्येक जीव इन स्वयं एकमेव की अंशभूत सत्ता है, इन सर्वात्मा की अंशभूत शाश्वत आत्मा है, इन परम ईश तथा इनकी विश्व-प्रकृति की आंशिक अभिव्यक्ति है। यहाँ सभी कुछ यह भगवान ही है, यह परमेश्वर एवं वासुदेव ही है; क्योंकि प्रकृति के द्वारा तथा प्रकृतिगत पुरुष के द्वारा वे ही सर्वभूत बनते हैं और प्रत्येक वस्तु उन्हीं से उद्भूत होती तथा उनके अंदर या उनके द्वारा स्थित रहती है, यद्यपि वे स्वयं किसी भी विशाल से विशाल अभिव्यक्ति, गभीर-से-गभीर अध्यात्म-सत्ता से एवं किसी भी विश्वमय रूप से अधिक महान हैं। यही सत्ता का संपूर्ण सत्य है और यही विश्व-कर्म का समस्त रहस्य है। हम देख चुके हैं कि गीता के पिछले अध्यायों से यही रहस्य अधिकाधिक प्रकट होता आ रहा है।


परंतु यह महत्तर सत्य आध्यात्मिक कर्म के सिद्धांत में कैसा परिवर्तन लाता है या यह उस पर कैसा प्रभाव डालता है? सर्वप्रथम, यह उसे एक मूल बात में ही परिवर्तित कर देता है, जिससे कि आत्मा, जीव और प्रकृति के संबंध का संपूर्ण अर्थ ही बदल जाता है, यह एक नयी दृष्टि खोल देता है, सत्य ज्ञान में जहां-जहाँ छिद्र थे उन्हें भर देता है, एक महत्तर विशालता प्राप्त कर लेता है, एक ऐसा सच्चा अर्थ धारण कर लेता है जो आध्यात्मिक दृष्टि से सुनिश्चित तथा निर्भ्रांत रूप में सर्वांगीण होता है। जगत के संबंध में तब और हमारी यह धारणा नहीं रहती कि यह प्रकृति का एक निरा यंत्रवत चलने वाला गुणात्मक व्यापार एवं निर्धारण है, जबकि इसके दूसरी ओर है।




कर्म अकर्म

 


किं कर्म किमकर्मेति कवयोऽप्यत्र मोहिताः । 

तत्ते कर्म प्रवक्ष्यामि यज्ज्ञात्त्वा मोक्ष्यसेऽशुभात् ।। 4.16 ।। 


अर्थ- कर्म क्या है और अकर्म क्या है- इस प्रकार इस विषय में विद्वान भी मोहित हो जाते हैं। अतः वह कर्म तत्त्व मैं तुम्हें भलीभाँति कहूँगा, जिसको जानकर तू अशुभ से मुक्त हो जायगा। 

व्याख्या- ‘किं कर्म’- साधारणतः मनुष्य शरीर और इंद्रियों की क्रियाओं को ही कर्म मान लेते हैं तथा शरीर और इंद्रियों की क्रियाएँ बंद होने को अकर्म मान लेते हैं। परंतु भगवान ने शरीर, वाणी और मन के द्वारा होने वाली मात्र क्रियाओं को कर्म माना है- ‘शरीरवांगमनोभिर्यत्कर्म प्रारभते नरः’। भाव के अनुसार ही कर्म की संज्ञा होती है। भाव बदलने पर कर्म की संज्ञा भी बदल जाती है। जैसे, कर्म स्वरूप से सात्त्विक दीखता हुआ भी यदि कर्ता का भाव राजस या तामस होता है, तो वह कर्म भी राजस या तामस हो जाता है। जैसे, कोई देवी की उपासना रूप कर्म कर रहा है, जो स्वरूप से सात्त्विक है। परंतु यदि कर्ता उसे किसी कामना की सिद्धि के लिये करता है, तो वह कर्म राजस हो जाता है और किसी का नाश करने के लिये करता है, तो वही कर्म तामस हो जाता है। इसी प्रकार यदि कर्ता में फलेच्छा, ममता और आसक्ति नहीं है, तो उसके द्वारा किये गये कर्म ‘अकर्म’ हो जाते हैं अर्थात फल में बाँधने वाले नहीं होते। तात्पर्य यह है कि केवल बाहरी क्रिया करने अथवा न करने से कर्म के वास्तविक स्वरूप का ज्ञान नहीं होता। इस विषय में शास्त्रों को जानने वाले बड़े-बड़े विद्वान भी मोहित हो जाते हैं अर्थात कर्म के तत्त्व का यथार्थ निर्णय नहीं कर पाते। जिस क्रिया को वे कर्म मानते हैं वह कर्म भी हो सकता है, अकर्म भी हो सकता है और विकर्म भी हो सकता है। कारण कि कर्ता के भाव के अनुसार कर्म का स्वरूप बदल जाता है। इसलिये भगवान मानो यह कहते हैं कि वास्तविक कर्म क्या है? वह क्यों बाँधता है? कैसे बाँधता है? इससे किस तरह मुक्त हो सकते हैं? इन सब का मैं विवेचन करूँगा, जिसको जानकर उस रीति से कर्म करने पर वे बाँधने वाले न हो सकेंगे। यदि मनुष्य में ममता, आसक्ति और फलेच्छा है, तो कर्म न करते हुए भी वास्तव में कर्म ही हो रहा है अर्थात कर्मों से लिप्तता है। परंतु यदि ममता, आसक्ति और फलेच्छा नहीं है, तो कर्म करते हुए भी कर्म नहीं हो रहा है अर्थात कर्मों से निर्लिप्तता है। तात्पर्य यह है कि यदि कर्ता निर्लिप्त है तो कर्म करना अथवा न करना- दोनों ही अकर्म हैं और यदि कर्ता लिप्त है तो कर्म करना अथवा न करना- दोनों ही कर्म हैं और बाँधने वाले हैं। ‘किमकर्मेति’- भगवान ने कर्म के दो भेद बताये हैं- कर्म और अकर्म। कर्म से जीव बँधता है और अकर्म से मुक्त हो जाता है। कर्मों का त्याग करना अकर्म नहीं है। भगवान ने मोहपूर्वक किये गये कर्मों के त्याग को ‘तामस’ बताया है शारीरिक कष्ट के भय से किये गये कर्मों के त्याग को ‘राजस’ बताया गया है।[5] तामस और राजस त्याग में कर्मों का स्वरूप से त्याग होने पर भी कर्मों से संबंध-विच्छेद नहीं होता। कर्मों में फलेच्छा और आसक्ति का त्याग ‘सात्त्विक’ है।[6] सात्त्विक त्याग में स्वरूप से कर्म करना भी वास्तव में अकर्म है; क्योंकि सात्त्विक त्याग में कर्मों से संबंध विच्छेद हो जाता है। अतः कर्म करते हुए भी उससे निर्लिप्त रहना वास्तव में अकर्म है। 


शास्त्रों के तत्त्व को जानने वाले विद्वान भी अकर्म क्या है- इस विषय में मोहित हो जाते हैं। अतः कर्म करने अथवा न करने- दोनों ही अवस्थाओं में जिससे जीव बँधे नहीं, उस तत्त्व को समझने से ही कर्म क्या है और अकर्म क्या है- यह बात समझ में आयेगी। अर्जुन युद्धरूप कर्म न करने को कल्याण कारक समझते हैं। इसलिये भगवान मानो यह कहते हैं कि युद्ध रूप कर्म का त्याग करने मात्र से तेरी अकर्म-अवस्था नहीं होगी, प्रत्युत युद्ध करते हुए भी तू अकर्म-अवस्था को प्राप्त कर सकता है; अतः अकर्म क्या है- इस तत्त्व को तू समझ।


निर्लिप्त रहते हुए कर्म करना अथवा कर्म करते हुए निर्लिप्त रहना- यही वास्तव में अकर्म अवस्था है।


‘कवयोऽप्यत्र मोहिताः’- साधारण मनुष्यों में इतनी सामर्थ्य नहीं कि वे कर्म और अकर्म का तात्त्विक निर्णय कर सकें। शास्त्रों के ज्ञाता बड़े-बड़े विद्वान भी इस विषय में भूल कर जाते हैं। कर्म और अकर्म का तत्त्व जानने में उनकी बुद्धि भी चकरा जाती है। तात्पर्य यह हुआ कि इनका तत्त्व या तो कर्मयोग से सिद्ध हुए अनुभवी तत्त्वज्ञ महापुरुष जानते हैं अथवा भगवान जानते हैं।


‘तत्ते कर्म प्रवक्ष्यामि’- जीव कर्मों से बँधा है तो कर्मों से ही मुक्त होगा। यहाँ भगवान प्रतिज्ञा करते हैं कि मैं वह कर्म-तत्त्व भलीभाँति कहूँगा, जिससे कर्म करते हुए भी वे बंधन कारक न हों। तात्पर्य यह है कि कर्म करने की वह विद्या बताऊँगा, जिससे तू कर्म करते हुए भी जन्म मरण रूप बंधन से मुक्त हो जायगा। कर्म करने के दो मार्ग हैं- प्रवृत्ति मार्ग और निवृत्ति मार्ग। प्रवृत्ति मार्ग को ‘कर्म करना’ कहते हैं और निवृत्ति मार्ग को ‘कर्म न करना’ कहते हैं। ये दोनों ही मार्ग बाँधने वाले नहीं हैं। बाँधने वाली तो कामना, ममता, आसक्ति है, चाहे यह प्रवृत्ति मार्ग में हो चाहे निवृत्ति मार्ग में हो। यदि कामना, ममता, आसक्ति न हो तो मनुष्य प्रवृत्ति मार्ग और निवृत्ति मार्ग- दोनों में स्वतः मुक्त है। इस बात को समझना ही कर्म तत्त्व को समझना है।


दूसरे अध्याय के पचासवें श्लोक में भगवान ने ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ ‘कर्मों में योग ही कुशलता है’- ऐसा कहकर कर्म-तत्त्व बताया है। तात्पर्य है कि कर्म बंधन से छूटने का वास्तविक उपाय ‘योग’ अर्थात समता ही है। परंतु अर्जुन इस तत्त्व को पकड़ नहीं सके, इसलिये भगवान इस तत्त्व को पुनः समझाने की प्रतिज्ञा कर रहे हैं।


कर्मयोग कर्म नहीं है, प्रत्युत सेवा है। सेवा में त्याग की मुख्यता होती है। सेवा और त्याग- ये दोनों ही कर्म नहीं है। इन दोनों में विवेक की ही प्रधानता है।


हमारे पास शरीर, इंद्रियाँ, मन, बुद्धि आदि जितनी भी वस्तुएँ हैं, वे सब मिली हुई हैं और बिछुड़ने वाली हैं। मिली हुई वस्तु को अपनी मानने का हमें अधिकार नहीं है। संसार से मिली वस्तु को संसार की ही सेवा में लगाने का हमें अधिकार है। जो वस्तु वास्तव में अपनी है, उस[1] का त्याग कभी हो ही नहीं सकता और जो वस्तु अपनी नहीं है, उस का त्याग स्वतः सिद्ध है। अतः त्याग उसी का होता है जो अपना नहीं है, पर जिसे भूल से अपना मान लिया है अर्थात अपनेपन की मान्यता का ही त्याग होता है। इस प्रकार जो वस्तु अपनी है ही नहीं, उसे अपना न मानना त्याग कैसे? यह तो विवेक है।


कर्म-सामग्री अपनी और अपने लिये नहीं है, प्रत्युत दूसरों की और दूसरों के लिये ही हैं। इसका संबंध संसार के साथ है। स्वयं के साथ इसका कोई संबंध नहीं है; क्योंकि स्वयं नित्य-निरंतर निर्विकार रूप से एकरस रहता है, पर कर्म सामग्री पहले अपने पास नहीं थी, बाद में भी अपने पास नहीं रहेगी और अब भी निरंतर बिछुड़ रही है। इसलिये इसके द्वारा जो भी कर्म किया जाय, वह दूसरों के लिये ही होता है, अपने लिये नहीं। इसमें एक मार्मिक बात है कि कर्म-सामग्री के बिना कोई भी कर्म नहीं किया जा सकता; जैसे- कितना ही बड़ा लेखक क्यों न हो, स्याही, कलम और कागज के बिना वह कुछ भी नहीं लिख सकता। अतः जब कर्म सामग्री के बिना कुछ किया नहीं जा सकता, तब यह विधान मानना ही पड़ेगा कि अपने लिये कुछ करना नहीं है। कारण कि कर्म-सामग्री का संबंध संसार के साथ है, अपने साथ नहीं। इसलिये कर्म सामग्री और कर्म सदा दूसरों के हित के लिये ही होते हैं, जिसे सेवा कहते हैं। दूसरों की वस्तु दूसरों को मिल गयी तो यह सेवा कैसे? यह तो विवेक है।


इस प्रकार त्याग और सेवा- ये दोनों ही कर्मसाध्य नहीं है, प्रत्युत विवेकसाध्य हैं, मिली हुई वस्तु अपनी नहीं है, दूसरों की और दूसरों की सेवा में लगाने के लिये ही है- यह विवेक है। इसलिये मूलतः कर्मयोग कर्म नहीं है, प्रत्युत विवेक है।


विवेक किसी कर्म का फल नहीं है, प्रत्युत प्राणिमात्र को अनादिकाल से स्वतः प्राप्त हैं। यदि विवेक किसी शुभ कर्म का फल होता तो विवेक के बिना उस शुभ कर्म को कौन करता? क्योंकि विवेक के द्वारा ही मनुष्य शुभ और अशुभ कर्म के भेद को जानता है तथा अशुभ कर्म का त्याग करके शुभ कर्म का आचरण करता है। अतः विवेक शुभ कर्मों का कारण है, कार्य नहीं। यह विवेक स्वतः सिद्ध है, इसलिये कर्मयोग भी स्वतः सिद्ध है अर्थात कर्मयोग में परिश्रम नहीं है। इसी प्रकार ज्ञानयोग में अपना असंग स्वरूप स्वतः सिद्ध है और भक्ति- योग में भगवान के साथ अपना संबंध स्वतः सिद्ध है।


‘यज्ज्ञात्वा मोक्ष्यसेऽशुभात्’- जीव स्वयं शुभ है और परिवर्तनशील संसार अशुभ है। जीव स्वयं परमात्मा का नित्य अंश होते हुए भी परमात्मा से विमुख होकर अनित्य संसार में फँस गया है। भगवान कहते हैं कि मैं उस कर्म तत्त्व का वर्णन करूँगा, जिसे जानकर कर्म करने से तू अशुभ से अर्थात जन्म-मरण रूप संसार बंधन से मुक्त हो जायगा।


[इस श्लोक में कर्मों को जानने का जो प्रकरण आरंभ हुआ है, उसका उपसंहार बत्तीसवें श्लोक में ‘एवं ज्ञात्वा विनमोक्ष्यसे’ पदों से किया गया है।]


कर्मयोग का तात्पर्य है- ‘कर्म’ संसार के लिये और ‘योग’ अपने लिये। कर्म के दो अर्थ होते हैं- करना और न करना। कर्म करना और न करना- ये दोनों प्राकृत अवस्थाएँ हैं। इन दोनों ही अवस्थाओं में अहंता रहती है। कर्म करने में ‘कार्य’- रूप से अहंता रहती है, और कर्म न करने में ‘कारण’ रूप से। जब तक अहंता है तब तक संसार से संबंध है और जब तक संसार से संबंध है, तब तक अहंता है। परंतु ‘योग’ दोनों अवस्थाओं से अतीत है। इस योग का अनुभव करने के लिये अहंता से रहित होना आवश्यक है। अहंता से रहित होने का उपाय है- कर्म करते हुए अथवा न करते हुए योग में स्थित रहना और योग में स्थित रहते हुए कर्म करना अथवा न करना। तात्पर्य है कि कर्म करने अथवा न करने- दोनों अवस्थाओं में निर्लिप्त रहे- ‘योगस्थः कुरु कर्माणि’।


कर्म करने से संसार में और कर्म न करने से परमात्मा में प्रवृत्ति होती है- ऐसा मानते हुए संसार से निवृत्त होकर एकांत में ध्यान और समाधि लगाना भी कर्म करना ही है। एकांत में ध्यान और समाधि लगाने से तत्त्व का साक्षात्कार होगा- इस प्रकार भविष्य में परमात्मतत्त्व की प्राप्ति करने का भाव भी कर्म का सूक्ष्म रूप है। कारण कि करने के आधार पर ही भविष्य में तत्त्व प्राप्ति की आशा होती है। परंतु परमात्मतत्त्व करने और न करने- दोनों से अतीत है।


भगवान कहते हैं कि मैं वह कर्म तत्त्व कहूँगा जिसे जानने से तत्काल परमात्मतत्त्व की प्राप्ति हो जायगी। इसके लिये भविष्य की अपेक्षा नहीं है; क्योंकि परमात्मतत्त्व संपूर्ण देश, काल, वस्तु, व्यक्ति, शरीर, इंद्रियाँ, मन, बुद्धि, प्राण आदि में समानरूप से परिपूर्ण है। मनुष्य अपने को जहाँ मानता है, परमात्मा वहीं है। कर्म करते समय अथवा न करते समय- दोनों अवस्थाओं में परमात्मतत्त्व का हमारे साथ संबंध ज्यों-का-त्यों रहता है।


केवल प्रकृतिजन्य क्रिया और पदार्थ से संबंध मानने के कारण ही उसकी अनुभूति नहीं हो रही है।


अहंतापूर्वक किया हुआ साधन और साधन का अभिमान जब तक रहता है, तब तक अहंता मिटती नहीं, प्रत्युत दृढ़ होती है, चाहे वह अहंता मिटती नहीं, प्रत्युत दृढ़ होती है, चाहे वह अहंता स्थूल रूप से रहे अथवा सूक्ष्म रूप से रहे।


‘मैं करता हूँ’- इसमें जैसी अहंता है, ऐसी ही अहंता ‘मैं नहीं करता हूँ’- इसमें भी है। अपने लिये कुछ-न-कुछ करने से अर्थात कर्ममात्र संसार के हित के लिये करने से अहंता संसार में विलीन हो जाती है।




लोकप्रिय विषय

आज का विषय