भक्तियोग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भक्तियोग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

भक्तों के प्रकारभेद

  


इस (तीसरे) अध्याय के पहले तीन श्लोक ही खास महत्त्व रखते हैं। यहाँ भक्तों के तीन दर्जे किए गए हैं। इस तरह से भक्तों के दर्जे और कहीं किए गए नहीं दीखते।

'

(3.1) सर्व-भूतेषु यः पश्येत् भगवद्भावमात्मनः।

भूतानि भगवत्यात्मन्येष भागवतोत्तमः।।


पहला वर्ग है सर्वोत्तम भक्त का। भागवतोत्तमः का अर्थ है उत्तम भक्त। उत्तम भक्त कौन होगा? यः सर्वभूतेषु भगवद्भावम् आत्मनः पश्येत्- जो सब भूतों में भगवान को देखेगा और अपने को भी देखेगा। यहाँ दुगुना विचार कहा गया है 

सब भूतों में भगवान की भावना और अपनी भी भावना करना।


मित्र- मंडली में अपनी भावना करना सरल है, किंतु सब भूतों में अपने को देखना थोड़ा कठिन है। पर यहाँ कहा गया है कि सब भूतों में अपना ही दर्शन होना चाहिए। प्रथम अपना दर्शन और फिर भगवान का दर्शन।


सोचने की बात है कि सब भूतों में अपने को देखना सरल है या भगवान को देखना? भगवान को देखना सरल लगता है, लेकिन यदि किसी की भगवान पर श्रद्धा न हो तो उसके लिए सब भूतों में अपने को देखना ही एक तरीका होगा। वैसे तो यह बात कठिन अवश्य है। माँ अपने बच्चे में अपने को देखती है, लेकिन दूसरे के बच्चों के लिए उसकी वह भावना नहीं रहती। इसलिए भगवान की ज्योति सबमें है, यह मानना आसान लगता है। फिर भी उसके लिए ईश्वर पर श्रद्धा चाहिए। वैसी श्रद्धा न हो तो सबमें अपनी भावना करना अधिक सरल होगा। यह नास्तिकों के लिए सहूलियत है।


फिर दूसरी बात बतायी : भूतानि भगवति आत्मनि एषः पश्येत्- भक्त सब भूतों को भगवान में, अपने में भी देखता है। यानि सब ओतप्रोत है। मतलब यह कि भगवान में प्राणिमात्र हैं और प्राणिमात्र में भगवान है। हममें सब भूत हैं और सब भूतों में हम हैं- ये चार बातें समझा दीं।


वैसे देखा जाय तो दुनिया में अनेक भेद हैं, लेकिन जड़, चेतन और परमात्मा, ये प्रमुख भेद हैं। उनमें भी अवान्तर भेद हैं। जड़ यानि सारी अचेतन सृष्टि। सृष्टि में पत्थर, पानी, पेड़, पहाड़, ये सारे भेद पड़े हैं। घड़ी, कुर्सी, चश्मा, ये भेद भी हैं। एक का काम दूसरी वस्तु नहीं कर पाती। इसी तरह चेतन-चेतन में भी भेद हैं। मनुष्य अलग और गदहा अलग। यही क्यों, मनुष्य-मनुष्य में भी भेद हैं। जैसे परमेश्वर और जड़ में भेद होता है, वैसे ही परमेश्वर और चेतन में भी है। तो, कुल मिलाकर पाँच प्रकार के भेद हुए :


जड़-चेतन,  जड़-जड़,  चेतन-चेतन,  परमेश्वर-जड़ और  परमेश्वर-चेतन।

किंतु भागवत ये सारे भेद खतम करने की बात कह रही है। इन पाँचों भेदों में जो अभेद देखेगा, वही उत्तीर्ण होगा। वह ‘भागवतोत्तम:’ होगा यानि उत्तम भक्त होगा। प्रथम श्रेणी का, पहले दर्जे का भक्त होगा। इस तरह की आशा रखना तो ठीक ही है।


(3.2) ईश्वरे तदधीनेषु बालिशेषु द्विषत्सु च।

प्रेम-मैत्री-कृपोपेक्षा यः करोति स मध्यम:॥


यह है द्वितीय श्रेणी का- दूसरे दर्जे का भक्त!


ईश्वरे- ईश्वर में।

तदधीनेषु- ईश्वर के भक्तों में।

बालिशेषु- सामान्य मूढ़जनों में।

द्विषत्सु- हमसे द्वेष-दुश्मनी करने वालों में।

यः- जो।

प्रेम-मैत्री-कृपोपेक्षा- क्रमशः प्रेम, मैत्री, कृपा और उपेक्षा।

करोति- करता है।

स मध्यमः- वह मध्यम कोटि का यानि द्वितीय श्रेणी का भक्त कहा गया है।

इस तरह यहाँ 1. परमेश्वर, 2. परमेश्वर के भक्त, 3. मढजन और 4. दुश्मनी करने वाले- ऐसे चार वर्ग बताये। भक्त इन चारों के साथ चार प्रकार के व्यवहार करता है, यानि उसके व्यवहार में कुछ भेद है। उसके चित्त में परमेश्वर के लिए प्रेम होगा। सारा प्रेम उसने परमेश्वर के लिए ही इकट्ठा किया है। प्रेम का ईश्वर के लिए समर्पण ही उसका निर्णय है। फिर, ईश्वर के जो भक्त हैं, उनके साथ वह मैत्री करता है, यानि उनका ‘फ्रैंड यूनिट’ होता है। ‘मैत्री’ शब्द ईसाइयों में बहुत प्रचलित है। उनमें ‘मैत्री-संघ’, ‘मित्र संघ’ इस तरह के संघ हुआ करते हैं। फिर जो मूढ़जन हैं, उनके लिए उसके मन में कृपा यानि करुणा होती है और जो दुश्मनी करते हैं, उनके लिए उपेक्षा। कौन दुश्मन है, यह हम नहीं जानते। लेकिन यदि कोई दुश्मनी करता है, तो भक्त उसकी उपेक्षा करेगा। यानि उसकी ओर ध्यान नहीं देगा। इस प्रकार की भावना करने वाला नंबर दो का भक्त होगा।



भगवान बुद्ध ने भक्त की जो कल्पना की थी, वही यह है। किंतु उन्होंने सर्वोत्तम भक्त की यह कल्पना की, जबकि भागवत के अनुसार वह नम्बर दो में आता है। भगवान बुद्ध ने भी कहा था कि भक्त को चार प्रकार का व्यवहार करना चाहिए। गौतम बुद्ध ने 40 दिन उपवास किये थे। ईसा और मूसा ने भी 40 उपवास किये। शायद यह प्रथा गौतम बुद्ध से ही आयी हो। मुझे वेद में भी इस अर्थ के कुछ वचन मिले हैं, जिनमें 40 उपवासों की बात कही गयी है। लेकिन वह मेरा ख़ास अर्थ है। गौतम बुद्ध ने 40 दिनों के उपवास के अंत में जब आँखें खोलीं तो उन्हें एक दिशा में मैत्री का दर्शन हुआ, दूसरी दिशा में करुणा का तीसरी में प्रेम का तो चौथी दिशा में उपेक्षा का दर्शन हुआ। तब से वे ये चार भावनाएँ समझाने लगे। पर भागवत कहती है कि जो ऐसी भावना करेगा, वह नम्बर दो का भक्त होगा; क्योंकि उसमें एक ईश्वर, एक भक्त, एक मूढ़ और एक दुश्मन, ऐसी पहचान है अर्थात भेदबुद्धि या विवेक है। पर नंबर एक के भक्त में यह पहचान भी नहीं होती।



पतंजलि ने ‘योगसूत्र’ में यह कहकर कि ‘चार प्रकार की भावना करोगे तो चित्त प्रसन्न रहेगा’- मैत्री, करुणा, मुदिता और उपेक्षा- ये चार प्रकार बताये हैं। दुःखी जनों के लिए करुणा, सुखी जनों के साथ मैत्री, पुण्यवानों को देखकर आनंद या प्रेम और पापियों की उपेक्षा यानि दूसरों के पाप की तरफ ध्यान न देना। 


सुख, दुःख, पाप, पुण्य,- ये चार विषय बताकर उनके लिए चार प्रकार की भावनाएँ करने पर चित्त प्रसन्न होगा, यह पतंजलि का मत है। यही भाव उन्होंने निम्नलिखित रूप में सूत्रबद्ध किया है :


'मैत्री-करुणा-मुदितोपेक्षाणां सुख-दुःख-पुण्यापुण्य-

विषयाणां भावनातश्चित्तप्रसादनम्।


ये चार ही बातें भागवत में कही गयी हैं, लेकिन उनमें थोड़ा फ़रक है। वहाँ ईश्वर के लिए प्रेम बताया गया है। पुण्यवान का अर्थ ईश्वर भी हो सकता है, लेकिन यहाँ वैसा नहीं है। भागवत के इस श्लोक में ईश्वर और उसके भक्त दोनों में भेद है, यह स्पष्ट कर दिया है।


(3.3) अर्चायामेव हरये पूजां यः श्रद्धयेहते।

न तद्भक्तेषु चान्येषु स: भक्तः प्राकृतः स्मृतः॥[1]


यह है तीसरे दर्जे का भक्त!


अर्चायाम्- मूर्ति में, चिह्न में या मंत्र में।

हरये पूजां यः श्रद्धयेहते- श्रद्धा रखकर भगवान की पूजा करना चाहता है।

तद्भक्तेषु चान्येषु च- भगवान के भक्तों और अन्य लोगों की वैसी श्रद्धा से पूजा करना नहीं चाहता।

स प्राकृतः भक्तः स्मृतः- वह प्राकृत, सर्वसाधारण, तीसरे दर्जे का भक्त कहा गया है।


सिख लोग ‘ग्रंथ’ (गुरुग्रंथ साहिब) पर श्रद्धा रखते और मानते हैं कि उसमें से प्रकाश मिलता है। कोई मंत्र पर श्रद्धा रखते हैं। किसी की ॐकार या स्वस्तिक के चिह्न पर श्रद्धा होती है। इस तरह अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार ये भक्ति करते हैं, लेकिन भगवान के भक्तों की पूजा नहीं करते। इसका मतलब यह नहीं कि उनके लिए आदर नहीं रखते। आदर रखते हैं, पर मानते हैं कि जो कुछ है, वह सब मूर्ति में ही है, बाकी सब शून्य है। क्योंकि भगवान के भक्त कैसे पहचाने जाएंगे? उनके मन में क्या-क्या है, यह कैसे पता चलेगा? इसलिए मूर्ति, चिह्न, मंत्र या ग्रंथ पर उनकी श्रद्धा होती है। इस प्रकार के भक्तों को ‘प्राकृत भक्त’ कहा गया है। यानि तीसरे दर्जे का भक्त! इसमें सब उत्तीर्ण हो सकते हैं। बात इतनी ही है कि श्रद्धा होनी चाहिए। 


इसके बाद भक्तों का चौथा दर्जा भगवान के पास नहीं है। इसीलिए भगवान ने यह आख़िरी दर्जा दिया और कहा है कि तुम मूर्ति की पूजा करो तो भी चल जाएगा। 


लेकिन तुकाराम महाराज ने उलटा ही कहा है :

'देव सारावे परते। संत पूजावे आरते।।


‘परते’ यानि उस पार, ‘आरते’ यानि इस पार। भगवान की मूर्ति को दूर करो और प्रथम संतों की पूजा करो। मतलब यह कि आपके घर में कोई संत आया और आप भगवान की मूर्ति की पूजा में लगे हों, तो उसे छोड़कर पहले संत की पूजा करें। मूर्ति-पूजा अलग रखकर संत की पूजा करने लगेंगे, तो जरा ऊपर उठेंगे- यह तुकाराम के इस वचन में खूबी है। वे कहते हैं कि जरा आधी डिग्री तो ऊपर उठो।


सवाल आता है कि संत कैसे पहचाना जाए? मूर्ति के बारे में तो यह सवाल पैदा ही नहीं होता। वहाँ चित्त डाँवाडोल नहीं होता, शत प्रतिशत श्रद्धा होती है। किंतु कोई संत आता है, तो तुरंत सवाल पैदा होता है कि वह संत है या नहीं? संतों की परीक्षा करें, तो आपको वह अधिकार नहीं। यानि बिना परीक्षा किए ही उनका आदर करना होगा। कहने का अर्थ इतना ही है कि लोग जिसे ‘सज्जन’ मानते हैं, उन्हें हम नम्रतापूर्वक सज्जन मानें। पत्थर की मूर्ति जैसी हो, वैसी स्वीकार करके श्रद्धापूर्वक पूजा करते हैं। इसी तरह हमें भी श्रद्धापूर्वक बिना परीक्षा किए संतों की पूजा करनी चाहिए। फिर इसके लिए मूर्ति की पूजा अलग रखनी पड़े, तो भी हर्ज नहीं। इससे भगवान नाराज नहीं होंगे।


भक्तों का इस तरह का वर्णन गीता में नहीं मिलता। सब भूतों में भगवान को देखो, यह बात गीता में है, लेकिन भक्तों के ये तीन दर्जे वहाँ नहीं मिलते।


भक्तों के ये जो दर्जे बताये हैं, उनका क्या अर्थ है? क्या उनमें मान-सम्मान की बात है? ऐसा नहीं। हमारे लिए सहूलियत मात्र कर दी गयी, इतनी ही बात है। एक के बाद एक सीढ़ी बतायी है, ताकि हम आगे बढ़ सकें। इससे चित्त एकाग्र करने में कठिनाई नहीं होगी। जिस पर श्रद्धा हो, उस पर चित्त एकाग्र होता है, इसलिए पहले यह बात बतायी। फिर चार प्रकार की भावनाएँ बतायीं। यह उससे आगे का क़दम हुआ। फिर उत्तम भक्त तक पहुँचने के लिए रास्ता बताया। मतलब यही कि यदि आप इस रास्ते से जाते हैं, तो अपने ध्येय तक पहुँच सकते हैं।


देखने में ऐसा लगता है कि भक्तों का दूसरा दर्जा कठिन नहीं है। किंतु वह भी सरल बात नहीं है। उसमें ईश्वर को प्रेम देने की बात कही है। इस पर सवाल आएगा कि हमारे जो निकट संबंधी हैं, उनके लिए प्रेम होना चाहिए या नहीं? सच पूछें तो हमारा प्रेम उन्हीं में बँटा हुआ है। किंतु वहाँ हमें आसक्ति है। तो, पहले वह आसक्ति हटानी पड़ेगी। मतलब यह कि जिस पर हमारा प्रेम है, उसे ईश्वर की भावना से देखा जाए।


इसके लिए क्या करना होगा? उस व्यक्ति की सेवा करनी होगी। सेवा लेनी नहीं होगी। सेवा लेते हैं, तो हम लोग भोग रहे हैं, ऐसा होगा। भोग भोगना प्रेम नहीं। दूसरी बात, संबंधियों, रिश्तेदारों पर हक़ माना जाता है। हक़ की यह भावना भी हटानी होगी। पति-पत्नी, पिता-पुत्र आदि रिश्तों में कामना का अंश होता है। इसलिए वह प्रेम भक्ति में मान्य नहीं। निष्काम प्रेम ही भक्ति को मान्य होता है। मित्र समानशील होते हैं, एक साथ खेलते हैं, उनमें मैत्री होती है, प्रेम बनता है। वैसा ही यहाँ कहा है कि भक्तों के साथ हमें मैत्री करनी चाहिए। मैत्री के लिए क्या करना होगा? आदर-सत्कार की बात अलग है और मैत्री ज़रा कठिन है। भक्तों के साथ मैत्री करनी है, तो हमें भी भक्त बनना पड़ेगा।


सामान्य मूढ़जनों के लिए चित्त में करुणा आनी चाहिए। उनके लिए तिरस्कार न हो। मन में दूरीभाव न होना, प्रतीकार न करना, कुछ टेढ़ी बात मालूम होती है। पर ईसा ने तो इससे भी टेढ़ी बात कही है। वह कहता है : लव दाय एनिमी- शत्रु पर प्यार करो। तुम उससे द्वेष करते हो, तो द्वेष से द्वेष बढ़ेगा, कम नहीं होगा। द्वेष के विरोध में तो प्रेम ही चाहिए। पूर्ण प्रेम करो। दुश्मनों पर भी प्रेम करो। ईसा ने यह एक विधायक (पॉजिटिव) बात कही, केवल निषेधक (निगेटिव) नहीं। जिसने आप पर अपकार किया है, मौक़ा देखकर उसका भला करो, तब उसका हृदय जीता जा सकेगा। किसी ने गलत काम किया हो, तो उसका प्रभाव अपने पर न होने दें, यह बात कुछ आसान है। लेकिन ईसा विधायक (पॉजिटिव) बात कहता है कि हम अपने ऊपर असर होने दें। ऐसा असर हो कि हम अधिक प्रेम करने लगें।


मुझे लगा कि यह बात ज़रा साफ होनी चाहिए, क्योंकि द्वितीय श्रेणी में सफ़र करनी है, तो उसके लिए कितना खर्चा पड़ेगा, यह भी तो देख लेना होगा। उतने पैसे हमारी जेब में हों, तभी द्वितीय श्रेणी में सफ़र कर सकेंगे, नहीं तो तृतीय श्रेणी है ही।


फिर तीसरे दर्जे की बात जो बतायी है कि मूर्ति, मंत्र, चिह्न, पुस्तक आदि के लिए विशेष भाव है, पर प्रत्यक्ष भक्त आ जाए तो उस पर कोई परिणाम नहीं होता, वह आरंभमात्र है। बच्चों को सिखाते समय चित्र दिखाते हैं, वैसा ही वह केवल आरंभ है। कुछ लोगों का सवाल है कि तीसरे वर्ग में जो कहा गया है, उसका स्थान मुहम्मद पैगम्बर ने नहीं माना। किंतु “मुसलमानों की ‘कुरान’ पर बहुत निष्ठा होती है।” यह उसी का एक प्रकार है। यह ठीक है कि इसका जितना स्थूलरूप अपने यहाँ है, उतना उनमें नहीं है, सूक्ष्म है। किंतु मूर्तिपूजा देहधारी के लिए टल नहीं सकती। उसके प्रकार भिन्न-भिन्न हो सकते हैं।


यह प्रकार आरंभ में होता है, इसलिए इसको नाम दिया है ‘प्राकृत’ यानि पामर। एक प्रकार से निषेध किया है और एक तरह से स्वीकृति भी दी है। यानि दोनों को इकट्ठा कर लिया है, वह भागवत की खूबी है। इससे भागवत यही कहना चाहती है कि जल्दी से जल्दी दूसरे दर्जे में आ जाएं, तो अच्छा।


उत्तम भक्त के लक्षण

तीन प्रकार के भक्तों का वर्णन हो गया। अब भगवान उनमें से उत्तम भक्त के विशेष लक्षण बता रहे हैः


'(3.4) गृहीत्वाऽपींद्रियैरर्थान् यो न द्वेष्टि न हृष्यति

विष्णोर् मायां-इदं पश्यन् स वै भागवतोत्तम:॥ 


जो इंद्रियों से विषयों का ग्रहण करते हुए भी चित्त में हर्ष और द्वेष पैदा होने नहीं देता, उसे उत्तम भक्त मानना चाहिए। अनुकूल विषयों से प्रसन्नता और प्रतिकूल विषयों से खेद, यह वह नहीं जानता। वह समझता है कि अनुकूल प्रतिकूल सभी विषय विष्णु की माया है। एक कहेगा ‘तरकारी में नमक अधिक है’, तो दूसरा कहेगा ‘फीका है।’ यह सारा इंद्रियों की आदत पर निर्भर है। इसीलिए आश्रम में हम लोग तरकारी में नमक डालते ही नहीं थे। जिसे चाहिए, वह ऊपर से ले लेता था। आख़िर तय किया कि नमक की आवश्यकता ही नहीं और उसका उपयोग ही छोड़ दिया। बंदर तरकारी तोड़-तोड़कर खाते हैं, तो कहाँ नमक की राह देखते हैं? मतलब, यह सारा इंद्रियों की आदत पर निर्भर है। भगवान कहते हैं कि इसलिए हर्ष खेद से दूर रहो। हमें धीरे-धीरे उत्तम भक्त के दर्जे में ले जाने का भगवान का यह तरीका है।


'(3.5) देहेंद्रिय-प्राण-मनो-धियां यो जन्माप्यय-क्षुद्-भय-तर्ष-कृच्छैः।

संसारदर्मैर् अविमुह्यमानः स्मृत्या हरेर् भागवतप्रधानः।।


स्मृतया हरेः भागवतप्रधानः- भगवान के भक्त को हरि का स्मरण हमेशा रहता है।

इसलिए संसारधर्मेः अविमुह्यमानः- वह संसार- धर्मों से मोहित नहीं होता। यानि संसार धर्मों का उस पर असर नहीं पड़ता। उसने एक बख़्तर पहन लिया है। कौन सा?

‘स्मृत्या हरेः’- हरि का स्मरण।

जन्म और अप्ययन यानि मरण संसार धर्म है। कुछ लोग बाबा को सालों तक पत्र नहीं लिखते। लेकिन तीन प्रसंगों पर उनके पत्र अवश्य आते हैं- किसी की मृत्यु पर, जन्म पर और शादी पर। जन्म हुआ तो सब प्रसन्न होते हैं, मृत्यु पर रोने लगते हैं। ज्ञानदेव महाराज ने वर्णन किया है कि लड़का पैदा होता है, तो वह बेचारा रोता है, लेकिन बाकी सारे खुशी मनाते हैं।


यह निश्चित है कि जन्म-मृत्यु होना ही है, और वह होता है, तो उस समय रोना ही है। पर कहीं तो मैंने देखा कि मृत्यु पर किराये से रोनेवाले बुलाते हैं। यानि वह एक विधि ही मानी गयी। शास्त्रकार तो कहता है कि ‘कोई मर जाय और आप रोते हैं तो मरने वाले की गति में बाधा आती है।’ लेकिन कोई इसका ख्याल नहीं करता। आत्मा की अमरता के विषय में हिंदुस्तान में जितना प्रचार हुआ है, उतना कहीं नहीं, और मरने पर रोना-धोना भी यहीं सबसे अधिक चलता है किंतु जिसने हरि-स्मरण रूपी बख़्तर पहन लिया है, उसे दुःख होता ही नहीं।

क्षुधा और तृषा भी संसार धर्म बताए गये हैं। सामान्य मनुष्य क्षुधा-तृषा से पीड़ित होता है, पर उत्तम भक्त नहीं। इसका मतलब यह नहीं कि उसे भूख ही नहीं लगती। उत्तम भक्त को भूख लगती है, प्यास भी लगती है, लेकिन क्षुधा-तृषा की भावना से वह अभिभूत नहीं होता। उसे भय भी नहीं रहता। भय की भावना सर्वत्र फैली हुई है। इसलिए भय को भगवान ने संसार धर्म बताया है। इन संसार धर्मों का प्रभाव उत्तम भक्त पर नहीं होता, क्योंकि उसने हरि-स्मरण का बख़्तर पहन लिया है।


ये धर्म किसके हैं? देह के और इंद्रियों के भी। आत्मा के साथ उनका कोई संबंध नहीं। फिर सवाल आयेगा कि ऐसा है, तो फिर दुःख क्यों करते हो? भय क्यों करते हो? भय है तो देह के साथ है, दुःख है तो मन के साथ, इंद्रियों के साथ है। फिर तुम रोते क्यों हो? मतलब यह कि इन भावनाओं का प्रभाव नहीं होने देना चाहिए।


आज दुनिया में डर के कारण जुल्मी लोग अपना काम करवा लेते हैं। ‘गीता-प्रवचन’ में एक राक्षस की कहानी है। एक राक्षस ने एक मनुष्य को पकड़ लिया और उससे अखंड काम लेता रहा। मनुष्य जरा रुक जाता तो राक्षस कहता : ‘काम कर, नहीं तो तुझे खा डालूँगा। मनुष्य डर-डरकर काम करता रहा। आख़िर एक दिन जब राक्षस ने ‘खा डालूँगा’ कहा, तो मनुष्य ने भी कहा : ‘खा लो’। तब राक्षस चुप हो गया। उसके ध्यान में आ गया कि इसे खा लूँगा, तो काम करने वाला कोई नहीं रहेगा।

मनुष्य जब तक डरता रहा, तभी तक उसे राक्षस के जुल्म के नीचे दबना पड़ा। इसलिए ध्यान में रखना चाहिए कि डर से हम कोई गलत काम न करें। इतने गंभीर दर्शन की पहचान न होगी, तो मानवता नीचे गिरेगी। आज पेट के लिए मनुष्य चाहे जो काम करने के लिए तैयार होता है। इससे मानवता नीचे गिरती है। लेकिन उत्तम भक्त ऐसा कभी नहीं करेगा।


(3.6) न-काम-कर्म-बीजनां यस्य चेतसि संभवः।

वासुदेवैकनिलयः स वै भागवतोत्तमः॥


जिसने भगवान को ही अपना घर बना लिया है, वह उत्तम भक्त है।


वासुदेवैकनिलयः- एकमात्र वासुदेव ही जिसका घर है।

यस्य चेतसि- जिसके चित्त में।

काम-कर्म-बीजानाम्- काम-वासना, कर्म का अहंकार और कामना के बीज।

न संभवः- हैं ही नहीं।

स वै भागवतोत्तमः- निश्चय ही वह उत्तम भक्त है। वासुदेव ही हमारे लिए एकमात्र आश्रय है, ऐसा जो सोचता है, वह उत्तम भक्त है।

जब तक मनुष्य अपने घर में रहता है, तब तक उसे विश्वास नहीं होता कि बाहर निकलने पर खाना मिल सकता है। लेकिन बाबा का अनुभव है कि एक बार बाहर निकल पड़ेगे तो खाना तो मिलता ही है, दूसरी भी सारी व्यवस्थाएँ हो जाती है। यह बात किसी के ध्यान में नहीं आती। एक भाई बहुत सारे प्रदेश घूम आए। उन्हें लोगों ने पूछा कि ‘सबसे कठिन घाटी कौन सी है?’ तो बोले : ‘सबसे कठिन घाटी देहली-घाटी है। एक बार घर की देहली को लाँघ लिया, तो फिर सब आसान है। उससे ऊँची कोई घाटी है ही नहीं।’


बात यह है कि हम दूसरों पर प्रेम करेंगे, तो दूसरे भी हम पर प्रेम करेंगे। उत्तम भक्त के लिए वासुदेव ही वसति-स्थान है और उसके चित्त में काम-कर्म के बीज नहीं है, जिसके कारण मनुष्य घर से चिपका रहता है। ज्ञानदेव महाराज ने लिखा है : हे विश्वचि माझें घर- भक्त मानता है कि यह विश्व ही मेरा घर है।

(3.7) न यस्य जन्म-कर्मम्या न वर्णाश्रम जातिभिः।

सज्जतेऽस्मिन् अहंभावो देहे वै स हरेः प्रियः॥[2]


आज हिंदुस्तान में वर्णाश्रम क़रीब-क़रीब समाप्त ही है। लेकिन- भागवत-काल में यहाँ वर्णाश्रम पद्धति अच्छी तरह चल रही थी। लोग अपने-अपने कर्तव्य करते थे। स्वे-स्वेऽधिकारे या निष्ठा- अपने-अपने अधिकार में निष्ठा रखते हुए लोग काम करते थे। व्यापारी ठीक व्यापार करता था। ग्राहकों को ठगता नहीं था। इसलिए व्यापारी भी परमेश्वर के पास पहुँच सकता है, यह मान्यता थी। यह उस रचना को विशेषता थी। आज वह नहीं रही। उसमें ऊँच-नीच भाव आ गया और उसके गुण नहीं रहे।


इस श्लोक में कहा है कि अपने जन्म के कारण, कर्म के कारण या वर्ण जाति के कारण भक्त के मन में अहंभाव पैदा नहीं होता। जब वर्णाश्रम अच्छी तरह चल रहा था, उस समय भी भगवान ने इस तरह चेतावनी दी। भिन्न-भिन्न काम करते हैं, कर्म का विभाजन होता है, यह बुरा नहीं। लेकिन उसका अभिमान नहीं होना चाहिए। उसके कारण ऊँच-नीच भाव नहीं आना चाहिए। अच्छे काम का लोग गौरव करें तो उससे ऐसा भास न हो कि हमने कुछ किया। उस गौरव का चित्त पर असर न होने देना चाहिए।


अहंकार मुक्ति के लिए दो तीन ढंग से सोचा जा सकता है। एक है बचपन से आज तक माता-पिता और समाज का हम पर कितना उपकार हुआ और आज हम क्या कर रहे हैं, इसका विचार। इसका लेखा-जोखा लेने पर ध्यान में आएगा कि हम पर दूसरों का जितना उपकार हुआ है, उस हिसाब से हम कुछ भी अदा नहीं कर सके हैं। अहंकार मुक्ति का यह बिलकुल सीधा-सादा उपाय है। लेकिन भगवान ने दूसरा भी उपाय बताया है। उसमें ‘देहे’ ऐसा लिखा है। कहना यह चाहते हैं कि गुण-दोष जो हैं, वे देह के हैं। अपने को देह से अलग मान लें, निरहंकार बनें तो काम आसान हो जाता है। हम देह को अलग मानेंगे, तो अच्छे-बुरे कर्मों का हम पर भार नहीं होगा। भक्त ऐसा भार कभी नहीं उठाता।


देहे वै स हरेः प्रियः के दो अर्थ हैं : एक, देह में इन चीजों का भार नहीं उठाता, उससे अलिप्त रहता है। दूसरा, वह मनुष्य देह में रहकर ही भगवान को प्यारा है। हरि का आशीर्वाद जीते जी प्राप्त होना चाहिए। मरने के बाद वह भगवान का प्रिय बनेगा, ऐसा नहीं। उसे इसी जीवन में हरि-स्पर्श का साक्षात अनुभव आये। समाज में जो विषमताएँ पड़ी हैं, उन्हें वह माने ही नहीं।


(3.8) न यस्य स्वः पर इति वित्तेष्वात्मनि वा भिदा।

सर्वभूतसमः शांतः स वै भागवतोत्तम:॥[1]


जिसके मन में भिदा यानि भेद नहीं, वह उत्तम भक्त है। कौन सा भेद? 'यह मेरा, यह दूसरे का' इस तरह का भेद और ‘यह मेरा धन, वह दूसरे का धन’ यह भेद। इस तरह का भेद भक्त के मन में नहीं रहता। यहाँ भी यही सुझाया है कि आर्थिक विषमता और सामाजिक विषमता मिटनी चाहिए। आर्थिक और सामाजिक आज़ादी की बात भूदान-ग्रामदान में चलती है। मान लीजिए, आपके पास धन है। दूसरा व्यक्ति उसे चाहता है। वह यदि यह सिद्ध कर दे कि उस धन का आपकी अपेक्षा उसे अधिक उपयोग है, तो उसे तत्काल दे देना चाहिए। धनवान को समझना चाहिए कि ‘मैं अपनी संपत्ति का मालिक नहीं, ‘ट्रस्टी’ (थातीदार) हूँ।’


मैं आश्रम में था। मेरे पास एक बार एक भाई आए। कहने लगे कि ‘आश्रम में तो समय-समय पर घंटियाँ बजती हैं, आपको घड़ी की उतनी आवश्यकता नहीं, मैं घूमता रहता हूँ, मुझे उसकी आवश्यकता है, इसलिए घड़ी मुझे दीजिए।’ मैंने अपनी घड़ी तुरंत उनको दे दी। कुछ दिनों बाद दूसरे एक भाई ने मेरे पास घड़ी नहीं है, यह देख अपनी कलाई की घड़ी मुझे दे दी। दो-तीन दिनों बाद पहले भाई मुझसे मिलने के लिए आए। उन्होंने मेरे पास नयी घड़ी देखी तो बोलेः ‘आपको इस रिस्ट वॉच की क्या आवश्यकता? आप अपनी पुरानी घड़ी रख लीजिए और यह मुझे दे दीजिए। मुसाफिरों में रिस्ट वॉच सुविधाजनक रहेगी।’ मैंने रिस्ट वॉच उनको दे दी और पुरानी घड़ी रख ली।


यह मिसाल मैंने इसलिए दी कि भागवत में जो बातें बतायी हैं, वे अव्यावहारिक नहीं है। भगवान कह रहे हैं कि जिसके मन में मिल्कियत की भावना नहीं रहेगी, जो कुछ है वह सबका है, यह भावना रहेगी, जो सब भूतों के विषय में समान व्यवहार करेगा और शांत होगा, वह उत्तम भक्त होगा।

(3.9) त्रिभुवन – विभव – हेतवे – ऽप्यकुंठ-

स्मृतिरजितात्म-सुरादिभिर् विमृग्यात्।

न चलति भगवत्पदारविंदात्

लवनिमिषार्धमपि यः स वैष्णवाग्र्य॥


ये सारे लक्षण हैं भगवान के श्रेष्ठ भक्त के, भगवद-भक्तश्रेष्ठ के, भक्तोत्त्म, भागवतोत्तम या वैष्णव-शिरोमणि के।


त्रिभुवनविभवहेतवे अपि'- त्रिभुवन का वैभव प्राप्त होने पर भी।

अकुंठस्मृतिः- जिसकी स्मृति कायम है। प्रायः वैभव में मनुष्य भगवान का स्मरण भूल जाता है। किंतु श्रेष्ठ भक्त तो जनक महाराज के समान होता है। महान साम्राज्य प्राप्त होने पर भी उसको भगवत स्मृति बनी ही रहती है।

ऐसा भक्त लवनिमिषार्धमपि- आधा निमिष भी।

न चलति भगवत्- पदारविदात्- भगवान के चरणों से अलग नहीं होता। निमेष और उन्मेष, ये दो शब्द हैं। निमेष का अर्थ है- आँखें बंद करना और उन्मेष है- आँखें खोलना। ऐसे भक्त को आधा निमेष भी भगवत स्मरण से अलगाव नहीं होता। वह ‘वैष्णवाग्र्यः’ यानि वैष्णव-शिरोमणि होता है।

तीनों लोकों का आधिपत्य प्राप्त हो जाने पर भी इस वैष्णव-शिरोमणि की भगवत स्मृति कायम ही रहती है। प्रायः ऐसे समय स्मृति कायम नहीं रह पाती। इसीलिए कुंती ने वर मांगा था :


 'विपदः संतु नः शश्वत् तत्र तत्र जगद्गुरो। भवतो दर्शनं यत् स्याद् अपुनर्भवदर्शनम्॥ हे जगदगुरो! मुझे बार-बार विपत्ति दीजिए, जिससे आपका स्मरण, आपका दर्शन होता रहे। यही हिंदुस्तान की संपत्ति है। हमें क्या प्राप्त करना है? भगवद-दर्शन, भगवत-स्मरण। इसलिए ऐसी चीज मांग ली, जिससे सतत भगवत स्मरण बना रहे। तुलसी-रामायण में एक प्रसंग है। राम ने बाली को बाण मारा। बाली देह छोड़ने की तैयारी में है। वह प्रभु से पूछता है कि ‘मैंने आपका कौन सा अपराध किया, जो आपने मुझे इस तरह मारा?’ भगवान जवाब देते हैं : ‘मैं तो तुम पर बड़ा प्रसन्न हूँ। मात्र तुमने एक गलत काम किया था, इसलिए मुझे यह करना पड़ा। लेकिन अब भी चाहो, तो तुम्हें जीवन दे सकता हूँ।’ तब बाली कहता है : ‘मैं बेवकूफ नहीं, जो मरते समय आपके प्रत्यक्ष दर्शन के बिना मर जाऊँ। मेरा बड़ा भाग्य है कि मरते समय आपका दर्शन हो रहा है।’ फिर भगवान ने बाली को अपने धाम वैकुण्ठधाम में गति दी। यही भारत की शक्ति है। चीनी लेखक लिन यु टाँग ने लिखा है : इंडिया इज़ ए गॉड इंटाक्सिकेटेड लैंड- भारत को भगवान का नशा है। ऐसा भक्त भगवत चरण से एक क्षण के लिए भी अलग नहीं होता। भगवान का चरण कौन सा है? मूर्ति का चरण तो दीखेगा, पर भगवान का चरण कैसे दीखेगा? वेदों में भगवत चरण का वर्णन आया है : पादोऽस्य विश्वा भूतानि- यह सारी सृष्टि, जो सामने दीख रही है, भगवान का चरण है इसलिए भगवद्भक्त भगवान के चरणों की सेवा में लगे रहते हैं, जनता की सेवा करते हैं। जन-सेवा को भगवत-चरण-सेवा मानते हैं। यह दृष्टि आ जाए, तो एक क्षण भी विस्मृति न होगी। अकुंठस्मृतिः- शब्द बड़ा सुंदर है। कितना भी बड़ा आघात आ जाए, स्मरण कुंठित नहीं होता, टूटता नहीं- इसमें उतना आश्चर्य नहीं, जितना आश्चर्य इसमें है कि सुखों का आघात होने पर भी वह नहीं टूटता। प्रायः लोग सोचते हैं कि मनुष्य दुःखी है तो उसे उसमें से छुड़ाया जाय। किंतु उन्हें इसका ख़्याल नहीं कि दुःख की तरह सुख से भी मनुष्य को छुड़ाना चाहिए। जितना खतरा दुःख में है, सुख में उससे बहुत अधिक खतरा है। इसलिए सुखी मनुष्य को भी जागृत करना चाहिए कि ‘भाई, भगवत-स्मरण से अलग हो रहे हो, खतरा है। सावधान!’ ध्यान रखें कि सुख और दुःख दोनों में खतरा है। मान लीजिए, हम बैलगाड़ी में बैठकर जा रहे हैं। यदि बैलगाड़ी समतल रास्ते पर चल रही है तो गाड़ीवाला सो जाए, तो भी गाड़ी धीरे-धीरे चलती रहेगी। किंतु चढ़ाव आने पर मुश्किल हो जाएगा, बैल आगे नहीं बढ़ेंगे और जोर लगाकर गाड़ी को ढकेलना होगा। उसमें खतरा है। उतार आएगा तो उसमें भी खतरा है। बैल जोरों से दौड़ने लगेंगे, काबू में नहीं रहेंगे और गाड़ी गड्ढे में जा गिरेगी। दूसरे शब्दों में सुख है उतार, तो दुःख है चढ़ाव। सुख में सारी इंद्रियाँ लालायित रहती हैं और गिर जाती हैं। दुःख में मनुष्य आगे नहीं बढ़ता, उसकी हिम्मत पस्त हो जाती है। इसलिए चढ़ाव और उतार दोनों में खतरा है। समतल रास्ता ही सुरक्षित होता है। किंतु जो वैष्णव-शिरोमणि है, उनका चित भगवत-स्मरण से एक क्षण भी दूर नहीं होता। जहाँ चित्त में भगवत-स्मरण है, चित्त एकाग्र है, वहाँ काम, क्रोध, मत्सर, अहंकारादि टिक नहीं पाते। हमें बचपन में कहा गया गया था कि राम-नाम के सामने भूत टिक नहीं सकता। फिर होड़ लगती कि ‘कौन श्मशान में जाकर खूँटा गाड़ आता है?’ राम-नाम के सामने भूत कैसे टिकेंगे? यह श्रद्धा की बात है। इसके सामने कोई विकार टिक नहीं पाता। विकारों के पीछे पड़ने के बजाय, ‘यह हटाओ, वह हटाओ’ आदि निषेधक कार्यक्रम के बजाय विधायक कार्यक्रम अच्छा होगा कि ‘भगवत स्मरण करो।’ नहीं तो ‘छोड़ना है, छोड़ना है’ कहते-कहते जो छोड़ना हो, वही पक्का हो जाता है। इसलिए भगवत-स्मरण पकड़ लो तो विकार यों ही खतम हो जाएंगे।



भक्तियोग की धारा

 


वेद की और कम-से-कम पुराणों के कुछ अंश की भाषा स्पष्ट रूप से रूपकात्मक है, ये स्थूल दृश्यमान जगत् की चोट में रहने वाली वस्तुओं के वर्णन से और उनके दिग्दर्शन से भरे पड़े हैं, पर गीता में जो कुछ कहा गया है, साफ-साफ कहा गया है और मनुष्य के जीवन में जो बड़ी-बड़ी नैतिक और आध्यात्मिक कठिनाइयां उपस्थित होती हैं उन्हीं का हल करना इसका हेतु है, इसलिये इसकी स्पष्ट भाषा और सुस्पष्ट विचारों को एक ओर धरकर अपने मन के अनुसार तोड़-मरोड़कर उनका अर्थ लगाना ठीक नहीं। परंतु इस विचार में इतना सत्य तो है ही कि गीता की शिक्षा को जितने सुंदर ढंग से बैठाया गया है वह यदि प्रतीकात्मक भी न हो, तो भी उसको एक विशिष्ट प्रकार का नमूना अवश्य ही कहा जा सकता है, और वास्तव में गीता जैसे ग्रंथ की शिक्षा को इसी प्रकार बैठाना ही चाहिये, नहीं तो यह जो कुछ रचना कर रही है उसके साथ इसका कोई संबंध नहीं रह जायेगा। यहाँ एक अर्जुन एक महान् जगद्व्यापी संघर्ष में राष्ट्रों और मनुष्यों के भगवत्-परिचालित कर्म को करने वाला एक प्रतिनिधि-पुरुष है। गीता में यह कर्मनिष्ठ मानव-जीव का नमूना है जो अपने कर्म द्वारा कर्म के उस उत्कृष्ट और अति भीषण संकट के समय इस समस्या के सामने आ पड़ा है कि मनुष्य के जीवन में और आत्म स्थिति में, यहाँ तक कि पूर्णता संबंधी शुद्ध नैतिक आदर्श में भी आपाततः जो यह असंगति दिखायी देती है वह आखिर क्या है?


अर्जुन इस युद्ध में रथी है और भगवान् श्रीकृष्ण उसके सारथी। वेद में भी एक जगह यह वर्णन आता है कि मानव-आत्मा और देव रथ पर बैठे लड़ाई लड़ते हुए किसी महान् गंतव्य स्थान की ओर जा रहे हैं। पर वहाँ केवल आलंकारिक वर्णन है, रूपक है। देव यहाँ इन्द्र है, जो ज्योतिर्लोक और अमृत के स्वामी हैं, दिव्य ज्ञान की शक्ति हैं और वे असत्य, तमस्, परिमितता और मृत्यु की संतानों के साथ युद्ध करने वाले सत्यान्वेषी मनुष्यों की सहायता के लिये नीचे उतरते हैं; युद्ध आत्मा के शत्रुओं के साथ है जो हमारी सत्ता के उच्च्तर लोक का रास्ता रोके हुए हैं; और गंतव्य स्थान है वह वृहत् लोक के जो परम सत्य के आलोक से आलोकित है और जो सिद्ध आत्मा के चिन्मय अमृत्व का धाम है, जहाँ के स्वामी इन्द्र हैं। मानव-आत्मा कुत्स है, वह अपने कुत्स नाम के अनुरूप सतत साक्षी चैतन्य के ज्ञान का साधक है, वह अर्जुन या अर्जुन का पुत्र है, शुक्ल है, शुक्ल माता श्वित्रा का शशु है, अर्थात् ऐसा सात्त्विक, विशुद्ध और प्रकाशमय अंतःकरण वाला जीव है जो दिव्य ज्ञान की अटूट गरिमा-महिमा की ओर सदा उन्मुख है। और, जब रथ अपने गंतव्य स्थान अर्थात् इन्द्र के अपने लोक में पहुँचता है तब मानव कुत्स उन्न्त होते-होते अपने देव सखा के साथ इतना सादृश्य लाभ करता है कि कौन इन्द्र है और कौन कुत्स, इसकी पहचान इन्द्र की अर्द्धांगिनी शची के कारण ही हो पाती है, क्योंकि शची “ऋत-प्रज्ञा“ हैं।


यह रूपक स्‍पष्‍ट ही मनुष्‍य के आंतरिक जीवन का है ;ज्ञान का प्रकाश जैसै-जैसे बढ़ता वैसे-वैसे मनुष्य सनातन भगवान् का सादृश्य लाभ करता है, यही बात इस रूपक के द्वारा दिखायी गयी है। परंतु गीता का उपक्रम कर्म से होता है और अर्जुन कर्मी है, ज्ञानी नहीं, योद्धा है, ऋषि मुनि या तत्त्व-जिज्ञासु नहीं। गीता मे आरंभ से ही शिष्य की यह विशिष्ट भूमि स्पष्ट करके बतला दी गयी है और अथ से इति तक इसका पूर्ण निर्वाह हुआ है। सबसे पहले उसकी यह विशिष्ट मनोभूमि प्रकट होती है उसके अपने कार्य के संबंध में, अर्थात् जिस महान् संहार-कार्य का वह प्रधान यंत्र बनने जा रहा है उसके संबधं में जिस ढंग से उसे होश आया है उसमें, इस होश के आते ही जो विचार उसके जी में उठते हैं उनमें और जिस दृष्टिकोण और प्रेरक भाव के कारण उसमें उस महाभयानक विपत्ति के पीछे हटने की इच्छा होती है उसमें ये विचार, यह दृष्टिकोण और ये प्रेरक-भाव किसी दार्शनिक या किसी गंभीर विचारशील व्यक्ति के अथवा इस प्रसंग के या ऐसे ही किसी अन्य प्रसंग के सम्मुख खड़े हुए किसी आध्यात्मिक वृत्ति वाले पुरुष के नहीं हो सकते। इनको हम व्यावहारिक या फलवादी मनुष्य में दिमाग की उपज कह सकते हैं, ऐसे मनुष्य की जो भावुक, राग-द्वेषयुक्त, नैतिक और चतुर है, जिसे किसी गंभीर और मौलिक भाव का पकड़ने की गहराई की थाह लेने का अभ्यास नहीं, ऐसे मनुष्य की जो भावुक, राग-द्वेषयुक्त, नैतिक और चतुर है, जिसे किसी गंभीर और मौलिक भाव को पकड़ने अथवा किसी गहराई को थाह लेने का अभ्यास नहीं, उसे ऊंचे पर बंधे-बंधाये विचारों को सोचने और वैसे ही कर्म को करने का तथा संकटों और कठिनाइयों को विश्वासपूर्वक पार करने का अभ्यास है, किंतु अब वह देखता है कि उसके सारे-के-सारे पैमाने उसके काम नहीं आ रहे तथा उसको अपने ऊपर और अपने जीवन पर जो विश्वास था वह एक ही लहर में बहा आ रहा है।


अर्जुन जिस संकट में से गुजर रहा है वह इस तरह का है। गीता की भाषा में अर्जुन त्रिगुण के अधीन है और त्रिगुण के इसी क्षेत्र मे अब तक निश्चिंत होकर साधारण मनुष्यों की तरह चलता रहा है। उसका नाम अर्जुन इतने ही अर्थ में चरितार्थ होता है कि यहाँ तक शुद्ध और सात्त्विक है कि उसका जीवन ऊंचे और स्पष्ट सिद्धांतों और आवेगों सक परिचालित होता है और वह स्वभावतः अपनी निम्न प्रकृति को उस महत्तम धर्म के अधीन रखता है जिसे वह जानता है। वह उद्दंड आसुरी प्रवृत्ति वाला पुरुष नहीं है, अपने मनोविकारों का दास नहीं है, उसे शांति, संयम तथा कर्तव्य-निष्ठा की शिक्षा मिली है, वह देश-काल मान्य उत्कृष्ट मर्यादाओं का, जिनमें उसका जीवन बीता है, तथा जिस धर्म और सदाचार के अंदर पला है उनका पालन करने वाला है। पर अन्य मनुष्यों के समान उसमें भी अहंकार है, उसका अहंकार शुद्धतर और सात्त्विक अवश्य है जो मुख्यतः अपने ही स्वार्थों, वासनाओं और मनोविकारों के दासत्त्व में न धंसा रहकर, धर्म, समाज, और दूसरों के हित का भी विचार रखता है।


शास्त्रों के अनुसार ही वह रहा और चला है। उसके चित्त में जो सबसे प्रधान भाव या विचार है, भारतीय धारणा के अनुसार मानव -जाति का परिचालन करने वाला धार्मिक, सामाजिक और नैतिक नियम, विशेषकर स्वजाति-धर्म अर्थात् क्षात्र धर्म, क्योंकि वह क्षत्रिय है, धीर-वीर उदार राजपुत्र है, योद्धा है, आर्यों का नेता है, इसी क्षात्र-धर्म के अनुसार सदा पुण्य मार्ग चलता हुआ वह यहाँ तक आया है और अब यहाँ आकर अकस्मात् वह देखता है कि इसने उसको एक अति भीषण, अभूतपूर्व संहार-कर्म के सामने, उस कार्य के प्रमुख पात्ररूप में ला पटका है, ऐसे गृह युद्ध के सामने ला पटका है जिसमें सभी सुसंस्कृत आर्यराष्ट्र सम्मिलित हैं और जिसमें उनके समस्त मानव-मुकुटमणि नष्ट हो जायेंगे और भय है कि उनकी व्यवस्थित सभ्यता में विश्रृंखला आ जायेगी और वह विनाश को प्राप्त हो जायेगी। फलवादी मनुष्य की यह विशेषता वह अपने संवेदनों के द्वारा ही अपने कर्म के आशय के प्रति सचेत होता है। अर्जुन ने अपने सखा और सारथी से कहा, ’मेरा रथ दोनों सेनाओं के बीच ले चलिये’, किसी गंभीर भावना से नहीं बल्कि दर्प के साथ उन करोड़ों मनुष्यों का मुंह एक निगाह में देख लेने के लिये जो अधर्म का पक्ष लेकर आये थे और जिनका अर्जुन को इस रण रंग में सामना करना है, जिन्हें धर्म की विजय के लिये जीतना और मरना है।


परंतु, उस दृश्य को देखने के साथ ही उसकी आंखे खुलती हैं और जिस गृह-कलह और पारस्परिक युद्ध का अर्थ उसकी समझ में आता है- यह वह युद्ध है जिसमें एक ही जाति, एक ही राष्ट्र, एक ही वंश के नहीं, बल्कि एक ही कुल के और एक ही घर के लोग एक-दूसरे के शत्रु बन आमने-सामने खड़े हैं। जिन लोगों को यह सामाजिक मनुष्य परम प्रिय और पूज्य मानता है उन्हीं लोगों का उसे शत्रु के नाते सामना करना वध करना होगा, पूज्यपाद गुरु और आचार्य, पुराने-संगी साथी, मित्र, सहयोद्धा, दादा, चाचा, और वे लोग जो रिश्ते में पिता के समान, पुत्र के समान, पौत्र के समान हैं, वे लोग जिनके साथ रक्त का संबंध है या जो साले-संबंधी हैं-ये सब सामाजिक संबंध यहाँ तलवार के घाट उतारने हैं। यह नहीं कह सकते कि इन बातों को अर्जुन पहले न जानता था, पर उसको इनका जीवंत अनुभव नहीं हुआ था, क्योंकि उसको तो अपने दावों की, अपने ऊपर हुए अत्याचारों की याद थी। उसे धुन की सवार थी कि सिद्धांतों और न्याय के लिये लड़ना होगा, न्याय और धर्म की रक्षा करनी होगी तथा अधर्म और अत्याचार से युद्ध करके उनको मार भगाना होगा। इसलिये उसने इय युद्ध के पहलू के बारे में न तो कभी गहराई के साथ सोचा न अपने हृदय के अंदर और जीवन के मर्मस्थल में न अनुभव ही किया। भगवान् सारथी यह बात अब उसकी अंतदृष्टि के सामने लाते है, उसकी आंखों के आगे सनसनीखेज तरीके से उपस्थित करते हैं और इससे उसकी संवेदनात्मक, प्राणमय और भावमय सत्ता के मर्म-स्थानों में एक गहरा धक्का-सा लगता है।


इसका पहला परिणाम यह होता है कि उसकी इन्द्रियां और उसका शरीर भयानक संकट में पड़ जाते हैं, जिससे उपस्थित कर्म उसकी इन्द्रियां उसके भौतिक फल से और फिर जीवन से ही उसका चित्त उचाट हो जाता है। अहंभावयुक्त मानव जाति के प्राण जिस सुख और भोग के पीछे पड़े रहते हैं उनसे अर्जुन अपना मुंह फेर लेता है और क्षत्रियों के प्राणों में विजय, राज्य, अधिकार और मनुष्यों पर शासन करने की जो प्रधान लालसा रहती है, अर्जुन उसका भी त्याग कर देता है। यह धर्म युद्ध आखिर किस लिये, इस बात को यदि व्यावहारिक अर्थ में विचारा जाये, तो इसका सिवाय इसके और क्या हेतु है कि हमारी, हमारे भाईयों और हमारे दल वालों की बन आवे, हम लोग अधिकार रूढ़ हों, नाना प्रकार के भोग भोगें और संसार में राज करें? पर इन चीजों के लिये यदि इतनी बड़ी कीमत देनी पड़ती हो, तो ये व्यर्थ हैं। इन चीजों का स्वयं अपना मूल्य कुछ भी नहीं है, ये तो सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन को सुसंपन्न बनाये रखने के साधान मात्र हैं और ‘मैं अपने परिवार और जाति के लोगों का संहार करके उद्देश्यों को ही नष्ट करने जा रहा हूँ।’ माया-ममता पुकार उठती है, अरे, जिन्हें तुम शत्रु मानकर मारना चाहते हो वे तो अपने ही लोग हैं जिनके लिये जीवन की और सुख की कामना की जाती है। 


सारी पृथ्वी का, या तीनों लोकों का राज लेकर भी इन्हें भला कौन मारना चाहेगा? इन्हें मारकर फिर यह जीवन ही क्या रहेगा? इसमें क्या सुख और संतोष होगा! यह सब तो एक महापापमय कांड है! अब वह नैतिक बोध संवेदनों और माया-ममता के विद्रोह का समर्थन करने के लिये जाग उठता है, यह पाप है, आपस के लोगों के मार-काट में न कहीं अन्याय है, न धर्म, विशेषतः जबकि मारे जाने वाले स्वभावतः पूज्य और प्रेम-भाजन हैं, जिनके बिना भार न होगा, इन पवित्र भावनाओं की हत्या करना कभी पुण्य नहीं हो सकता, यहीं नहीं, यह पाप है, आपस के लोगों की मार-काट में न नहीं हो सकता, यहीं नहीं, यह पाप है, दारुण पाप है। माना कि अपराध उनका है, आक्रमण का आरंभ उनकी ओर से हुआ, पाप उनसे शुरू हुआ, लोभ और स्वार्थांधता के पातकी वे ही हैं जिनके कारण यह दशा उत्पन्न हुई; फिर भी जैसी परिस्थिति है उसमें अन्याय का जवाब हथियारों से देना खुद ही एक पाप होगा और यह पाप उनके पाप से भी बढ़कर होगा क्‍योंकि वे तो लोभ से अंधे हो रहे हैं और अपने पाप का उन्हें ज्ञान नहीं, पर हम लोग तो जानते हैं कि यह लड़ाई लड़ना पाप है। लड़ाई भी इसलिये? कुल-धर्म की रक्षा के लिये, जाति-धर्म की रक्षा के लिये, राष्ट्र धर्म की रक्षा के लिये? पर इन्हीं धर्मों का तो इस गृह-युद्ध से नाश होगा; कुल नष्टप्राय होगा, जाति का चरित्र कलुषित होगा और उसकी शुद्धता नष्ट होगी, सनातन जाति धर्म और कुल नष्ट होंगे।


इसलिये अर्जुन गांडीव धनुष और कभी ख़ाली न होने वाला तरकस, जिनको देवताओं ने उसको इस विषम घड़ी के लिये दिया था, नीचे रखकर पुकार उठता है, ’मेरा कल्याण तो इसी में अधिक है कि धृतराष्ट्र के पुत्र मुझ शस्त्रहीन और विरोध ना करने वाले को मार डालें! मैं तो युद्ध नहीं करूंगा।’ अतएव, अर्जुन के ऊपर जो यह आंतरिक संकट आया उसका हरण किसी रहस्वादी जिज्ञासु के अंदर उठने वाला कोई प्रश्न नहीं है, न यह इस कारण से ही पैदा? हुआ है कि अर्जुन के जीवन के दृश्यों से घबराकर अपनी दृष्टि को वस्तुओं के सत्य की, स्थिति के यथार्थ आशय की खोज में और इस जगत् की अंधेरी पहेली को सुलझाने या उससे बचने के लिये अंर्तमुखी करना चाहता हो, यह तो उस मनुष्य के इन्द्रिय, मन, प्राण, हृदय और धर्म-बुद्धि का विद्रोह है जो अब तक निश्चित भाव से कर्म और उसके प्रचालित मान दंड से संतुष्ट रहा है। पर इस मानदंड और कर्मों ने उसे एक ऐसे भीषण विप्लव में लाकर झोंक दिया है कि यहाँ वे कर्म और उनके वे मानदंड एक-दूसरे के और स्वयं अपने भी भयंकर विरोधी हो गये हैं आचार का कोई आधार नहीं रह गया जिस पर वह खड़ा हो सके, जिसके सहारे वह चल सके, अर्थात् कोई धर्म नहीं रह गया। मनोमय कर्मी पुरुष के ऊपर आने वाली सबसे बड़ी आपत्ति यही है, यही उसकी सबसे बड़ी च्युति और अवनति है। इस विद्रोह का स्वरूप सहज और स्वाभाविक है; इन्द्रियों और मन का विद्रोह यों कि ये भय, अनुकंपा और जुगुप्सा से विवश हो गये हैं विवश हो गये हैं, प्राणों का विद्रोह यों कि कर्म के इष्ट और सुपरिचित उद्देश्यों में और जीवन कि ध्येय में कोई आकर्षण, कोई श्रद्धा नहीं रह गयी, हृदय का विद्रोह यों कि समाज के अंग भूत मनुष्य मात्र में हृदय में स्नेह, श्रद्धा, सबके लिये समान सुख और संतोष की इच्छा आदि जो भाव होते हैं, वे ही उस कठोर कर्तव्य के विरुद्ध खड़े हो गये, क्योंकि उस कर्तव्य से ये भाव कुचले जाने लगे; धर्म-बुद्धि का विद्रोह यों कि पाप और नरक की मौलिक भावनाएं उठ खड़ी हुईं और रूधिर-प्रदिग्ध भोग कहकर युद्ध से हटने का तकाजा करने लगीं; प्रकृति व्यवहार की दृष्टि से विद्रोह यों कि धर्माधर्म-विचार के इस मान दंड को मानने का फल यह दीख पड़ा है कि धर्म-कर्म का जो प्राकृत उद्देश्य है, वही इससे नष्ट हुआ जाता है। पर सबका परिणाम यह रहा कि अर्जुन के सर्वांतःकरण का दिवाला निकल गया और कार्पण्यदोषोपहत-स्वभाव कहकर अर्जुन अपनी इसी अवस्था को प्रकट करता है, न केवल उसका विचार, बल्कि उसका हृदय, उसकी प्राणगत वासनाएं, उसकी संर्पूण चेतना ही उपहत हो गयी और धर्मसंमूढचेताः हो गया- धर्म का उसे कहीं पता नहीं चला, क्या करें और क्या न करें इसको स्थिर करने का कोई पैमाना नहीं मिला। बस, इसीलिये वह शिष्य होकर श्रीकृष्ण की शरण में आता है और वह यथार्थ प्रार्थना करता है कि मुझे वह वस्तु दीजिये जिसको मैंने खो दिया है, एक सच्चा धर्म दीजिये, धर्म का एक स्पष्ट विधान बता दीजिये, एक मार्ग दिखा दीजिये जिसके सहारे मैं फिर दुबारा निश्चय के साथ चल सकूं। 


वह इस जीवन या संसार के रहस्य और इस सबके उद्देश्य और हेतु को नहीं जानना चाहता, जानना चाहता है केवल धर्म। तथापि भगवान् उसे वही रहस्य बतलाना चाहते हैं जिसे जानने की अर्जुन ने कोई इच्छा नहीं की, कम-से-कम उसका उतना ज्ञान तो देना ही चाहते हैं जो उसे किसी उच्चतर जीवन की ओर ले जाने के लिये आवश्यक है; क्योंकि भगवान् चाहते हैं कि अर्जुन सब धर्मों का त्याग कर दे तथा उसका एक ही बृहत् और विशाल हो और वह हो भगवान् में सचेतन होकर निवास करना तथा उसी चेतना से युक्त होकर कर्म करना। इसलिये आचार के सामान्य मानकों के प्रति अर्जुन के अंतःकरण के विद्रोह की भली-भाँति जांच करके भगवान् उसे वह बतलाना आरंभ करते हैं, जिनका संबंध आत्मिक अवस्था से है, कर्म के किसी बाह्य विधान से बिल्कुल नहीं। अर्जुन को उपदेश दिया जाता है कि तुम आत्मा की समता निवास करो, कर्म के फलों की इच्छा त्याग दो, योगस्थ होकर अर्थात् भगवान् में ही सर्वथा स्थित होकर रहो और कर्म करो। अर्जुन को संतोष नहीं होता, वह जानना चाहता है कि यह स्थिति प्राप्त होने से मनुष्य के बाह्य कर्म पर क्या असर होगा, उसके भाषण पर, उसकी गति विधि पर, उसकी अवस्था पर इसका क्या परिणाम होगा, इसके कारण इस कर्मनिष्ठ सजीव मानव प्राणी में क्या अंतर होगा?


श्रीकृष्ण फिर भी, उन्हीं ज्ञान की बातों को विशद करते हैं जिन्हें वे यहाँ तक बता चुके हैं, कर्म के पीछे रहने वाली आत्मा की अपनी स्थिति का ही निर्देश करते हैं, स्वयं कर्म की कोई बात नहीं कहते। वह बतलाते हैं कि अपनी बुद्धि को कामना-वासना रहित समता की अवस्था में स्थिर रूप से रखो, बस इसी की जरूरत है। अर्जुन अधीर हो उठता है, क्योंकि जो आचार वह जानता था उसका कोई पता नहीं चलता, बल्कि यहाँ तो उसे संपूर्ण कर्म का अभाव ही दीख पड़ता है। अर्जुन बड़ी व्यग्रता से पूछता है, “यदि बुद्धि को आप कर्म से श्रेष्ठ बतलाते हैं, तो मुझे इस घोर कर्म में क्यों लगाते हैं? आपकी दुतरफा मिली हुई बात से मेरी बुद्धि घबरा जाती है, एक बात निश्चित रूप से बताइये, जिससे मैं श्रेय की प्राप्ति कर सकूं।“ फलवादी मनुष्य के लिये आध्यात्मिक विचार तथा आंतरिक जीवन का कोई मूल्य नहीं होता यदि धर्म की प्राप्ति न होती हो जिसे वह खोजता है। उसकी खोज यही होती है कि वह सांसारिक जीवन को सुव्यवस्थित करने के लिये कोई विधान पा जाये, भले ही जरूरत होने पर यह विधान उसे संसार को छोड़ देने के लिये क्यों न कहे, कारण यह भी है कि एक निश्चयात्मक बात भी होगी जिसको वह समझ सकेगा। परंतु संसार में रहकर कर्म करना और फिर उससे परे रहना, यह एक ऐसी “व्यामिश्र“ ( मिली हुई ) और चक्कर में डालने वाली बात है जिसे ग्रहण करने के लिये उसमें धैर्य नहीं। अर्जुन के शेष सभी प्रश्न और कथन इसी स्वभाव और चारित्र्य से उत्पन्न हुए हैं।


जब उससे कहा जाता है कि आत्म स्थिति प्राप्त होने पर यह जरूरी नहीं है कि कर्म का बाह्म रूप भी बदल जाये, कर्म सदा स्वभाव के अनुसार ही करना होगा, चाहे वह कर्म दूसरे की तुलना में सदोष और त्रुटि पूर्ण क्यों न प्रतीत हो, तब इस बात से उसका चित्त घबरा उठता है। स्वभाव के अनुसार कर्म करना होगा ! किंतु, अर्जुन का जो मुख्य विषय है अर्थात् इस कर्म को करने से पाप की ही जो आशंका होती है उसका क्या हुआ? क्या यह स्वभाव के कारण ही नहीं है कि मनुष्य मानो विवश होकर, अपनी मर्जी के ख़िलाफ़ भी पाप और अपराध करते हैं? इसी प्रकार जब श्रीकृष्ण आगे चलकर कहते हैं कि मैंने ही पुराकाल में यह योग विवस्वान् को बतलाया था, जो काल पाकर नष्ट हुआ और वही आज मैं तुम्हें फिर बता रहा हूं, तब भी अर्जुन की व्यावहारिक बुद्धि चकरा गयी और उसने जब खुलासा पूछा तो श्रीकृष्ण ने अवतार-तत्त्व और उसके सांसारिक प्रयोजन के संबंध में वे प्रसिद्ध वचन कहे, जिनका जहाँ-तहाँ पुनः-पुनः स्मरण किया जाता है। अर्जुन फिर श्रीकृष्ण के शब्दों से घबराकर जाता है जब श्रीकृष्ण कर्म और कर्म-संन्यास दोनों का समन्वय करते हैं और वह फिर वही बात कहता है कि एक ही बात निश्चित रूप से बताइये, यह “व्यामिश्र“ वाक्य नहीं।


अर्जुन से जिस योग को अपनाने को कहा जा रहा है उसका स्वरूप जब वह पूरे तौर पर समझ लेता है तो उसका फलवादी स्वभाव जो मन के संकल्प, पसंद और इच्छा से ही कर्म में प्रवृत्त होना जानता है, इस योग को बहुत कठिन जानकर शंकित हो उठता है। अर्जुन पूछता है कि उस पुरुष की क्या गति होती है जो इस योग की साधना करता तो है पर योग सिद्धि को नहीं प्राप्त होता, क्या वह मानव कर्म, विचार और भाव वाले इस जीवन को जिसे योग के लिये वह आगे बढ़ा था, दोनों को ही तो नहीं खो बैठता और इस प्रकार दोनों और से भ्रष्ट होकर छिन्न-भिन्न बादल की तरह नष्ट तो नहीं हो जाता? जब उसकी शंकाओं का समाधान हो गया और सब उलझनें सुलझ गयीं और उसने जाना कि भगवान् को ही उसे अपना धर्म-कर्म मानना होगा, तब भी वह बार-बार उसी सुस्पष्ट और सुनिश्चित ज्ञान के लिये आग्रह करता है, जो उसे इस मूल तक, इस भावी कर्म विधान तक हाथ पकड़कर पहुँचा दे। सत्ता जिन विधि अवस्थाओं में हम सामान्यतया रहते हैं, उनमें भगवान् को कैसे परखें? संसार में उनकी आत्म शक्ति की वे कौन-सी प्रधान अभिव्यक्तियां हैं जिनको वह ध्यान द्वारा पहचान सकता है और अनुभव कर सकता है? क्या अर्जुन इस क्षण में भी उनके भागवत विश्वरूप को नहीं देख सकता जो मानव मन, बुद्धि और शरीर की आड़ में रहकर उससे वास्तव में बात कर रहा है?


अर्जुन के अंतिम प्रश्न, कर्म-संन्यास और सूक्ष्मतर संन्यास ( जिसे करने को अर्जुन से कहा जा रहा है ) के बीच भेद को तथा पुरुष और प्रकृति, क्षेत्र और क्षेत्रज के बीच वास्तविक भेद को स्पष्टता से जानने के लिये हैं जो कि भागवत संकल्प से प्रेरित होकर निष्काम कर्म करने के अभ्यास के लिये अत्यंत आवश्यक है; और फिर अंत में अर्जुन प्रकृति के तीन गुणों के कर्म और उनके परिणाम सुस्पष्ट रूप से समझ लेना चाहता है, क्योंकि इन तीन गुणों को पार करने के लिये उससे कहा गया है। गीता में भगवान् गुरु अपने शिष्य को अपनी भागवत शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। अहंभाव के साथ कर्म करते-करते शिष्य अपने आंतर विकास की उस अवस्था को प्राप्त हुआ है जिसमें उसके अहंता-ममतायुक्त जीवन और सामाजिक आचार-विचार का कोई मानसिक, नैतिक और भाविक मूल्य नहीं रह गया है, हठात् उनका दीवाला निकल गया है, ठीक इसी संधिक्षण में गुरु अपने शिष्य को पकड़ते और वे उसे इस निम्न जीवन से उठाकर पर चैतन्य में ले जाना चाहते हैं, कर्म की इस अज्ञानमयी आसक्ति से छुड़ाकर उस सत्ता को प्राप्त करना चाहते हैं, जो कर्म के परे हैं, पर है कर्म का उत्पादन और व्यवस्थापन करने वाली।


वे उसे अहंकार से निकालकर आत्मा में ले जाना चाहते हैं, मन-बुद्धि, प्राण और शरीर के जीवन से निकलकर मन-बुद्धि के परे की उस प्रकृति में ले जाना चाहते हैं जो भागवत स्थिति है। इसके साथ ही भगवान् को उसे वह चीज भी देनी है जो वह मांग रहा है और जिसे मांगने और ढूंढने की प्रेरणा उसे अपनी अंतःस्थित सत्ता के निर्देश द्वारा मिल रही है, अर्थात् इस जीवन और कर्म के लिये एक नवीन धर्म देना है जो इस अपर्याप्त सामान्य मनुष्य-जीवन के परस्पर-विग्रह, विरोध, उलझन और भ्रामक निश्चयों से परिपूर्ण विधान से बहुत ऊपर की चीज है, वह परम धर्म जिससे जीव कर्म-बंध से मुक्त होता है और फिर भी अपने भागवत स्वरूप की विशाल मुक्त स्थिति में कर्म करने और विजय संपादन करने की शक्ति से युक्‍त होता है। क्‍योंकि कर्म तो करना ही होगा, जगत् का अपने काल चक्र पूरे करने ही होंगे और मनुष्य की आत्मा को उस नियत कर्म की ओर से अज्ञानवश अपनी पीठ नहीं मोड़नी चाहिये जिसके लिये वह वहाँ आयी है। गीता की शिक्षा का संपूर्ण क्रम, उसकी व्यापक-से-व्यापक परिक्रमा में भी, इन्हीं तीन उद्देश्यों की पूर्ति के निमित्त है और उधर ही ले जाने वाला है।




भक्तियोग

  


पुरुषोत्तम के दर्शन अनन्‍य भक्ति से ही होते हैं, भगवान के इस वचन के बाद तो भक्ति का स्‍वरूप ही सामने आना चाहिए। गीता का यह बारहवां अध्‍याय सबको कंठ कर लेना चाहिए। यह छोटे-से-छोटे अध्‍यायों में एक है। इस में दिए हुए भक्त के लक्षण नित्‍य मनन करने योग्‍य हैं।   

अर्जुन उवाच एवं सततयुक्‍ता ये भक्‍तास्‍त्‍वां पर्युपासते। 

ये चाप्‍यक्षरमव्‍यक्‍तं तेषां के योगवित्तमा:।।1।। 

अर्जुन बोले- इस प्रकार जो भक्त आपका निरंतर ध्‍यान धरते हुए आपकी उपासना करते हैं और जो आपके अविनाशी अव्‍यक्‍त स्‍वरूप का ध्‍यान धरते हैं, उनमें से कौन योगी श्रेष्‍ठ माना जायगा ? 

श्रीभगवानुवाच मय्यावेश्य मनो ये मां नित्‍ययुक्‍ता उपासते। 

श्रद्धया परयोपेतास्‍ते में युक्‍ततमा मता:।।2।। 

श्रीभगवान बोले- नित्‍य ध्‍यान करते हुए, मुझमें मन लगाकर जो श्रद्धापूर्वक मेरी उपासना करता है उसे मैं श्रेष्‍ठ योगी मानता हूँ।    

ये त्‍वक्षरमनिर्देश्‍यमव्‍यक्‍तं पर्युपासते। 

सर्वत्रगमचिन्‍त्‍यं च कूटस्‍थमचलं ध्रुवम्।।3।। 

संनियम्‍येन्द्रियग्रामं सर्वत्र समबुद्धय:। 

ते प्राप्‍नुवन्ति मामेव सर्वभूतहिते रता:।।4।। 

सब इंद्रियों को वश में रखकर, सर्वत्र समत्‍व का पालन करके जो दृढ़ अचल, धीर, अचिंत्‍य, सर्वव्‍यापी, अव्‍यक्‍त, अवर्णनीय, अविनाशी स्‍वरूप की उपासना करते हैं, वे सारे प्राणियों के हित में लगे हुए मुझे ही पाते हैं।


कलेशोऽधिकतरस्‍तेषामव्‍यक्‍तासक्‍तचेतसाम्।

अव्‍यक्‍त हि गति र्दु:खं देहवद्भिरवाप्‍यते।।5।।


जिनका चित्त अव्‍यक्‍त में लगा हुआ है उन्‍हें कष्‍ट अधिक है। अव्‍यक्‍त गति को देहधारी कष्‍ट से ही पा सकता है।


टिप्‍पणी- देहधारी मनुष्‍य अमूर्त स्‍वरूप की केवल कल्‍पना ही कर सकता है, पर उसके पास अमूर्त स्‍वरूप के लिए एक भी निश्‍चयात्‍मक शब्‍द नहीं है, इ‍सलिए उसे निषेधात्‍मक ʻनेतिवाचक ' शब्‍द से संतोष करना ठहरा। इस दृष्टि से मूर्ति-पूजा का निषेध करने वाले भी सूक्ष्‍म रीति से विचारा जाय तो मूर्ति-पूजक ही होते हैं। पुस्‍तक की पूजा करना, ये सभी साकार पूजा के लक्षण हैं। तथापि साकार के उस पार निराकार अचिंत्‍य स्‍वरूप है, इतना तो सबके समझ लेने में ही निस्‍तार है। भक्ति की पराकाष्‍ठा यह है कि भक्त भगवान में विलीन हो जाय और अंत में केवल एक अद्वितीय अरूपी भगवान ही रह जाय। पर इस स्थिति को साकार द्वारा सुलभता से पहुँचा जा सकता है, इसलिए निराकार को सीधे पहुँचने का मार्ग कष्‍टसाध्‍य बतलाया है।


ये तु सर्वाणि कर्माणि मयि संन्यस्‍य मत्‍परा:।

अनन्‍येनैव योगेन मां ध्‍यायन्‍त उपासते।।6।।

तेषामहं समुद्धर्ता मृत्‍युसंसारसागरात्।

भवामि नचिरात्‍पार्थ मय्यावेशितचेतसाम्।।7।।


परंतु हे पार्थ! जो मुझमें परायण रहकर, सब कर्म मुझे समर्पण करके, एक निष्‍ठा से मेरा ध्‍यान धरते हुए मेरी उपासना करते हैं और मुझमें जिनका चित्त पिराया हुआ है उन्‍हें मृत्‍युरूपी संसार-सागर से मैं झटपट पार कर लेता हूं  


मय्येव मन आधत्‍स्‍व मयि बुद्धिं निवेशय।

निवसिष्‍यसि मय्येव अत ऊर्ध्‍व न संशय:।।8।।


अपना मन मुझमें लगा, अपनी बुद्धि मुझमें रख, इससे इस जन्‍म के बाद नि:संशय मुझे ही पावेगा।


अथ चित्तं समाधातुं न शक्‍नोशि मयि स्थिरम्।

अभ्‍यासयोगेन ततो मामिच्‍छाप्‍तुं धनंजय।।9।।


जो तू मुझमें अपना मन स्थिर करने में असमर्थ हो तो, हे धनंजय! अभ्‍यास-योग द्वारा मुझे पाने की इच्‍छा रखना।  


अभ्‍यासेऽप्‍यसमर्थोऽसि मत्‍कर्मपरमो भव।

मदर्थमपि कर्माणि कुर्वन्सिद्धिमवास्‍यसि।।10।।


ऐसा अभ्‍यास रखने में भी तू असमर्थ हो तो कर्म मात्र मुझे अर्पण कर और इस प्रकार मेरे निमित्त कर्म करते-करते भी तू मोक्ष पावेगा।  


अथैतदप्‍यशक्‍तोऽसि कर्तं मद्योगमाश्रित:।

सर्वकर्मफलत्‍यागं तत: कुरु यतात्‍मवान्।।11।।


और जो मेरे निमित्त कर्म करने भर की तेरी शक्ति न हो यो यत्‍नपूर्वक सब कर्मों के फल का त्‍याग कर।


श्रेयो हि ज्ञानमभ्‍यासा-

ज्‍ज्ञानाद्ध्‍यानं विशिष्‍यते

ध्यानात्कर्मफलत्याग-

स्‍त्‍यागाच्‍छान्तिरनन्‍तरम्।।12।।


अभ्‍यास-मार्ग से ज्ञान मार्ग श्रेयस्‍कर है। ज्ञान-मार्ग से ध्‍यान-मार्ग विशेष है और ध्‍यान-मार्ग से कर्म फल त्‍याग श्रेष्‍ठ है, क्‍योंकि इस त्‍याग के अंत में तुरंत शांति ही होती है।


टिप्‍पणी- अभ्‍यास अर्थात चित्त-वृत्ति-निरोध की साधना, ज्ञान अर्थात श्रवण-मननादि, ध्‍यान अर्थात उपासना। इनके फलस्‍वरूप यदि कर्म-फल-त्‍याग न दिखाई दे तो वह अभ्‍यास अभ्‍यास नहीं है, ज्ञान ज्ञान नहीं है और ध्‍यान ध्‍यान नहीं है।


अद्वेष्‍टा सर्वभूतानां मैत्र: करुण एव च। 

निर्ममो निरहंकार: समदु:ससुख: क्षमी।।13।। 

संतुष्‍ट: सततं योगी यतात्‍मा दृढ़निश्‍चय:। 

मय्यर्पितमनोबुद्धिर्यो मद्भक्‍त: स में प्रिय:।।14।। 

जो प्राणी मात्र के प्रति द्वेष रहित, सबका मित्र दयावान, ममता रहित, अहंकार रहित, सुख-दु:ख में समान, क्षमावान, सदा संतोषी, योगयुक्‍त, इंद्रिय निग्रही और दृढ़निश्‍चयी है और मुझमें जिसने अपनी बुद्धि और मन अर्पण कर दिया है, ऐसा मेरा भक्त मुझे प्रिय है।   

यस्‍मान्‍नोद्विजते लोको लोकान्‍नोद्विजते च य:। 

हर्षामर्षभयोद्वेगैर्मुक्‍तो य: स च में प्रिय:।।15।। 

जिससे लोग उद्वेग नहीं पाते, जो लोगों से उद्वेग नहीं पाता, जो हर्ष, क्रोध, ईर्ष्‍या, भय, उद्वेग से मुक्‍त है, वह मुझे प्रिय है।   

अनपेक्ष: शुचिर्दक्ष उदासीनो गतव्‍यथ:। 

सर्वारम्‍भपरित्‍यागी यो मद्भक्‍त: स मे प्रिय:।।16।। 

जो इच्‍छा रहित है, पवित्र है, दक्ष है, तटस्‍थ चिंता-रहित है, संकल्‍प मात्र का जिसने त्‍याग किया है वह मेरा भक्‍त है, वह मुझे प्रिय है।


यो न हृष्‍यति न द्वेष्टि न शोचति न काङ्‌क्षति।

शुभाशुभपरित्‍यागी भक्तिमान्‍य: स मे प्रिय:।।17।।


जिसे हर्ष नहीं होता, जो द्वेष नहीं करता, जो चिंता नहीं करता, जो आशाएं नहीं बांधता, जो शुभाशुभ का त्‍याग करने वाला है, वह भक्तिपरायण मुझे प्रिय है।


सम: शत्रौ च मित्रे च तथा मानापमानयो:।

शीतोष्‍णसुखदु:खेषु सम: सगंविवर्जित:।।18।।

तुल्‍यनिन्‍दास्‍तुतिमौंनी संतुष्‍टो येन केनचित्।

अनिकेत: स्थिरमतिर्भक्तिमान्‍मे प्रियो नर:।।19।।


शत्रु-मित्र,मान-अपमान, शीत-उष्‍ण, सुख-दु:ख - इन सब में जो समतावान है, जिसने आसक्ति छोड़ दी है, जो निंदा और स्‍तुति में समान भाव से बर्तता है और मौन धारण करता है, चाहे जो मिले उससे जिसे संतोष है, जिसका कोई अपना निजी स्‍थान नहीं है, जो स्थिर चित्त वाला है, ऐसा मुनि भक्त मुझे प्रिय है।  


ये तु धर्म्‍यामृतमिदं यथोक्‍तं पर्युपासते।

श्रद्दधाना मत्‍परमा भक्‍तास्‍तेऽतीव मे प्रिया:।।20।।


यह पवित्र अमृत रूप ज्ञान जो मुझमें परायण रहकर श्रद्धा-पूर्वक सेवन करते हैं वे मेरे अतिशय प्रिय भक्त हैं। 


यह भक्तियोग है। विवाह के अवसर पर दंपती को पांच यज्ञों में इसे भी एक यज्ञ रूप से कंठ करके मनन करने को हम कहते हैं। भक्ति के बिना तथा कर्म शुष्‍क हैं और उनके बंधन रूप हो जाने की संभावना है। इसलिए भक्ति-भाव से गीता का यह मनन आरंभ करना चाहिए। अर्जुन ने भगवान से पूछा - साकार और निराकार को पूजने वाले भक्‍तों में अधिक श्रेष्‍ठ कौन है? भगवान ने उत्तर दिया - जो मेरे साकार रूप का श्रद्धा- पूर्वक मनन करते हैं, उसमें लीन होते हैं, वे श्रद्धालु मेरे भक्‍त हैं, पर जो निराकार तत्‍व का भजते हैं और उसे भजने के लिए समस्‍त इंद्रियों का संयम करते हैं, सब जीवों के प्रति समभाव रखते हैं, उनकी सेवा करते है, किसी को ऊँच-नीच नहीं गिनते, वे भी मुझे पाते हैं। इसलिए यह नहीं कह सकते कि दोनों में अमुक श्रेष्‍ठ है, पर निराकर की भक्ति शरीरधारी द्वारा संपूर्ण रूप से होना अशक्‍त माना जाता है, निराकार निर्गुण है, अत: मनुष्‍य की कल्‍पना से परे है। इसलिए सब देहधारी जाने-अनजाने साकार के ही भक्‍त हैं। सो तू तो मेरे साकार विश्‍व रूप में ही अपना मन पिरो। सब उसे सौंप दें। पर यह न कर सकता हो तो चित्त के विकारों को रोकने का अभ्‍यास कर, यानी यम- नियम आदि का पालन करके, प्राणायाम, आसन आदि की मदद लेकर, मन को वश में कर। ऐसा भी न कर सकता हो तो जो कुछ करता है, सो मेरे लिए करता है, इस धारणा से अपने सब काम कर तो मेरा मोह, तेरी ममता क्षीण होती जायगी और त्‍यों त्‍यों तू निर्मल शुद्ध होता जायगा और तुझमें भक्तिरस आ जायगा। यह भी न हो सकता हो तो कर्ममात्र के फल का त्‍याग करके यानि कल की इच्‍छा छोड़ दे। तेरे हिस्‍से में जो काम आ पड़े, उसे करता रह। फल का मालिक मनुष्‍य हो ही नहीं सकता। बहुतेरे अंगों के एकत्र होने पर तब फल उपजता है, अत: तू केवल निमित्त मात्र हो जाना। जो चार रीतियां मैंने बताई हैं, उनमें किसी को कमोवेश मत मानना। इनमें जो तुझे अनुकूल हो, उससे तू भक्ति का रस ले ले। ऐसा लगता है कि ऊपर जो यम-नियम, प्राणायाम, आसान आदि का मार्ग बता आये है, उनकी अपेक्षा श्रवण-मनन आदि ज्ञानमार्ग सरल हैं।


उसकी अपेक्षा उपासना रूप ध्‍यान सरल है और ध्‍यान की अपेक्षा कर्मफल-त्‍याग सरल है। सबके लिए एक ही वस्‍तु समान भाव से सरल नहीं होती और किसी-किसी को सभी मार्ग लेने पड़ते हैं। वे एक-दूसरे के साथ मिल-जुले तो हैं ही। चाहे जिस मार्ग से हो, तुझे तो भक्त होना है। जिस मार्ग से भक्ति सधे, उस मार्ग से उसे साघ।


मैं तुझे भक्‍त के लक्षण बतलाता हूँ - भक्‍त किसी का द्वेष न करे, किसी के प्रति बैर-भाव न रखे, जीवमात्र से मैत्री रखे, जीवमात्र के प्रति करुणा का अभ्‍यास करे, ऐसा करने के लिए ममता छोड़े, अपनापन मिटाकर शून्‍यवत हो जाये, दु:ख-सुख को समान माने। कोई दोष करे तो उसे क्षमा करे संतोषी रहे, अपने शुभ निश्‍चयों से कभी विचलित न हो। मन-बुद्धि सहित सर्वस्‍व मेरे अर्पण करे। उससे लोगों को उद्वेग नहीं होना चाहिए, न लोग उससे डरें, वह स्‍वयं लोगों से दु:ख न माने, न डरे। मेरा भक्‍त हर्ष, शोक, भय आदि से मुक्‍त होता है। उसे किसी प्रकार की इच्‍छा नहीं होती, वह पवित्र होता है, कुशल होता है, वह बड़े-बड़े आरम्‍भों को त्‍यागे हुए होता है, निश्‍चय में दृढ़ होते हुए भी शुभ और अशुभ परिणाम, दोनों का वह त्‍याग करता है, अर्थात उसके बारे में निश्चित रहता है। उसके लिए शत्रु कौन और मित्र कौन? उसे मान क्‍या, अपमान क्‍या? वह तो मौन धारण करके जो मिल जाय, उससे संतोष रखकर एकाकी की भाँति बिचरता हुआ सब स्थितियों में स्थिर होकर रहता है। इस भाँति श्रद्धालु होकर चलने वाला मेरा भक्त है।


टिप्‍पणी - 

प्रश्‍न - ʻभक्‍त आरंभ न करेʼ का क्‍या मतलब है? कोई दृष्‍टांत देकर समझाइयेगा?

उत्तर - ʻभक्‍त आरंभ न करेʼ इसका मतलब यह है कि किसी भी व्‍यवसाय के मनसूबे न गांठे। जैसे एक व्‍यापारी आज कपड़े का व्‍यापार करता है तो कल उसमें लकड़ी का और शामिल करने का उद्यम करने लगा, अथवा कपड़े की एक दुकान है तो कल पांच और दूकानें खोल बैठा, इसका नाम आरम्भ है। भक्‍त उसमें न पड़े। यह नियम सेवाकार्य के बारे में भी लागू होता है। आज खादी की मार्फत सेवा करता है तो कल गाय की मार्फत, परसों खेती की मार्फत और चौथे दिन डाक्‍टरी की मार्फत। इस प्रकार सेवक भी फुदकता न फिरे। उसके हिस्‍से में जो आ जाय, उसे पूरी तरह करके मुक्‍त हो। जहाँ ʻमैंʼ वहाँ ʻमुझेʼ क्‍या करने को रह जाता है?


ʻʻसूतरने तांतणे मने हरजीए बांधी,

जेम ताणे तेम तेमनी रे

मने लागी कटारी प्रेमनी रे।ʼʼ


भक्‍त के सब आरंभ भगवान रचता है। उसे सब कर्म- प्रवाह प्राप्‍त होते हैं, इससे वह ʻसंतुष्‍टो येन केनचित्ʼ रहे। सर्वारंभ त्‍याग का भी यही अर्थ है। सर्वारंभ अर्थात् सारी प्रवृत्ति या काम नहीं, बल्कि उन्‍हें करने के विचार, मनसूबे गांठना। उसका त्‍याग करने के मानी उनका आरंभ न करना, मनसूबे गांठने की आदत हो तो उसे छोड़ देना। ʻइदमद्य मया लब्‍धमिमं प्राप्‍स्‍ये मनोरथम्ʼ यह आरंभ त्‍याग का उलटा है। मेरे खयाल में तुम जो जानना चाहते हो, सब इसमें आ जाता है। कुछ बाकी रह गया हो तो पूछना।




लोकप्रिय विषय

आज का विषय